Sonbhadra News: चूहे मारने की दवा खाने से 16 वर्षीय छात्रा की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Sonbhadra News: सोनभद्र के म्योरपुर थाना क्षेत्र के लिलासी गांव में 16 वर्षीय छात्रा माया गुप्ता की चूहे मारने की दवा खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 2 Jun 2026 8:29 PM IST
Sonbhadra News: चूहे मारने की दवा खाने से 16 वर्षीय छात्रा की मौत, परिवार में मचा कोहराम
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जनपद के म्योरपुर थाना क्षेत्र के लिलासी गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। चूहे मारने की दवा का सेवन करने वाली 16 वर्षीय किशोरी की उपचार के दौरान मौत हो गई। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार लिलासी गांव निवासी माया गुप्ता (16) पुत्री आलमचंद ने सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में चूहे मारने वाली विषैली दवा खा ली थी। दवा का असर होते ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन घबराकर उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।उपचार के दौरान किशोरी की हालत लगातार गंभीर बनी रही। सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. पल्लवी सिन्हा ने सोमवार शाम उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया था। हालांकि परिजन उसे अन्य अस्पताल नहीं ले गए और उसका इलाज म्योरपुर में ही जारी रहा।

मंगलवार सुबह कुछ समय के लिए उसकी स्थिति में सुधार दिखाई दिया, जिससे परिजनों को राहत की उम्मीद जगी। चिकित्सकों ने परिजनों को सख्त हिदायत दी थी कि मरीज को फिलहाल कुछ भी खाने-पीने के लिए न दिया जाए। बताया जा रहा है कि परिजनों द्वारा पानी पिला दिए जाने के बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। कुछ ही देर में उसकी सांसें उखड़ने लगीं और चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद वह जिंदगी की जंग हार गई।

घटना की सूचना मिलते ही लिलासी चौकी प्रभारी मनोज सिंह अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।चौकी प्रभारी ने बताया कि किशोरी द्वारा विषाक्त पदार्थ का सेवन किए जाने की जानकारी सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी और उसी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।मृतका माया गुप्ता लिलासी स्थित राजा चंडोल इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में चीख-पुकार और मातम का माहौल है, वहीं गांव के लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं। एक होनहार छात्रा की अचानक हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story