TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: सेवा संकल्प अभियान में प्रतिभाओं का सम्मान, प्रभारी मंत्री ने दिया जनकल्य
Sonbhadra: सेवा संकल्प अभियान में प्रतिभाओं का सम्मान, सेवा-समर्पण की गूंज से सजा सोनभद्र; उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित कर प्रभारी मंत्री ने दिया जनकल्याण का संदेश
Sonbhadra News
Sonbhadra News: सेवा और समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को होटल डीआर ड्रीम में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट कार्य से पहचान बनाने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर प्रतिभाओं के चेहरे खिल उठे। समारोह में मौजूद लोगों ने सेवा, समर्पण और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा और समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ मौजूद रहे। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता ने की। अतिथियों ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
सेवा और समर्पण की भावना को आगे बढ़ाने पर जोर
प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया जा रहा है। इससे प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ने के साथ ही दूसरे लोगों को भी समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि युवाओं और प्रतिभाशाली लोगों को अपनी क्षमता का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करना चाहिए। किसी भी क्षेत्र में ईमानदारी और समर्पण के साथ किया गया कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव का आधार बनता है। प्रतिभाओं का सम्मान उनकी उपलब्धियों की पहचान करने के साथ ही दूसरों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का माध्यम भी है।
शिक्षा, खेल और सामाजिक सेवा क्षेत्र की प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह में शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभावान लोगों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा और जनकल्याण की भावना को समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने सामाजिक दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री अजीत रावत, क्षेत्रीय मंत्री रामसुंदर निषाद, कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और गणमान्यजन उपस्थित रहे।


