TRENDING TAGS :
Sonbhadra: शक्तिनगर थाने के उपनिरीक्षक सदाशिव राय का निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर
Sonbhadra News: सोनभद्र के शक्तिनगर थाने में तैनात उपनिरीक्षक सदाशिव राय की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। सीने में तेज दर्द उठने पर साथी पुलिसकर्मी उन्हें अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: खाकी वर्दी में ड्यूटी की जिम्मेदारी संभालने थाने पहुंचे उपनिरीक्षक सदाशिव राय को शायद इसका जरा भी अंदाजा नहीं था कि यह उनकी जिंदगी की आखिरी ड्यूटी साबित होगी। मंगलवार सुबह थाने पहुंचने के कुछ ही देर बाद अचानक सीने में तेज दर्द उठा। देखते ही देखते उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथी पुलिसकर्मी उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। 57 वर्षीय उपनिरीक्षक की मौत की खबर से शक्तिनगर थाना परिसर में मातम छा गया और पुलिस महकमा गमगीन हो उठा।
शक्तिनगर थाने में तैनात सदाशिव राय मंगलवार सुबह करीब 10 बजे रोजाना की तरह अपनी ड्यूटी पर पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द शुरू हो गया। दर्द इतना बढ़ गया कि उनके बाजू में भी असहनीय पीड़ा होने लगी। उनकी बिगड़ती हालत देखकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी तत्काल हरकत में आए और उन्हें शक्तिनगर स्थित संजीवनी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने पर भी नहीं बच सकी जान
अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन जिंदगी और मौत के बीच चल रही जंग में सदाशिव राय हार गए। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस अप्रत्याशित घटना ने उनके साथ काम करने वाले पुलिसकर्मियों को भीतर तक झकझोर दिया। जिस साथी के साथ सुबह ड्यूटी की शुरुआत हुई थी, उसके अचानक दुनिया से चले जाने की खबर से हर कोई स्तब्ध रह गया।मूल रूप से गाजीपुर जिले के निवासी सदाशिव राय शक्तिनगर कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में अपने छोटे बेटे के साथ रहते थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सरल स्वभाव, मिलनसार व्यवहार और कर्तव्य के प्रति निष्ठा के कारण वह विभाग में सम्मानित थे। सहकर्मियों के बीच उनकी अलग पहचान थी।
वरिष्ठ अधिकारियों ने जताया शोक
घटना के बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने उपनिरीक्षक के असामयिक निधन पर गहरा दुख जताया तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। सदाशिव राय के निधन से शक्तिनगर पुलिस परिवार में एक ऐसी रिक्तता पैदा हो गई है, जिसकी भरपाई आसान नहीं होगी।


