TRENDING TAGS :
सोनभद्र: गैर शैक्षणिक कार्यों से शिक्षकों में बढ़ रहा तनाव, राहत न मिलने पर अनहोनी की आशंका
Sonbhadra News: सोनभद्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण, जनगणना और ऑनलाइन पोर्टलों के काम से शिक्षकों का दबाव बढ़ा। पूर्व जिलाध्यक्ष ने राहत की मांग कर चेतावनी दी।
Sonbhadra News: विद्यालयों में बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी संभालने वाले शिक्षक इन दिनों खुद विभागीय आदेशों और गैर शैक्षणिक दायित्वों के मकड़जाल में उलझते जा रहे हैं। हालात यह हैं कि कक्षा में पढ़ाने से लेकर सरकारी योजनाओं की निगरानी, मतदाता सूची के पुनरीक्षण, जनगणना की तैयारियों और विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों पर सूचनाएं दर्ज करने तक की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर डाल दी गई है। विद्यालय अवधि के बाद भी काम से राहत नहीं मिल रही है। देर शाम और रात तक ऑनलाइन बैठकों, व्हाट्सएप संदेशों तथा लगातार जारी होने वाले निर्देशों ने शिक्षकों की दिनचर्या को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। काम के इस बढ़ते दबाव से शिक्षक मानसिक तनाव झेलने को मजबूर हैं। माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद चौबे ने इस स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि समय रहते शिक्षकों को अतिरिक्त कार्यभार से राहत नहीं मिली तो किसी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
कक्षाओं से ज्यादा सरकारी कामों में बीत रहा समय
प्रमोद चौबे का कहना है कि मौजूदा समय में शिक्षकों के सामने एक साथ कई विभागीय जिम्मेदारियां खड़ी हैं। एसआईआर के अंतर्गत वर्ष 2003 की मतदाता सूची से वर्तमान अभिलेखों का मिलान, मतदाताओं के नामों का सत्यापन, नए मतदाताओं का पंजीकरण और घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्रों से संबंधित कार्रवाई करनी पड़ रही है। इसके साथ ही आगामी जनगणना की तैयारियों के तहत स्वगणना का कार्य भी समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का दबाव बनाया जा रहा है। इन जिम्मेदारियों के बीच विद्यालयों में नियमित शिक्षण व्यवस्था बनाए रखना भी शिक्षकों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
ऑनलाइन पोर्टलों और योजनाओं की लंबी फेहरिस्त
उन्होंने बताया कि शिक्षकों का काम केवल कक्षा संचालन और पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं रह गया है। यू-डायस, मानव संपदा, प्रेरणा पोर्टल, दीक्षा ऐप, निपुण भारत मिशन, आधार सत्यापन, डीबीटी, छात्रवृत्ति और ऑनलाइन उपस्थिति जैसी व्यवस्थाओं से जुड़े आंकड़े और रिपोर्ट भी उन्हें तैयार करनी पड़ती हैं। प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की व्यवस्था, खाद्यान्न का लेखा-जोखा, बच्चों का नामांकन, शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम), विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक और सरकारी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट तैयार करने का दायित्व भी शिक्षकों के पास है।
वहीं माध्यमिक विद्यालयों में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, प्रयोगात्मक परीक्षाएं, उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन, विद्यार्थियों का पंजीकरण और विभागीय सूचनाओं का संकलन जैसे कार्य अलग से करने पड़ते हैं। इसके अतिरिक्त सड़क सुरक्षा अभियान, ईको क्लब, मतदाता जागरूकता, विधिक साक्षरता और महापुरुषों की जयंती से जुड़े आयोजन भी विद्यालयों के माध्यम से कराए जाते हैं।
समस्या बताने पर समाधान के बजाय फटकार का आरोप
चौबे ने एक शिक्षिका की पीड़ा का जिक्र करते हुए कहा कि अतिरिक्त कार्यों के कारण उत्पन्न कठिनाइयों को अधिकारियों के सामने रखने पर राहत देने के बजाय सार्वजनिक रूप से फटकार सुननी पड़ती है। इससे शिक्षकों का मनोबल प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि लगातार बदलते निर्देशों और निर्धारित समयसीमा में रिपोर्ट भेजने की बाध्यता ने शिक्षकों के सामने ऐसी स्थिति पैदा कर दी है, जिसमें वे न तो पूरी एकाग्रता से बच्चों को पढ़ा पा रहे हैं और न ही अपने अन्य दायित्वों को सहजता से निभा पा रहे हैं।
शिक्षा के अधिकार कानून की भावना पर भी उठे सवाल
उन्होंने शिक्षा का अधिकार अधिनियम की धारा 27 का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों में लगाए जाने पर सामान्य प्रतिबंध का प्रावधान है। हालांकि जनगणना, चुनाव और आपदा राहत जैसे कार्य इसके अपवाद हैं। ऐसे में प्रत्येक विभागीय अभियान और प्रशासनिक जिम्मेदारी का बोझ शिक्षकों पर डालना शिक्षा व्यवस्था की मूल भावना के विपरीत है।
बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ शिक्षकों का स्वास्थ्य भी चिंता का विषय
प्रमोद चौबे ने सवाल उठाया कि आखिर शिक्षक अपनी मूल जिम्मेदारी यानी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर ध्यान दें या फिर लगातार जारी होने वाले विभागीय आदेशों और ऑनलाइन सूचनाओं को पूरा करने में समय लगाएं? उनका कहना है कि शिक्षकों से हर स्तर पर जवाबदेही तो मांगी जा रही है, लेकिन उनके कार्यभार और मानसिक स्थिति पर गंभीरता से विचार नहीं किया जा रहा है। उन्होंने शासन और शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों से गैर शैक्षणिक कार्यों की समीक्षा कर अनावश्यक जिम्मेदारियां कम करने तथा शिक्षकों को शिक्षण कार्य के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही चेताया कि मौजूदा कार्यप्रणाली में बदलाव नहीं हुआ तो बढ़ता मानसिक दबाव किसी गंभीर और अप्रिय स्थिति का कारण बन सकता है।


