TRENDING TAGS :
Sonbhdra News: चुर्क में भव्य तिरंगा महोत्सव, रंगोली-प्रदर्शनी ने बांधा देशभक्ति का समां
Sonbhdra News: चुर्क में तिरंगा महोत्सव में रंगोली, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा देशभक्ति का संदेश, उत्कृष्ट विद्यार्थियों का सम्मान हुआ।
Sonbhadra Tiranga Mahotsav in Churk
Sonbhdra News: हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत बुधवार को हरसेवानंद पब्लिक स्कूल, चुर्क में तिरंगा महोत्सव, तिरंगा मेला एवं तिरंगा प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। तिरंगे के रंगों से सजे विद्यालय परिसर में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, आकर्षक रंगोली और प्रदर्शनी ने राष्ट्रप्रेम का माहौल बना दिया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से तिरंगे की आन, बान और शान का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग उत्तर प्रदेश शासन हंसराज विश्वकर्मा रहे। विशिष्ट अतिथि राज्य मंत्री समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग संजीव कुमार गोंड, उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष अजीत सिंह खरवार, सदर विधायक भूपेश चौबे, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी आयोजन में शामिल हुए।
रंगोली और प्रदर्शनी में दिखी बच्चों की प्रतिभा
कार्यक्रम के शुभारंभ पर अतिथियों ने विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की ओर से तैयार रंगोली और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। बच्चों ने अपनी कला और रचनात्मकता के माध्यम से तिरंगे, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। रंगोली और प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की मेहनत और रचनात्मक सोच की अतिथियों ने सराहना की।
हरसेवानंद पब्लिक स्कूल, डीएवी स्कूल, बेसिक विद्यालय रौंप, समाज कल्याण विभाग के आश्रम पद्धति विद्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से भर उठा। आंगनबाड़ी के नन्हे बच्चों की देशभक्ति प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
उत्कृष्ट विद्यार्थियों को मिला सम्मान
‘हर घर तिरंगा अभियान’ के प्रथम और द्वितीय चरण में विद्यालयों में आयोजित पेंटिंग, रंगोली, प्रदर्शनी, वाद-विवाद सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों ने प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे और उनका उत्साह देखते ही बना।
मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक है। यह स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ने और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। बच्चों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देश के प्रति कर्तव्य की भावना विकसित करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने जनपदवासियों से अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर अभियान में उत्साह के साथ सहभागिता करने का आह्वान किया।
तिरंगे के नीचे हम सभी एक : संजीव कुमार गोंड
राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगे के नीचे हम सभी एक हैं और यही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्रप्रेम के सूत्र में जोड़ रहा है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से तिरंगे की गरिमा और सम्मान सदैव बनाए रखने तथा परिवार और आसपास के लोगों को भी अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित भारत के उज्ज्वल भविष्य का आधार है।
करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है तिरंगा : भूपेश चौबे
सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं, त्याग, संघर्ष और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। हर घर पर फहराता तिरंगा राष्ट्र के प्रति सम्मान और समर्पण को प्रदर्शित करता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
तिरंगे की गरिमा बनाए रखना हर नागरिक का दायित्व : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन को राष्ट्र के गौरव, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्रीय कर्तव्यों से जोड़ने का अभियान है। तिरंगा प्रत्येक नागरिक को एकता, अखंडता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा महोत्सव, तिरंगा मेला एवं प्रदर्शनी के माध्यम से विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और उसकी गरिमा से जोड़ने का प्रयास किया गया है। उन्होंने जनपदवासियों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने के साथ ध्वज संहिता का पालन करते हुए राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखने की अपील की।
तिरंगा महोत्सव में रंगोली, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ का संदेश दिया गया। आयोजन ने राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता की भावना को और मजबूत किया।


