TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: वाराणसी के पर्यटकों को सोनभद्र खींचेगा, पर्यटन हब बनाने की तैयारी तेज
Sonbhadra: वाराणसी के पर्यटकों को सोनभद्र खींचेगा, पर्यटन हब बनाने की तैयारी तेज—होटल-होमस्टे विस्तार और निवेश बढ़ाने को जिलाधिकारी ने कारोबारियों संग बनाई रणनीति
Sonbhadra News: जिले को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। वाराणसी आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को सोनभद्र के प्राकृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंचाने की रणनीति पर काम शुरू हो गया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में होटल व्यवसायियों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, पर्यटकों के ठहराव और होटल-होमस्टे क्षेत्र में निवेश बढ़ाने को लेकर मंथन किया गया।
पर्यटकों के आंकड़ों पर बनेगी कार्ययोजना
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने होटल व्यवसायियों को निर्देश दिया कि उनके प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले पर्यटकों का विवरण नियमित रूप से जिला पर्यटन कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटकों से संबंधित आंकड़े पर्यटन विकास की ठोस कार्ययोजना तैयार करने में उपयोगी होंगे। इससे यह भी पता चलेगा कि जिले में कितने पर्यटक आ रहे हैं और उनके ठहराव की स्थिति क्या है।
सब्सिडी का लाभ लेकर बढ़ाएं कारोबार
जिलाधिकारी ने होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और होमस्टे संचालकों से शासन की ओर से उपलब्ध सब्सिडी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उद्यमी उद्योग विभाग के माध्यम से एमओयू कराकर अपने प्रतिष्ठानों का विस्तार कर सकते हैं। इससे पर्यटन क्षेत्र में निजी निवेश को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
वाराणसी से सोनभद्र तक जोड़ने की कवायद
बैठक में वाराणसी और आसपास के जिलों में आने वाले पर्यटकों को सोनभद्र तक आकर्षित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि सोनभद्र प्राकृतिक संपदा से समृद्ध होने के साथ धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। यहां के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर वाराणसी आने वाले पर्यटकों को सोनभद्र की ओर लाने की योजना बनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि पर्यटकों का ठहराव बढ़ने से होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और होमस्टे कारोबार को गति मिलेगी। साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और जिले की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
आतिथ्य क्षेत्र में निवेश पर जोर
जिलाधिकारी ने होटल कारोबारियों से पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए अपने प्रतिष्ठानों में सुविधाओं का विस्तार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेहतर आवास, खानपान और आतिथ्य सुविधाएं विकसित होने से पर्यटकों को सोनभद्र में अधिक समय तक रोकने में मदद मिलेगी। सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर नए होटल और होमस्टे विकसित करने की दिशा में भी कारोबारियों को आगे आने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी राजेश कुमार भारती, फायर सेफ्टी एवं इलेक्ट्रिक सेफ्टी के अधिकारी, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, उद्यमी मित्र नितिन प्रकाश सिंह तथा जनपद के होटल व्यवसायी एवं उनके प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।


