Sonbhadra News: जलभराव और पेयजल संकट पर सख्त हुए DM, नगर क्षेत्र के लिए बनेगा बड़ी एक्शन प्लान

Sonbhadra News: सोनभद्र में जलभराव और पेयजल संकट पर प्रशासन सख्त! DM चर्चित गौड़ ने नगर क्षेत्र के लिए बड़ा एक्शन प्लान तैयार करने के दिए निर्देश। जानिए सीवर, नाला निर्माण और वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को लेकर क्या-क्या फैसले हुए।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 11 May 2026 7:02 PM IST (Updated on: 11 May 2026 7:03 PM IST)
Sonbhadra News: जलभराव और पेयजल संकट पर सख्त हुए DM, नगर क्षेत्र के लिए बनेगा बड़ी एक्शन प्लान
X

Sonbhadra News: नगर पालिका क्षेत्र में हर बारिश के साथ सामने आने वाली जलभराव और पेयजल संकट की समस्या को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में नगर क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति, सीवर लाइन, कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था और नाला निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नगर क्षेत्र की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए।

जलभराव की समस्या खत्म करने के लिए बनी चार सदस्यीय टीम

बैठक के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बरसात के मौसम में नगर क्षेत्र में होने वाले जलभराव को गंभीर समस्या बताते हुए इसके स्थायी समाधान के लिए चार सदस्यीय संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए। इस टीम में अधिशासी अभियंता जल निगम नगरीय, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों को शामिल किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि टीम नगर क्षेत्र का सर्वे कर जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने और जलभराव से राहत दिलाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करे। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों से कहा गया कि बारिश के दौरान लोगों को होने वाली परेशानियों को खत्म करने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापना को मिली प्राथमिकता

बैठक में सीवरेज व्यवस्था को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम शहरी को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाए। इसके लिए उपजिलाधिकारी को तत्काल भूमि चिन्हांकन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि नगर क्षेत्र में बढ़ती आबादी को देखते हुए आधुनिक सीवरेज व्यवस्था बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सीवर और जलनिकासी व्यवस्था मजबूत होने से भविष्य में जलभराव और गंदगी जैसी समस्याओं पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा।

हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की तैयारी

नगर पालिका के विस्तारित क्षेत्रों में पेयजल संकट को देखते हुए जिलाधिकारी ने जल निगम शहरी को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र के हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं। बैठक में चुर्क-घुरमा नगर पंचायत क्षेत्र की पेयजल समस्या पर भी विशेष चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने वहां वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना के लिए शीघ्र कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्रों में भी लोगों को बेहतर पेयजल सुविधाएं मिलनी चाहिए।

कूड़ा कलेक्शन और सफाई व्यवस्था पर भी सख्ती

जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन नियमित रूप से संचालित करने, सीवर सप्लाई से जुड़ी शिकायतों का तत्काल समाधान करने और नगर क्षेत्र में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नाला निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश

बैठक के दौरान सीएनडीएस के एई को नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे नाला निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों में देरी के कारण आम जनता को परेशानी उठानी पड़ती है, इसलिए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मुकेश कुमार, एई जल निगम शहरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Harsh Srivastava

Harsh Srivastava

Mail ID - harshsri764@gmail.com

Hi! I am Harsh Srivastava, currently working as a Content Writer and News Coordinator at Newstrack. I oversee content planning, coordination, and contribute with in-depth articles and news features, especially focusing on politics and crime. I started my journey in journalism in 2023 and have worked with leading publications such as Hindustan, Times of India, and India News, gaining experience across cities including Varanasi, Delhi and Lucknow. My work revolves around curating timely news, in- depth research, and delivering engaging content to keep readers informed and connected.

Next Story