TRENDING TAGS :
सोनभद्र में बड़ा एक्शन, शादी का झांसा देकर महिला से शोषण करने वाला फरार आरोपी घोरावल पुलिस ने दबोचा
Sonbhadra News: सोनभद्र में शादी का झांसा देकर महिला के शोषण और मारपीट के मामले में फरार आरोपी को घोरावल पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज था।
Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद में शादी का झांसा देकर महिला का शारीरिक शोषण करने तथा विरोध करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में घोरावल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अभियान के दौरान मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिलेभर में वांछित और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी घोरावल के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह के नेतृत्व में थाना घोरावल पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और मुक्खा मोड़ तिराहा के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी शुक्रवार को की गई।
महिला ने लगाए थे गंभीर आरोप
पुलिस के अनुसार 19 अप्रैल 2026 को पीड़िता ने थाना घोरावल में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपी ने शादी करने का भरोसा देकर लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि जब उसने शादी और खर्चा-खुराक की मांग की तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
दो माह से पुलिस की नजर में था आरोपी
मामले में थाना घोरावल पर मुकदमा संख्या 80/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में पंजीकृत किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पुलिस की नजर में था, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था। लगातार दबिश और सूचनाओं के संकलन के बाद पुलिस ने आखिरकार उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेन्द्र शर्मा पुत्र बरसाती निवासी मझिगवां, थाना घोरावल, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 55 वर्ष बताई गई है।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी शिवद्वार उपनिरीक्षक कवीन्द्र सिंह यादव, हेड कांस्टेबल विपिन कुमार तथा कांस्टेबल जय प्रकाश राव शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।


