Sonbhadra News: बेटे की गुमशुदगी के मुकदमे में समझौते का दबाव, इनकार पर महिला को जातिसूचक गालियां

Sonbhadra News: सोनभद्र के अमवार पुनर्वास कॉलोनी में बेटे की गुमशुदगी के मुकदमे में समझौते का दबाव बनाने और इनकार करने पर महिला से जातिसूचक गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 24 Nov 2026 6:29 PM IST
Sonbhadra News: बेटे की गुमशुदगी के मुकदमे में समझौते का दबाव, इनकार पर महिला को जातिसूचक गालियां
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: बेटे के लापता होने का मामला दर्ज कराने के बाद न्याय की लड़ाई लड़ रहे एक परिवार पर अब मुकदमे से पीछे हटने का दबाव बनाए जाने का आरोप सामने आया है। न्यायालय में विचाराधीन मामले में समझौता करने से इन्कार करने पर एक महिला को कथित तौर पर जातिसूचक अपशब्द कहे गए। इतना ही नहीं, उसे और उसके परिवार को वाहन से कुचलकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित परिवार की शिकायत पर दुद्धी पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला अमवार पुनर्वास कालोनी का है। यहां के निवासी गौरीशंकर ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनका बेटा विकलेश कुमार पांच जुलाई 2024 को अचानक लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर उन्होंने 25 जुलाई 2024 को दुद्धी थाने में गुमशुदगी से जुड़े मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मुकदमे में सुंदरी गांव निवासी रफीउद्दीन उर्फ सुपाड़ी, एहतेसामुद्दीन उर्फ पिंटू, जलालुद्दीन और मोहम्मद इकबाल को नामजद किया गया था।

बाजार जाते समय रास्ते में रोकने का आरोप

गौरीशंकर के मुताबिक, 14 नवंबर को उनकी पत्नी विमला देवी किसी काम से अमवार बाजार जा रही थीं। घर से करीब सौ मीटर आगे मुख्य मार्ग पर पहुंचते ही जलालुद्दीन उर्फ मौलाना और मोहम्मद इकबाल बाइक से वहां आ पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया और बेटे की गुमशुदगी के मामले में दर्ज मुकदमे को लेकर बातचीत शुरू कर दी।शिकायत के अनुसार, दोनों ने विमला देवी पर मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाया। इस पर उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि मामला न्यायालय में चल रहा है और वह कानूनी प्रक्रिया के तहत ही आगे बढ़ेंगी। उन्होंने किसी भी तरह का समझौता करने से इन्कार कर दिया।

समझौते से इनकार पर बिगड़ा मामला

आरोप है कि विमला देवी के इस जवाब से नाराज होकर दोनों व्यक्तियों ने उनके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अभद्रता और गाली-गलौज की। इसके बाद धमकी दी कि जिस तरह उनका बेटा लापता हुआ है, उसी तरह मुकदमे में समझौता नहीं करने पर पूरे परिवार को वाहन से कुचलकर खत्म कर दिया जाएगा। इस धमकी से परिवार में भय का माहौल है।पीड़ित परिवार ने पुलिस से पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की है। गौरीशंकर की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुंदरी गांव निवासी जलालुद्दीन उर्फ मौलाना और मोहम्मद इकबाल के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। प्रकरण की विवेचना सीओ दुद्धी को सौंपी गई है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story