TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: XUV से 2.85 क्विंटल गांजा बरामद, नंबर प्लेट बदलकर तस्करी कर रहे दो आरोपी गिरफ्तार
Sonbhadra News: सोनभद्र में ऑपरेशन शुद्धि के तहत पिपरी पुलिस ने XUV से 2.85 क्विंटल गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: नंबर प्लेट बदलकर पुलिस की नजर से बचने की कोशिश, रास्ते में चेकिंग मिली तो जंगल की आड़ और फिर मौका देखकर आगे निकलने की कवायद... लेकिन पिपरी पुलिस के शिकंजे से गांजे की भारी खेप नहीं निकल सकी। ऑपरेशन शुद्धि के तहत पुलिस ने रनटोला-मुर्धवा मार्ग पर एक महिन्द्रा XUV को घेरकर 2 क्विंटल 850 ग्राम गांजा बरामद किया। गांजा 195 पैकेटों में प्लास्टिक टेप से पैक कर वाहन की पिछली सीट के नीचे और डिग्गी में छिपाया गया था। मौके से दो युवकों को गिरफ्तार करने के साथ XUV, दो मोबाइल फोन और दो नंबर प्लेट बरामद की गईं।
पुलिस को देखते ही पलटी XUV, घेराबंदी में खुला राज
30 सितंबर की रात पिपरी पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुर्धवा से करीब दो किलोमीटर आगे रनटोला-मुर्धवा मार्ग पर पुलिस टीम को महिन्द्रा XUV दिखाई दी। पुलिस की चेकिंग नजर आते ही वाहन सवारों ने उसे पीछे मोड़कर भागने की कोशिश की। गतिविधि संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की और वाहन रोक लिया।दोनों सवारों को हिरासत में लेकर वाहन की तलाशी ली गई। पिछली सीट के नीचे और डिग्गी में प्लास्टिक टेप से पैक किए गए पैकेट मिले। जांच में सभी पैकेटों में गांजा मिला। तौल कराने पर कुल 2 क्विंटल 850 ग्राम गांजा निकला। वाहन से दो अलग-अलग नंबर प्लेट भी बरामद हुईं।
ओडिशा से निकली थी खेप, महोबा तक पहुंचाने का था सौदा
पूछताछ में उमेश अहिरवार और महिपाल पाल ने पुलिस को बताया कि उन्हें ओडिशा से गांजा लाकर महोबा पहुंचाने के लिए कहा गया था। इसके एवज में प्रत्येक चक्कर के 20-20 हजार रुपये मिलने थे। दोनों ने इससे पहले भी एक-दो बार गांजा पहुंचाने की बात बताई।पुलिस के अनुसार दोनों 29 सितंबर को ओडिशा से गांजा लेकर महोबा के लिए निकले थे। रास्ते में पुलिस चेकिंग देखकर उन्होंने वाहन को जंगल की ओर ले जाकर कुछ समय के लिए छिपा दिया था। बाद में स्थिति सामान्य होने पर दोबारा आगे बढ़े। पुलिस से बचने के लिए वाहन पर अलग-अलग नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया जा रहा था।
अब नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस की जांच अब सिर्फ पकड़ी गई खेप तक सीमित नहीं है। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर गांजा उपलब्ध कराने वाले और खेप मंगाने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है। तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उमेश अहिरवार पुत्र राम मनोहर अहिरवार निवासी बजरंग चौक, गांधीनगर, थाना कोतवाली महोबा, जनपद महोबा, उम्र करीब 23 वर्ष और महिपाल पाल पुत्र इन्द्रपाल पाल निवासी कबरई, थाना कबरई, जनपद महोबा, उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई है।
बरामदगी के आधार पर थाना पिपरी में मु0अ0सं0-186/2026 दर्ज किया गया है। आरोपितों के खिलाफ धारा 8/20/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 318(4), 336(2), 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में हुई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जितेन्द्र सरोज, हेड कांस्टेबल अमित सिंह, हेड कांस्टेबल मोहन खरवार, हेड कांस्टेबल रामाश्रय यादव, हेड कांस्टेबल शिवबदन राम और हेड कांस्टेबल शंकर लाल शामिल रहे।


