Sonbhadra: युवक को बांधकर पीटा, अर्द्धनग्न कर गांव में घुमाने का आरोप, भाई-भाभी से भी मारपीट

Sonbhadra News: सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र के करकच्छी गांव में युवक को बांधकर पीटने और अर्द्धनग्न कर गांव में घुमाने का आरोप लगा है। मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है और जांच जारी है।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 7 Aug 2026 9:48 PM IST (Updated on: 7 Aug 2026 9:51 PM IST)
Sonbhadra: युवक को बांधकर पीटा, अर्द्धनग्न कर गांव में घुमाने का आरोप, भाई-भाभी से भी मारपीट
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जनपद के बभनी थाना क्षेत्र के करकच्छी गांव में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। एक युवक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों ने उसे रास्ते में रोककर पहले बांधकर बेरहमी से पीटा, फिर अर्द्धनग्न कर उसके चेहरे पर चूना पोता, जूते-चप्पलों की माला पहनाई और उसके निजी अंग में पत्थर बांधकर पूरे गांव में घुमाया। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, दूसरे पक्ष ने इन आरोपों को नकारते हुए युवक पर घर में घुसकर गाली-गलौज और पूर्व से छेड़खानी करने का आरोप लगाया है।

इकदिरी क्षेत्र निवासी युवक के भाई ने शुक्रवार को बभनी थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसका भाई गुरुवार को बाइक से बभनी बाजार गया था। दोपहर में लौटते समय करकच्छी गांव के पास कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और जबरन अपने घर ले गए। आरोप है कि वहां उसे रस्सी से बांधकर लाठी-डंडों से पीटा गया। मारपीट के बाद उसे अर्द्धनग्न कर दिया गया और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने के उद्देश्य से उसके चेहरे पर चूना पोता गया, जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई तथा गांव में घुमाया गया।पीड़ित के भाई का आरोप है कि जब वह अपनी पत्नी के साथ भाई को छुड़ाने पहुंचा तो आरोपियों ने उन दोनों पर भी हमला कर दिया। उसकी पत्नी के बाल पकड़कर घसीटा गया और दोनों के साथ मारपीट की गई। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद तीनों को वहां से छुड़ाया जा सका।गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

दूसरे पक्ष ने लगाए पलटवार में गंभीर आरोप

मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। एक महिला ने बभनी थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि संबंधित युवक उसके घर पहुंचकर गाली-गलौज कर रहा था। समझाने के बावजूद वह नहीं माना। महिला का कहना है कि लगभग तीन वर्ष पहले भी उसने इसी युवक के खिलाफ छेड़खानी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। उसके अनुसार युवक आए दिन अभद्रता और गाली-गलौज करता है, जिससे उसका परिवार परेशान है।घटना के बाद गांव में चर्चाओं का दौर तेज है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर 7 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा (FIR) दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डॉक्टरी रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story