Sonbhadra News: नशे में तेज रफ्तार बाइक पिकअप से टकराई, युवक की मौत से ससुराल में मचा कोहराम

Sonbhadra News: नशे में तेज रफ्तार बाइक पिकअप से टकरा गई, हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद ससुराल में मातम छा गया।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 23 Aug 2026 8:19 PM IST
Sonbhadra News
X

Sonbhadra News(Photo-Social Media)

Sonbhadra News: जनपद के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के जपला गांव में रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। नशे की हालत में तेज रफ्तार बाइक चला रहे युवक की सामने से आ रही अज्ञात पिकअप से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 26 वर्षीय बाबूलाल पुत्र परमेश्वर, निवासी चौना, थाना बभनी की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार उसका साढ़ू बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिवार में कोहराम मच गया।

पिकअप से टकराकर सड़क पर गिरा युवक

बताया गया कि दुर्घटना रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे जपला गांव में हुई। बाबूलाल अपने साढ़ू हंसलाल के साथ बाइक से गांव में निकला था। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा से आ रही पिकअप से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाबूलाल सड़क पर जा गिरा और गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। ग्राम प्रधान सुभाष कुमार के अनुसार बाबूलाल नशे की हालत में बाइक चला रहा था। उसके साथ मौजूद साढ़ू को हादसे में कोई गंभीर चोट नहीं आई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

एक माह से ससुराल में रह रहा था बाबूलाल

परिजनों के अनुसार बाबूलाल की शादी करीब एक वर्ष पहले मानमती से हुई थी। वह पिछले लगभग एक माह से पत्नी के साथ अपनी ससुराल बगबियानी टोला, धनौरा में रह रहा था। बताया गया कि उसका मोबाइल खराब हो गया था, जिसे उसने मरम्मत के लिए बाजार में दुकानदार को दे रखा था। आर्थिक परेशानी के कारण मोबाइल की मरम्मत भी नहीं हो सकी थी। रविवार को बाबूलाल का साढ़ू हंसलाल अपनी पत्नी संगीता और दोनों बच्चों के साथ इलाज कराने के सिलसिले में ससुराल पहुंचा था। बताया गया कि ससुराल पहुंचने के कुछ ही देर बाद बाबूलाल अपने साढ़ू को लेकर बाइक से गांव की ओर निकल गया। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में यह सफर परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन जाएगा।

बेटी का घर उजड़ने से मां का रो-रोकर बुरा हाल

बाबूलाल की मौत की खबर मिलते ही ससुराल में चीख-पुकार मच गई। मृतक की सास देवंती देवी पत्नी स्वर्गीय रामजीत चेरो निवासी बगबियानी, धनौरा अपनी बेटी के भविष्य को लेकर बेहद चिंतित नजर आईं। उन्होंने बताया कि करीब एक साल पहले ही छोटी बेटी मानमती की शादी बाबूलाल से हुई थी। पति की अचानक मौत से बेटी की जिंदगी उजड़ गई है। अब परिवार के सामने आगे का जीवन कैसे चलेगा, यह सोचकर वह भावुक हो उठीं।

पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम, पिकअप की तलाश जारी

सूचना पर दुद्धी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कस्बा चौकी प्रभारी हरिकेश राम आजाद ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक बरामद कर ली गई है। पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद फरार अज्ञात पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान कर जल्द ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद जपला गांव और मृतक के ससुराल में शोक का माहौल है। एक छोटी सी लापरवाही ने नवविवाहिता मानमती के जीवन में ऐसा खालीपन छोड़ दिया, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story