Sonbhadra News: ओवरटेक ने ली जान, कोयला लदे ट्रेलर और डीजल टैंकर की भिड़ंत में चालक की मौत

Sonbhadra News: सोनभद्र के हथवानी मोड़ पर ओवरटेक के दौरान कोयला लदे ट्रेलर और डीजल टैंकर की भिड़ंत में चालक की मौत हुई, सड़क पर डीजल बहने से भीड़ उमड़ पड़ी।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 20 Jun 2026 8:02 PM IST
Overtake kills driver in collision between coal loaded trailer and diesel tanker
X

ओवरटेक ने ली जान, कोयला लदे ट्रेलर और डीजल टैंकर की भिड़ंत में चालक की मौत (Photo- Social Media)

Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद के हाथीनाला थाना क्षेत्र के रेणुकूट-हाथीनाला मार्ग पर शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में डीजल टैंकर चालक की मौत हो गई। हादसा हथवानी मोड़ के पास उस समय हुआ जब कथित रूप से ओवरटेक के प्रयास में कोयला लदे ट्रेलर ने सामने से आ रहे डीजल टैंकर को जोरदार टक्कर मार दी।

इलाज के दौरान चालक की मौत

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10:15 बजे वाराणसी-शक्तिनगर राज्य मार्ग पर हाथीनाला की ओर जा रहे डीजल लोड टैंकर की हथवानी मोड़ के समीप सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर चालक राजू यादव (34 वर्ष) पुत्र हृदय यादव, निवासी आर-16 इंदिरा नगर, हाजी बुंदर रोड, सेवड़ी (ईस्ट), मुंबई, गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही हाथीनाला थाना प्रभारी उदयभान राव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल चालक को एसीपी टोलवे की एंबुलेंस से तत्काल चोपन अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं कोयला लदे ट्रेलर का चालक सुरक्षित बताया गया है।

सड़क पर बहा डीजल, बाल्टी-जरकीन लेकर पहुंच गए ग्रामीण

हादसे के बाद टैंकर क्षतिग्रस्त होने से उसमें भरा डीजल सड़क पर बहने लगा। डीजल बहता देख आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। कई लोग बाल्टी, जरकीन और अन्य बर्तनों में डीजल भरने में जुट गए। देखते ही देखते सड़क किनारे डीजल एकत्र करने वालों की भीड़ लग गई।

क्रेन से हटाए गए वाहन, बहाल हुआ यातायात

हाथीनाला थाना प्रभारी उदयभान राव ने बताया कि दुर्घटना में घायल टैंकर चालक को तत्काल अस्पताल भेजा गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क किनारे हटवाकर मार्ग पर यातायात बहाल करा दिया गया है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर ओवरटेक के दौरान हुई लापरवाही को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story