TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: रीवा-रांची हाईवे पर भीषण टक्कर, ट्रेलर चालक की मौत, घंटों जाम में फंसे वाहन
Sonbhadra News: रीवा-रांची हाईवे पर बैरपान के पास ट्रेलर और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर घायल हो गया।
Sonbhadra News: सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के अनपरा थाना क्षेत्र में रीवा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रेलर चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरे वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बैरपान के पास ट्रेलर और ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर का केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया।
हादसे की सूचना मिलते ही अनपरा पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंच गई। केबिन में फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए काफी देर तक रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा। मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं गंभीर रूप से घायल दूसरे चालक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना के बाद रीवा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य कराया जा सका।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा ओवरटेक के दौरान हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों भारी वाहन तेज रफ्तार में थे, इसी दौरान नियंत्रण बिगड़ने से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।


