Sonbhadra: 13 वर्षीय किशोरी के अपहरण मामले में छह साल बाद फैसला, दोषी को 8 साल की सजा

Sonbhadra News: सोनभद्र में 13 वर्षीय किशोरी के अपहरण के छह साल पुराने मामले में अदालत ने अजीत कुमार को दोषी ठहराया। आठ साल की कैद और 25 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 26 Nov 2026 5:41 PM IST
Sonbhadra: 13 वर्षीय किशोरी के अपहरण मामले में छह साल बाद फैसला, दोषी को 8 साल की सजा
X

Sonbhadra News: नाबालिग किशोरी के अपहरण के करीब छह वर्ष पुराने मामले में आखिरकार न्यायालय का फैसला आ गया। 13 वर्षीय लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी/सीएडब्ल्यू बिपिन कुमार तृतीय की अदालत ने गुरुवार को आरोपी अजीत कुमार को दोषसिद्ध करार देते हुए आठ वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने दोषी पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड जमा नहीं करने पर उसे दो माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। इसके साथ ही जेल में बिताई गई अवधि को सजा में समायोजित करने का आदेश दिया गया है।

रात में घर से गायब हुई थी 13 वर्षीय किशोरी

अभियोजन पक्ष के मुताबिक मामला हाथीनाला थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पीड़िता के पिता ने 13 नवंबर 2020 को हाथीनाला थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी 13 वर्षीय बेटी 10 नवंबर 2020 की रात करीब 10 बजे अचानक घर से लापता हो गई। आरोप था कि ग्राम बेलहत्थी टोला रानीताली, थाना हाथीनाला निवासी अजीत कुमार पुत्र अम्बिका प्रसाद उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ कहीं ले गया है।

पिता ने पुलिस को यह भी बताया था कि अजीत कुमार उनकी बेटी से कभी-कभार चोरी-छिपे मोबाइल फोन पर बातचीत करता था। बेटी के लापता होने के बाद परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और आसपास के संभावित स्थानों पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। काफी प्रयासों के बाद भी किशोरी का पता नहीं चलने पर पिता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।

पुलिस ने जांच के बाद दाखिल किया आरोप पत्र

तहरीर के आधार पर हाथीनाला पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। विवेचक ने जांच के दौरान आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया। इसके बाद मामले की न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ी और अदालत में सुनवाई शुरू हुई।

गवाहों के बयान और साक्ष्यों पर टिका फैसला

सुनवाई के दौरान न्यायालय ने अभियोजन और बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलों को सुना। गवाहों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और पत्रावली का अवलोकन करने के बाद अदालत ने अजीत कुमार को अपहरण के मामले में दोषसिद्ध पाया। इसके बाद न्यायालय ने उसे आठ वर्ष के कठोर कारावास और 25 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड अदा नहीं करने पर दो माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। दोषी द्वारा जेल में बिताई गई अवधि को उसकी सजा में समायोजित किया जाएगा।

अभियोजन पक्ष की ओर से सरकारी अधिवक्ता सत्यप्रकाश तिवारी ने प्रभावी पैरवी की।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story