TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: मां की मौत से उजड़ा परिवार: विषाक्त पदार्थ निगलने से महिला की मौत, तीन बच्चे अनाथ
Sonbhadra News: दुद्धी के झारोकला गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ सेवन से विवाहिता की मौत हो गई। मां के निधन से तीन मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया।
मां की मौत से उजड़ा परिवार: विषाक्त पदार्थ निगलने से महिला की मौत, तीन बच्चे अनाथ (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News: सोनभद्र। जनपद के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के झारोकला गांव में रविवार की सुबह घटी एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ का सेवन करने से एक विवाहिता की जान चली गई। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई, वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार झारोकला गांव निवासी 27 वर्षीय कलावती देवी पत्नी इंद्रदेव गोंड़ ने रविवार सुबह अपने घर पर किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ ही देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन घबराकर तत्काल निजी वाहन से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले गए, लेकिन वहां मौजूद चिकित्साधीक्षक डॉ. शाह आलम ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की सूचना गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और शोक व्यक्त करने लगे।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
हेड कांस्टेबल हरिकेश राम आजाद ने बताया कि घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में महिला ने विषाक्त पदार्थ का सेवन किया।
तीन मासूमों के सिर से उठ गया मां का साया
इस हृदयविदारक घटना का सबसे पीड़ादायक पहलू यह है कि मृतका अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। इनमें तीन वर्षीय जुड़वा पुत्र-पुत्री के साथ एक बड़ी बेटी भी शामिल है। मां की असमय मौत ने इन मासूमों के जीवन से ममता की छांव छीन ली है।
गांव के लोगों का कहना है कि इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। घर में पसरा सन्नाटा और बच्चों की मासूम निगाहें हर किसी की आंखें नम कर रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।


