Sonbhadra News: रिश्तेदार के घर फंदे से लटका मिला युवक, मौत बनी रहस्य

Sonbhadra News: सोनभद्र के कोन थाना क्षेत्र में रिश्तेदार के घर ठहरे युवक का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 2 Jun 2026 5:03 PM IST
Youth found hanging from relatives house, dies mystery
X

रिश्तेदार के घर फंदे से लटका मिला युवक, मौत बनी रहस्य (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र।जनपद के कोन थाना क्षेत्र के कचनरवा गांव के बरवा टोले में मंगलवार सुबह एक युवक की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। अपने रिश्तेदार के घर ठहरा युवक सुबह घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि गांव में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

रिश्तेदार के घर युवक ने लगाई फांसी

जानकारी के अनुसार पीपरखाड़ गांव के घोड़बचवा टोला निवासी 45 वर्षीय विजय पुत्र स्व. भूखन अपने रिश्तेदार सखीचंद के घर कचनरवा के बरवा टोला आया हुआ था। सोमवार रात वह घर में ही सोया था। परिजनों के मुताबिक रात तक सब कुछ सामान्य था और विजय ने किसी तरह की परेशानी भी जाहिर नहीं की थी।

मंगलवार सुबह जब घर के लोग उसे जगाने पहुंचे तो कमरे का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। विजय का शव फंदे से लटक रहा था। यह दृश्य देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोने-बिलखने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही कोन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद उठेगा रहस्य से पर्दा

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि रात तक सामान्य दिखाई दे रहा विजय आखिर किन परिस्थितियों में मौत के फंदे तक पहुंच गया। क्या यह आत्मघात है या फिर इसके पीछे कोई और वजह छिपी है? इन सवालों का जवाब अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगा। घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोग इस रहस्यमयी मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story