Sonbhadra News: युवाओं को मिला आत्मनिर्भर भारत का मंत्र, विकास की गाथा पर हुआ संवाद

Sonbhadra News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर दुद्धी में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा गया।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 19 Jun 2026 6:36 PM IST
Dialogue on Mantra of Atmanirbhar Bharat, Story of Development
X

युवाओं को मिला आत्मनिर्भर भारत का मंत्र, विकास की गाथा पर हुआ संवाद (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: देश में विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिखने वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार को सोनभद्र जनपद के दुद्धी में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यूनिवर्सल आइडियल सेवा समिति (यूआईएसएस) के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं और छात्र-छात्राओं को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कौशल विकास कार्यक्रमों से रूबरू कराया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों और भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने इसे विशेष बना दिया।

विकसित भारत के सपने को साकार करने में युवाओं की भूमिका अहम

मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व दुद्धी विधानसभा प्रत्याशी श्रवण सिंह गोंड ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास के हर क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। आधुनिक सड़क नेटवर्क, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, डिजिटल क्रांति, शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और रोजगार के नए अवसरों ने देश को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनने की ओर बढ़ रहा है और सरकार उसकी क्षमता को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।

हुनर से ही खुलेगा सफलता का दरवाजा

विशिष्ट अतिथि एवं भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री सुरेंद्र अग्रहरि ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। सफलता उन्हीं को मिलती है जो अपने कौशल को समय के अनुरूप विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री कौशल विकास समेत विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर अपने भविष्य को मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

संवाद के जरिए दूर की गई युवाओं की जिज्ञासाएं

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रोजगार, प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं से जुड़े कई सवाल पूछे। वक्ताओं ने विस्तार से जवाब देते हुए युवाओं को नई तकनीक, डिजिटल शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का माहौल पूरे समय उत्साह और जागरूकता से भरा रहा। इस मौके पर अरविंद तिवारी, भूपेश चौबे, विष्णु अग्रहरि, मनीष जायसवाल, भोलू जायसवाल सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने, अपने कौशल को निरंतर निखारने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया गया।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story