Sonbhadra News: सोनभद्र में युवक की निर्मम हत्या, ठेमा नदी पुल के नीचे मिला शव

Sonbhadra News: दुद्धी क्षेत्र में ठेमा नदी पुल के नीचे 26 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव मिला, सिर कुचलकर हत्या की आशंका, पुलिस ने जांच तेज कर दी।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 9 Jun 2026 9:47 PM IST
Youth brutally murdered in Sonbhadra, body found under Thema river bridge
X

सोनभद्र में युवक की निर्मम हत्या, ठेमा नदी पुल के नीचे मिला शव (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के मुरता गांव स्थित ठेमा नदी पुल के नीचे मंगलवार शाम एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी भयावह थी कि मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों के रोंगटे खड़े हो गए। युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान महुअरिया निवासी 26 वर्षीय समर सिंह पुत्र मोहन के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर में चल रहे कच्चे मकान के निर्माण कार्य में जुटा था। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे वह घर से निकला, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। कुछ घंटों बाद सूचना मिली कि मुरता गांव के पास ठेमा नदी पुल के नीचे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पहुंचे और शव की पहचान समर सिंह के रूप में की।

धारदार हथियार से किया गया वार

परिजनों का आरोप है कि हत्यारों ने समर सिंह की बेहद क्रूर तरीके से हत्या की है। युवक का सिर पत्थर या बोल्डर से कुचला गया था। शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले। परिजनों ने दावा किया कि उसकी एक आंख क्षतिग्रस्त थी, हाथ पर भी गहरे घाव थे और गले पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। घटनास्थल से एक टूटा हुआ चाकू भी बरामद होने की बात सामने आई है, जिससे हत्या में धारदार हथियार के इस्तेमाल की आशंका और गहरा गई है।

घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में भारी भीड़ जुट गई। मौके पर क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय, कोतवाल धर्मेंद्र सिंह तथा म्योरपुर थाना पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर साक्ष्य जुटाने शुरू किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक और एसओजी टीम को भी जांच में लगाया गया है।

क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने बताया कि शव खून से लथपथ अवस्था में मिला है और मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

इस दर्दनाक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने बताया कि समर सिंह की शादी मात्र दो महीने पहले रासपहरी गांव में हुई थी। पति की मौत की खबर मिलते ही नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में मातम का माहौल है। मृतक चार भाइयों और चार बहनों में शामिल था और सभी भाई-बहनों की शादी हो चुकी है।

पिता की भी हुई थी हत्या

परिजनों ने यह भी बताया कि करीब पांच वर्ष पहले उनके पिता के साथ भी एक गंभीर घटना हुई थी, जिसमें उन्हें मारपीट कर जंगल में फेंक दिया गया था। उस मामले में पंचायत भी हुई थी। ऐसे में परिवार अब इस जघन्य हत्याकांड के पीछे की वजह और अपराधियों की पहचान को लेकर स्तब्ध और चिंतित है।

फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों, आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। पूरे क्षेत्र की निगाहें अब पुलिस की जांच और इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे पर टिकी हैं।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story