TRENDING TAGS :
सपा-कांग्रेस में फिर बढ़ी तकरार! बैठक में भिड़े सपा MLA आशु मलिक और इमरान मसूद, VIDEO
SP-Congress Clash: सहारनपुर की दिशा बैठक में सपा विधायक आशु मलिक और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बीच तीखी नोकझोंक हुई। दोनों नेताओं की बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Image Source- Social Media
SP-Congress Clash: इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) में शामिल कांग्रेस (Congress) और समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के रिश्ते एक बार फिर सहारनपुर में तल्ख नजर आए। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति यानी दिशा (DISHA) की बैठक में अधिकारियों और दूसरे जनप्रतिनिधियों के सामने ही सपा विधायक आशु मलिक (Ashu Malik) और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद (Imran Masood) के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।
दोनों नेताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बैठक में माहौल गरमा गया। इस दौरान उनके बगल में बैठी सपा सांसद इकरा हसन (Iqra Hasan) भी असहज और हतप्रभ नजर आईं। हालांकि उन्होंने पूरे विवाद के दौरान किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं किया। अब इस घटना का वीडियो (Viral Video) भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मुद्दे उठाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
दरअसल, दिशा की बैठक में सपा विधायक आशु मलिक जनता से जुड़ी समस्याओं को उठाने की बात कह रहे थे। इसी दौरान कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने उनके बोलने के तरीके पर आपत्ति जताई। मसूद ने कहा कि आशु मलिक दूसरों को बोलने का मौका ही नहीं दे रहे हैं।
इस पर आशु मलिक नाराज हो गए और उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े सवाल तो उठाए ही जाएंगे। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते बैठक में तीखी नोकझोंक का माहौल बन गया।
एक दूसरे पर जमकर छोड़े तीखे बाण
बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस सांसद इमरान मसूद कर रहे थे। जब आशु मलिक ने सवाल उठाया तो इमरान मसूद ने उस पर आपत्ति जताई। इस पर विधायक ने कहा कि सवाल उनका है और वह जवाब से संतुष्ट नहीं हैं।
इसके बाद इमरान मसूद ने कहा कि आशु मलिक को चेयर की अनुमति लेकर सवाल उठाना चाहिए। इस पर सपा विधायक ने भी पलटकर जवाब दिया कि यह मीटिंग है, कोई आधिकारिक रैली नहीं है।
इस बात पर इमरान मसूद और गर्म हो गए। उन्होंने कहा कि मीटिंग नियम के हिसाब से चलेगी और चेयर की अनुमति के बिना नहीं चलेगी। इस दौरान दोनों नेताओं की ओर से कभी पहले बोलने और कभी ‘लो आप ही बोल लो’ जैसे तीखे जवाब भी सुनने को मिले।
आशु मलिक ने बताया किस बात पर हुआ विवाद
विवाद को लेकर सपा विधायक आशु मलिक ने अपनी तरफ से पूरी बात बताई। उन्होंने कहा कि मामला अनुपूरक सवाल (Supplementary Question) उठाने को लेकर था। उनका कहना था कि जब संबंधित विषय आएगा, तभी उसके आधार पर अनुपूरक सवाल पूछा जाएगा, लेकिन सांसद चाहते थे कि एक बार में ही सब कुछ बोल दिया जाए।
आशु मलिक ने बताया कि बैठक में कैंसर जांच (Cancer Screening) के साथ खाताखेड़ी सड़क (Khatakhedi Road) का मामला भी था। उन्होंने कहा कि खाताखेड़ी की सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं है।
विधायक ने यह भी कहा कि नगर निगम (Municipal Corporation) लोगों से कमर्शियल टैक्स (Commercial Tax) भी वसूल रहा है। उनके मुताबिक मेयर ने भी प्रस्ताव की तस्दीक की है।
आशु मलिक ने कहा कि खाताखेड़ी को नजरअंदाज करके स्मार्ट सिटी (Smart City) की कल्पना करना बेमानी है। उनके मुताबिक जनता से जुड़े ऐसे मुद्दे बैठक में उठाए जाने जरूरी हैं।
सपा के खिलाफ पहले भी मुखर रहे हैं इमरान मसूद
सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन होने के बावजूद इमरान मसूद लगातार अपनी सहयोगी पार्टी के खिलाफ मुखर रहे हैं। उनके ऐसे बयान और रुख कई बार सामने आते रहे हैं, जिनका जवाब देना समाजवादी पार्टी के लिए भी मुश्किल स्थिति पैदा कर देता है।
सहारनपुर की इस बैठक में सपा विधायक आशु मलिक और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बीच हुआ विवाद भी इसी खींचतान को सामने लाता है। एक ही गठबंधन के दो प्रमुख नेताओं के बीच अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने हुई यह नोकझोंक अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।


