TRENDING TAGS :
Rinku-Priya Wedding: सपा सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह 8 जून को करेंगे सगाई, शिव नगरी में होंगे सात फेरे
Rinku-Priya Engagement: सांसद प्रिया सरोज और भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे रिंकू सिंह जल्द ही इंगेजमेंट करने वाले हैं। आठ जून को राजधानी लखनऊ के प्रतिष्ठित होटल में दोनों के रिंग सेरेमनी का आयोजन होगा।
Rinku-Priya Engagement
Rinku-Priya Wedding: जौनपुर की मछलीशहर लोकसभा से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज और भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे रिंकू सिंह जल्द ही इंगेजमेंट करने वाले हैं। आठ जून को राजधानी लखनऊ के प्रतिष्ठित होटल में दोनों के रिंग सेरेमनी का आयोजन होगा। इसके साथ ही दोनों की विवाह की तिथि भी निर्धारित हो गयी है।
प्रिया सरोज और रिंकू सिंह की शादी वाराणसी के होटल ताज में 18 नवंबर 2025 को होगी। प्रिया और रिंकू के विवाह समारोह में राजनीतिक, फिल्म, उद्योग और क्रिकेट जगत के कई नामचीन अतिथि शामिल होंगे। रिंकू सिंह आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से खेलते हैं। प्रिया और रिंकू के रिश्ते की पुष्टि प्रिया सरोज के पिता व केराकत विधानसभा सीट से सपा विधायक तूफानी सरोज ने की थी।
प्रिया-रिंकू की इंगेजमेंट और शादी की तारीख तय
सांसद प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज ने बीते दिनों कहा था कि अलीगढ़ में रिंकू सिंह के परिजनों से मुलाकात हुई थी। उनके परिजन इस विवाह के लिए राजी हैं। रिंकू सिंह के आईपीएल में व्यस्त होने के चलते रिंग सेरेमनी की तारीख तय नहीं हो पा रही थी। आईपीएल खत्म होने को है ऐसे में अब आठ जून को प्रिया सरोज और रिंकू सिंह के रिंग सेरेमनी और शादी की तारीख तय कर दी गयी है। शादी पारंपरिक रीति-रिवाज से की जाएगी।
कौन हैं रिंकू सिंह की होने वाली दुल्हनियां
भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे रिंकू सिंह की होने वाली दुल्हनिया राजनीति जगत का जाना माना नाम हैं। रिंकू सिंह की मंगेतर समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज हैं। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में जौनपुर के मछलीशहर सीट से 26 साल की प्रिया सरोज ने जीत का परचम लहराया था। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी बीपी सरोज को चुनाव में 35, 850 वोटों से मात दी थी।
तूफानी सरोज की बेटी प्रिया सरोज का जन्म 23 नवंबर 1998 को वाराणसी में हुआ था। उनकी प्रांरभिक शिक्षा दीक्षा नई दिल्ली के एयरफोर्स गोल्डन जुबनी इंस्टीट्यूट से हुई। दिल्ली विश्वविद्यालय से उन्होंने स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद नोएडा के एमिटी कॉलेज से प्रिया ने एलएलबी की पढ़ाई की। प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज भी तीन बार लोकसभा सदस्य रह चुके हैं। वर्तमान में तूफानी सरोज केराकत सीट से विधायक हैं।


