Sultanpur News: CM योगी दौरा, 600 करोड़ की परियोजनाओं का होगा लोकार्पण, प्रशासन तैयार

Sultanpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को सुल्तानपुर पहुंचेंगे। 600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे, प्रशासन ने पूरी तैयारियां पूरी की हैं।

Taaquweem Fatma
Published on: 6 July 2026 6:35 PM IST
CM Yogi Daura, projects worth Rs 600 crore to be inaugurated, administration ready
X

CM योगी दौरा, 600 करोड़ की परियोजनाओं का होगा लोकार्पण, प्रशासन तैयार (Photo- Newstrack)

Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को सुल्तानपुर दौरे पर रहेंगे, मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरा प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर है। जिले में सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात और जनसभा स्थल तक सभी तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सभी विभागों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं और लगातार समीक्षा बैठकें आयोजित की जा रही हैं।

600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री करीब 600 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम का मुख्य केंद्र इसौली और सुल्तानपुर विधानसभा क्षेत्र रहेगा, जहां बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान लोक निर्माण विभाग की मंडलीय समीक्षा बैठक भी आयोजित की जाएगी। इस बैठक में मंडल के जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और प्रशासनिक अफसर शामिल होंगे। बैठक में क्षेत्र की सड़क परियोजनाओं, निर्माण कार्यों और लंबित योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री विकास कार्यों की प्रगति पर सीधे अधिकारियों से फीडबैक भी लेंगे।


मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए विशाल पंडाल तैयार किया गया है, जिसकी क्षमता लगभग 10 हजार लोगों की बताई जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य शिविर और सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजाम पूरे किए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से 800 से अधिक वाहनों की पार्किंग के लिए 8 अलग-अलग पार्किंग स्थल भी बनाए गए हैं, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त, ट्रैफिक डायवर्जन की भी तैयारी

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जिले में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस, पीएसी और खुफिया एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं। मुख्यमंत्री के रूट को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन की भी तैयारी की गई है।

जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं। सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं और हर व्यवस्था की बारीकी से मॉनिटरिंग की जा रही है। उनका कहना है कि कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

वहीं स्थानीय स्तर पर मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को जिले के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Taaquweem Fatma
ABOUT THE AUTHOR

Taaquweem Fatma

सुल्तानपुर संवाददाताtaaquweemfatma.newstrackpr@gmail.com

सुल्तानपुर संवाददाता

Next Story