Sultanpur News: शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार, लाखों के जेवरात व नकदी बरामद

Sultanpur News: पुलिस ने अंतर्जनपदीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य सामान बरामद किया गया है।

Taaquweem Fatma
Published on: 14 Jun 2026 6:20 PM IST (Updated on: 15 Jun 2026 1:07 PM IST)
Sultanpur News
X

Sultanpur News(Photo-Social Media)

Sultanpur News: जनपद की पुलिस को अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है, पुलिस ने अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से सुलतानपुर समेत आसपास के कई जनपदों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने चोरी के खुलासे के लिए विशेष अभियान चलाया था जिसके तहत कुड़वार थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर फिरोजपुर कलां तिराहा क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जावेद अहमद, अजीम कुरैशी, मोहम्मद आदिल तथा अजय कुमार कोरी के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले कई दिनों तक संभावित मकानों और आसपास के क्षेत्रों की रेकी करते थे। गिरोह के सदस्य वारदात के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते थे, ताकि पुलिस उनकी लोकेशन ट्रेस न कर सके। चोरी के बाद जेवरातों को खपाने के लिए सुनारों और सर्राफा कारोबारियों की मदद ली जाती थी। पुलिस ने मामले में एक सर्राफा कारोबारी की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक गिरोह ने हाल ही में कोतवाली नगर क्षेत्र में प्रतिष्ठित डॉक्टर संजय मिश्रा के आवास पर हुई बड़ी चोरी सहित जयसिंहपुर, कुड़वार तथा प्रतापगढ़ जनपद के कई इलाकों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने कई मामलों का खुलासा सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर किया।

बरामद सामान

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 2 लाख 40 हजार रुपये नकद, सोने के चार हार, अंगूठियां, झुमके, मंगलसूत्र समेत अन्य कीमती आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा चांदी के पायल, बिछिया, कमरबंद और अन्य जेवरात भी बरामद हुए हैं। चोरी में प्रयुक्त उपकरण भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।

कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों पर पूर्व में भी चोरी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के सदस्यों का आपराधिक इतिहास सुलतानपुर समेत अन्य जनपदों में भी रहा है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

इस कार्रवाई में कुड़वार थाना प्रभारी प्रवीण कुमार यादव, एसओजी प्रभारी शिवानंद, उपनिरीक्षक दिनेश यादव, उपनिरीक्षक अविनाश चंद्र चौकी प्रभारी शाहगंज सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने पूरी टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से जिले में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Taaquweem Fatma
ABOUT THE AUTHOR

Taaquweem Fatma

सुल्तानपुर संवाददाता

Next Story