TRENDING TAGS :
Sultanpur: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस हादसा, सेना के जवान के शव के साथ जा रहे 4 लोगों की मौत
Sultanpur News: सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन से एंबुलेंस की टक्कर हो गई। चंडीगढ़ से सेना के जवान का शव लेकर देवरिया जा रही एंबुलेंस के हादसे में चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई।
Sultanpur News
Sultanpur News: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एंबुलेंस चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई। एंबुलेंस चंडीगढ़ से सेना के जवान का शव लेकर देवरिया जा रही थी। इसी दौरान किमी 79.3 के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में मृतक सेना के जवान के तीन परिजन और एंबुलेंस चालक की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के गलिया दुधैला निवासी सूबेदार सत्यवान सिंह का शव चंडीगढ़ से एंबुलेंस के जरिए उनके परिजन देवरिया लेकर जा रहे थे। एंबुलेंस में उनके बेटे गौरव सिंह, भाई राजन सिंह और भतीजे राम समुझ सवार थे। रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे एंबुलेंस जब पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किमी 79.3 पर पहुंची, तभी वह अनियंत्रित होकर आगे चल रहे अज्ञात वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम और हलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद एंबुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में एंबुलेंस चालक जसपाल समेत चार लोगों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर हलियापुर थाने पहुंचाया। मृतक सूबेदार सत्यवान सिंह का शव भी सुरक्षित थाने में रखवाया गया है। घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। हलियापुर थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दुर्घटना में चार लोगों की मौत हुई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


