TRENDING TAGS :
टाटा मोटर्स लखनऊ प्लांट की बड़ी उपलब्धि, 10 लाखवीं कमर्शियल गाड़ी को हरी झंडी दिखाएंगे सीएम योगी
Tata Motors Lucknow plant: यूपी की औद्योगिक प्रगति में बुधवार को एक ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ने जा रही है। सीएम योगी लखनऊ स्थित टाटा मोटर्स के प्लांट में निर्मित 10 लाखवीं कमर्शियल गाड़ी को हरी झंडी दिखाएंगे।
Tata Motors Lucknow plant: उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति में बुधवार को एक ऐतिहासिक पड़ाव जुड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ स्थित टाटा मोटर्स के प्लांट में निर्मित 10 लाखवीं कमर्शियल गाड़ी को हरी झंडी दिखाएंगे। इस ऐतिहासिक क्षण पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अतिरिक्त टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक भी मौजूद रहेंगे। यह उपलब्धि न केवल कंपनी के लिए, बल्कि पूरे प्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य के लिए गर्व का विषय होगी।
सरकार का लक्ष्य एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाना
यह माइलस्टोन वाहन एक जीरो-एमिशन इलेक्ट्रिक बस है, जो राज्य और कंपनी की ग्रीन मोबिलिटी के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश की नेट-जीरो 2070 की परिकल्पना और कंपनी के 2045 के लक्ष्य के अनुरूप है। यह प्रदेश की स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने का है, जिसमें औद्योगिक निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार सृजन अहम भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में यह उपलब्धि प्रदेश के औद्योगिक आत्मविश्वास को और मजबूत करेगी तथा निवेशकों के लिए सकारात्मक संदेश देगी।
8 हजार से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराता है
करीब तीन दशकों से अधिक समय से संचालित यह प्लांट प्रदेश में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और कौशल विकास का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। 1992 में स्थापित लखनऊ प्लांट आज प्रदेश में 8 हजार से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराता है और कौशल विकास के लिए ‘कौशल्या’, ‘लक्ष्य’ और ‘सक्षम’ जैसे प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित करता है। साथ ही, यह 100% नवीकरणीय ऊर्जा से संचालित और जल-सकारात्मक सुविधा के रूप में पर्यावरण संरक्षण का भी उदाहरण प्रस्तुत करता है।
जानें राज्य सरकार इस पर क्या कहती है?
राज्य सरकार का कहना है कि निवेश को प्रोत्साहन देने और उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने की नीति का ही परिणाम है कि बड़ी कंपनियां उत्तर प्रदेश में अपने प्रोजेक्ट्स का विस्तार कर रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई बार कहा है कि प्रदेश को “उत्तम प्रदेश” बनाने के लिए औद्योगिक विकास सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ है।


