TRENDING TAGS :
Unnao News: 594 KM के गंगा एक्सप्रेसवे पर 3 फीट पानी, बारिश ने खोली जलनिकासी की पोल
Unnao News: उन्नाव में बारिश के बाद गंगा एक्सप्रेसवे की इंट्री रोड और औद्योगिक गलियारे की सर्विस रोड पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया।
594 KM के गंगा एक्सप्रेसवे पर 3 फीट पानी, बारिश ने खोली जलनिकासी की पोल (Photo- Newstrack)
Unnao News: उन्नाव में लगातार हो रही बारिश के बाद देश के चर्चित गंगा एक्सप्रेसवे की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। लखनऊ-कानपुर राजमार्ग से गंगा एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाली इंट्री टोल गेट रोड पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया है। पूरी सड़क जलमग्न नजर आने से राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इंट्री रोड पर जलभराव, पानी निकालने में जुटी टीम
जलभराव की सूचना मिलते ही कार्यदायी संस्था की टीम मौके पर पहुंची और सड़क से पानी निकालने का काम शुरू किया। ट्रैक्टर के जरिए पंपिंग सेट लगाकर पानी बाहर निकाला जा रहा है। इसके अलावा गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे बन रहे औद्योगिक गलियारे की सर्विस रोड भी जलभराव की चपेट में आ गई है। लगातार बारिश के बीच दोनों प्रमुख सड़कों पर पानी भरने से जलनिकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
594 किलोमीटर लंबा है गंगा एक्सप्रेसवे
गंगा एक्सप्रेसवे की लंबाई करीब 594 किलोमीटर है। इसके निर्माण पर लगभग 36 हजार 230 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। यह मेरठ से प्रयागराज तक छह लेन का एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे है, जिसे भविष्य में आठ लेन तक विस्तार योग्य बनाया गया है।
2021 में हुआ था शिलान्यास
गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना का शिलान्यास 18 दिसंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शाहजहांपुर में किया था। इसके बाद 29 अप्रैल 2026 को हरदोई के श्यामपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका उद्घाटन किया था। उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत तमाम मंत्री शामिल हुए थे।
बारिश के बाद जलनिकासी पर उठे सवाल
इतनी बड़ी परियोजना में बारिश के बाद इंट्री रोड और सर्विस रोड पर दो से तीन फीट तक पानी भरने से जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी मात्रा में पानी सड़क पर क्यों जमा हुआ और क्या जलनिकासी व्यवस्था में कहीं कमी रह गई। बारिश के साथ उठे ये सवाल अब जिम्मेदारों से जवाब मांग रहे हैं।


