TRENDING TAGS :
Unnao News: खेल मैदान की जमीन से हटाया गया अवैध मदरसा, चलाया बुलडोजर; भारी पुलिस बल रहा तैनात
Unnao News: उन्नाव में खेल मैदान की भूमि पर बने कथित अवैध मदरसे को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई के जरिए हटाया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।
Unnao News(Photo-Social Media)
Unnao News: जिले के माखी थाना क्षेत्र के इंसुनिया गांव में रविवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खेलकूद के मैदान के लिए आरक्षित सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटवा दिया। राजस्व न्यायालय के आदेश के अनुपालन में प्रशासन ने भारी पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कराया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार ग्राम इंसुनिया स्थित गाटा संख्या 122 की करीब 0.835 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में खेलकूद के मैदान के रूप में दर्ज है। जांच के दौरान इस भूमि पर अवैध रूप से मदरसा संचालित होने की जानकारी सामने आई थी। ग्रामीणों की शिकायत के बाद मामला राजस्व न्यायालय पहुंचा, जहां सुनवाई के उपरांत संबंधित पक्ष को बेदखल करने का आदेश जारी किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि कब्जा हटाने के लिए संबंधित पक्ष को 3 जून को नोटिस दिया गया था। इसके बाद भी प्रशासन की ओर से कई बार स्वयं कब्जा हटाने का अवसर दिया गया, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते रविवार को प्रशासन ने नियमानुसार बलपूर्वक कब्जा हटाने की कार्रवाई की।
इससे एक दिन पहले शनिवार को बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता गांव पहुंचे थे और खेल मैदान की भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की थी। उनके पहुंचने से कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी, लेकिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया और शांति व्यवस्था बनाए रखी।
एसडीएम क्षितिज द्विवेदी ने बताया कि राजस्व न्यायालय के आदेश के तहत यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि कब्जा हटाने के बाद अब इस भूमि को खेलकूद के मैदान के रूप में विकसित किया जाएगा। मैदान की सुरक्षा के लिए पूरे क्षेत्र में तार फेंसिंग कराई जाएगी ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो सके। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।


