Unnao में 4,000 करोड़ से बनेगी आईटी सिटी, 2,500 युवाओं को रोजगार की उम्मीद

Unnao News: उन्नाव के दही क्षेत्र में 57 एकड़ जमीन पर आईटी सिटी विकसित करने की तैयारी, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और डेटा सेंटर की भी संभावना।

Shaban Malik
Published on: 17 Oct 2026 10:54 PM IST
Rs 4,000 crore IT city to be built in Unnao, 2,500 youths called for employment
X

Unnao में 4,000 करोड़ से बनेगी आईटी सिटी, 2,500 युवाओं को रोजगार की उम्मीद (Photo- Newstrack)

Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव को औद्योगिक और तकनीकी हब बनाने की दिशा में आईटी सिटी विकसित करने की योजना सामने आई है। सांसद साक्षी महाराज की ओर से इस संबंध में पहल किए जाने की बात कही जा रही है। योजना के तहत उन्नाव के दही क्षेत्र में करीब 57 एकड़ निजी जमीन पर चार हजार करोड़ रुपये के निवेश से आईटी सिटी हब विकसित करने की तैयारी है। इस परियोजना के धरातल पर उतरने से करीब 2,500 युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में रोजगार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर की गई पहल

उन्नाव में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सांसद साक्षी महाराज ने केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर स्थापित करने का आग्रह किया है। इस पहल का उद्देश्य उन्नाव में तकनीकी कंपनियों और उद्योगों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करना बताया जा रहा है।

आईटी कंपनियों और स्टार्टअप को मिल सकती हैं सुविधाएं

दही क्षेत्र में प्रस्तावित आईटी सिटी हब में आईटी कंपनियों, स्टार्टअप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई और डीप-टेक से जुड़े संस्थानों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इससे तकनीकी क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होने की संभावना है। हालांकि, परियोजना की स्थापना और निर्माण से जुड़ी आगे की प्रक्रिया के बारे में अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

लखनऊ-उन्नाव के बीच डेटा सेंटर क्लस्टर की संभावना

आईटी सिटी के साथ ही लखनऊ और उन्नाव के बीच डेटा सेंटर क्लस्टर विकसित करने की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। यदि इन योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जाता है, तो उन्नाव में औद्योगिक गतिविधियों और तकनीकी क्षेत्र के विस्तार को बढ़ावा मिल सकता है। फिलहाल, चार हजार करोड़ रुपये की प्रस्तावित परियोजना के धरातल पर उतरने और रोजगार के अवसर पैदा होने को लेकर आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।

Shaban Malik
ABOUT THE AUTHOR

Shaban Malik

उन्नाव संवाददाताshabanmalik.newstrackpr@gmail.com
Next Story