जीत गए तो रोना मत कि हम ठाकुर हैं... BJP विधायक की खुली धमकी से यूपी में सियासी बवाल, बोलें- वरना भाग जाना

यूपी के उन्नाव की पुरवा सीट से बीजेपी विधायक अनिल सिंह का विरोधियों को चेतावनी देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Sachin Singh
Published on: 6 Nov 2026 8:48 PM IST (Updated on: 6 Nov 2026 8:53 PM IST)
जीत गए तो रोना मत कि हम ठाकुर हैं... BJP विधायक की खुली धमकी से यूपी में सियासी बवाल, बोलें- वरना भाग जाना
X

UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से राजनीतिक माहौल गर्म होने लगा है। नेताओं के बयान और चुनावी तैयारियों के बीच उन्नाव की पुरवा सीट से बीजेपी विधायक अनिल सिंह का एक ऐसा बयान सामने आया है, जिसने जिले की सियासत में हलचल बढ़ा दी है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में विधायक अपने विरोधियों को खुली चुनौती देते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने विरोध करने वालों को तीन महीने का समय देते हुए कहा कि अगर उनमें दम है तो उन्हें चुनाव में हराकर दिखाएं। लेकिन अगर वे ऐसा नहीं कर पाए और वह दोबारा विधायक बन गए तो बाद में किसी तरह की शिकायत नहीं होनी चाहिए।

'तीन महीने का समय है, जितना दम लगाना है लगा लो'

वायरल वीडियो में अनिल सिंह कहते सुनाई दे रहे हैं कि जो भी उनका विरोध करना चाहता है, वह खुलकर सामने आए। उन्हें किसी के विरोध करने से परेशानी नहीं है। लेकिन विरोध करने वालों को यह भी समझ लेना चाहिए कि अगर वे चुनाव में उन्हें हरा नहीं पाए तो जीत के बाद शिकायत करने का कोई मतलब नहीं होगा।

विधायक ने कहा, "मान लो हरा नहीं पाए और हम जीत गए तो फिर रोना मत कि हम ठाकुर हैं, पंडित हैं, लोधी हैं और विधायक जी परेशान कर रहे हैं। दुश्मन तो दुश्मन होता है, चाहे वह अपना भाई हो या बाहर का।"

उन्होंने आगे कहा कि अनिल सिंह खुद विरोधियों को तीन महीने का समय दे रहे हैं। जो करना है, इसी दौरान कर लें। अगर चुनाव में उन्हें नहीं हरा पाए तो पुरवा छोड़कर चले जाएं। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

'पुरवा में सिर्फ अनिल सिंह का दबदबा रहेगा'

बीजेपी विधायक ने अपने बयान में यह भी कहा कि पुरवा में कोई बाहरी व्यक्ति उन्हें चुनाव में नहीं हरा सकता। इसके लिए स्थानीय लोगों को एकजुट होकर उनके खिलाफ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने अपने दबदबे का जिक्र करते हुए कहा कि पुरवा में उनका प्रभाव है और आगे भी बना रहेगा।

अनिल सिंह के इस बयान का लहजा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। खास तौर पर विरोधियों को इलाका छोड़ने की चेतावनी देने वाले उनके शब्दों पर सियासी हलकों में सवाल उठ रहे हैं।

वोट नहीं देना है तो साफ मना कर दीजिए: विधायक

विधायक ने अपने बयान में विरोध और बदतमीजी के बीच फर्क समझाने की कोशिश भी की। उन्होंने कहा कि किसी को वोट न देना विरोध का हिस्सा है और इसमें कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। अगर वह हाथ जोड़कर वोट मांगने जाएं और कोई उन्हें वोट देने से मना कर दे तो वह आगे बढ़ जाएंगे।

उन्होंने कहा कि लोग बीजेपी के नाम पर वोट देना चाहते हैं तो दें, नहीं तो मना कर सकते हैं। लेकिन उनका कटोरा छीनने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।

योगी-मोदी सरकार का भी किया जिक्र

अनिल सिंह ने अपने बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन सरकारों के जाने के बाद गुंडे फिर बाहर निकलकर लोगों को लूटने लगेंगे। साथ ही उन्होंने लोगों से जातियों में नहीं बंटने की अपील की।

फिलहाल विधायक का यह वीडियो सामने आने के बाद पुरवा से लेकर उन्नाव तक राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। चुनाव से पहले विरोधियों को दी गई इस चुनौती और उनके दबदबे वाले बयान पर अब दूसरे राजनीतिक दलों और स्थानीय नेताओं की प्रतिक्रिया पर नजर रहेगी।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story