Unnao Police Encounter: चाकुओं से गोदकर दी थी साधु को मौत...पुलिस ने ढेर किया 1 लाख का इनामी इसराइल

Unnao Police Encounter: उन्नाव में साधु मिलनदास हत्याकांड का मुख्य आरोपी और 1 लाख रुपये का इनामी बदमाश इसराइल पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। आरोपी ने आत्मसमर्पण के बजाय पुलिस पर फायरिंग की थी।

Aditya Kumar Verma
Published on: 15 Jun 2026 9:12 AM IST
Unnao Police Encounter
X

Ai Edited Image

Unnao Police Encounter: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के उन्नाव (Unnao) जिले में साधु मिलनदास हत्याकांड (Milandas Murder Case) के मुख्य आरोपी इसराइल उर्फ इजराइल को पुलिस ने मुठभेड़ (Encounter) में मार गिराया है। आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह हत्या की वारदात के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरा

पुलिस अधीक्षक के अनुसार 15 जून की तड़के करीब 3 बजकर 40 मिनट पर बांगरमऊ थाना पुलिस और एसओजी (SOG) टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाबा मिलनदास हत्याकांड का वांछित आरोपी और एक लाख रुपये का इनामी बदमाश इसराइल उर्फ इजराइल आगरा एक्सप्रेस-वे (Agra Expressway) की सर्विस रोड पर स्थित ताजपुर अंडरपास के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को घेर लिया।

पुलिस पर झोंकी गोलियां

पुलिस के अनुसार आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन उसने सरेंडर करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान इसराइल को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जिसक बाद घायल अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त चाकू, एक 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

मुठभेड़ में एसओजी का सिपाही घायल

मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम भी हमले की चपेट में आई। एक गोली उप निरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई। वहीं एसओजी के आरक्षी विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए। घायल आरक्षी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

चाकुओं से गोदकर की गई थी साधु की हत्या

गौरतलब है कि उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के घूरे टोला में साधु मिलनदास अपनी जमीन पर मंदिर (Temple) का निर्माण करवा रहे थे। उनके घर के पास रहने वाले इजरायल, यामीन और शफी समेत कुछ लोगों को वहां होने वाले भजन-कीर्तन पर आपत्ति थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी।

पुलिस के अनुसार इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने 9 जून को साधु मिलनदास को एक स्थान पर बुलाया और चाकुओं से गोदकर उनकी हत्या कर दी थी। इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी इसराइल घटना के बाद से फरार था।

एक लाख का इनामी था आरोपी

साधु हत्याकांड के बाद से फरार चल रहे इसराइल उर्फ इजराइल पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। आखिरकार मुखबिर की सूचना पर हुई मुठभेड़ में उसका अंत हो गया। अब पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी कर रही है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story