Unnao News: सोनिक क्रिकेट स्टेडियम पर गहराया विवाद, मोहसिन रजा ने लगाए अनियमितता के आरोप, सीबीआई जांच की मांग

Unnao News: उन्नाव के सोनिक क्रिकेट स्टेडियम पर विवाद, मोहसिन रजा ने करोड़ों की अनियमितता के आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच की मांग की।

Shaban Malik
Published on: 16 Jun 2026 1:16 PM IST (Updated on: 16 Jun 2026 3:10 PM IST)
Unnao News: सोनिक क्रिकेट स्टेडियम पर गहराया विवाद, मोहसिन रजा ने लगाए अनियमितता के आरोप, सीबीआई जांच की मांग
X

Unnao Sonic Cricket Stadium Row

Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जनपद के सोनिक क्षेत्र में निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम और क्रिकेट एकेडमी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। उत्तर प्रदेश वक्फ एवं हज बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन रजा ने परियोजना स्थल का निरीक्षण करने के बाद निर्माण कार्यों में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है।

निरीक्षण के दौरान मोहसिन रजा ने स्टेडियम परिसर, निर्माणाधीन भवनों और खिलाड़ियों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद न तो आधुनिक क्रिकेट एकेडमी तैयार हो सकी है और न ही खिलाड़ियों के लिए मानकों के अनुरूप खेल मैदान विकसित किया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई परियोजना अपने मूल लक्ष्य से भटकती नजर आ रही है। उनका कहना है कि जिस स्तर की खेल अधोसंरचना विकसित की जानी थी, वह धरातल पर दिखाई नहीं दे रही है।मोहसिन रजा ने कहा कि क्रिकेट स्टेडियम और एकेडमी जैसी परियोजनाएं युवाओं की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, लेकिन यदि इनमें पारदर्शिता नहीं बरती जाती है तो इसका सीधा नुकसान खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं को उठाना पड़ता है।

उन्होंने यूपी क्रिकेट प्रशासन से जुड़े कुछ लोगों पर भी धन के दुरुपयोग के आरोप लगाए और कहा कि करोड़ों रुपये की इस परियोजना में यदि अनियमितता हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले की जांच नहीं कराई गई तो वह प्रदेश स्तर पर अभियान चलाकर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएंगे। हालांकि, मोहसिन रजा द्वारा लगाए गए आरोपों पर संबंधित विभाग और क्रिकेट प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Shaban Malik
ABOUT THE AUTHOR

Shaban Malik

Next Story