उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य हादसे का शिकार, जानें कैसे हुआ एक्सीडेंट

DCM Keshav Prasad Maurya Car Accident: बरेली में उपमुख्यमंत्री के काफिले की एक गाड़ी अचानक सड़क पर आई गाय से टकरा गई। इस टक्कर में गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है, हालांकि हादसे में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

Prashant Vinay Dixit
Published on: 10 Jan 2026 7:54 PM IST
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य हादसे का शिकार, जानें कैसे हुआ एक्सीडेंट
X

DCM Keshav Prasad Maurya Car Accident: प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के काफिले के साथ शनिवार को बरेली में एक सड़क दुर्घटना हो गई। बारादरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक ढाबे के सामने उपमुख्यमंत्री के काफिले की एक गाड़ी अचानक सड़क पर आई गाय से टकरा गई। इस टक्कर में गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है, हालांकि हादसे में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का काफिला बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र से गुजर रहा था। जब काफिला बजरंग ढाबा के समीप पहुंचा ही था कि अचानक एक गाय सड़क के बीचों-बीच आ गई। रफ्तार अधिक होने के कारण काफिले में शामिल एक सुरक्षा वाहन और डिप्टी सीएम की गाड़ी के आगे चल रहे वाहन के बीच तालमेल बनाने की कोशिश की गई, लेकिन गाड़ी गाय से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया।

उपमुख्यमंत्री सुरक्षित

अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और उपमुख्यमंत्री की स्थिति का जायजा लिया। हादसे के तुरंत बाद काफिले को रोक दिया गया। गनीमत रही कि केशव प्रसाद मौर्य को कोई चोट नहीं आई। वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। कुछ देर मौके पर रुकने और सुरक्षा प्रोटोकॉल की जांच के बाद, डिप्टी सीएम को काफिले की दूसरी सुरक्षित गाड़ी में बैठाया गया, जिसके बाद वह अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

अमले में मचा हड़कंप

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बारादरी थाना क्षेत्र में हुए वाकये के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर ट्रैफिक को रोक दिया गया था, जिसे बाद में सुचारू रूप से चालू कराया गया। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आवारा पशुओं की समस्या के कारण अक्सर इस मार्ग पर हादसे होते रहते हैं। फिलहाल, क्षतिग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से रास्ते से हटा दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Prashant Vinay Dixit
ABOUT THE AUTHOR

Prashant Vinay Dixit

Prashant Vinay Dixit is a former Reporter at Newstrack.com.

Next Story