UP Election 2022: सतीशचंद्र मिश्रा भाजपा पर हमलावर, कहा- बिरादरी विशेष के अपराधियों को दिया जा रहा संरक्षण

Sonbhadra Satish chandra Mishra: बसपा महासचिव ने बीजेपी और सपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा दोनों पार्टियों में बिरादरी विशेष के अपराधियों को दिया जा रहा संरक्षण।

UP Election 2022: सतीशचंद्र मिश्रा भाजपा पर हमलावर, कहा- बिरादरी विशेष के अपराधियों को दिया जा रहा संरक्षण
सतीश चंद्र मिश्रा की तस्वीर 
Follow us on

UP Election 2022: चुनाव प्रचार अभियान के दौरान जिले में तीसरी बार आए बसपा महासचिव सतीशचंद्र मिश्रा ने शनिवार को दोपहर बाद ओबरा में हुई जनसभा में भाजपा-सपा पर जमकर निशाना साधा। सपा सरकार में जहां गुंडों-माफियाओं को संरक्षण मिलने का आरोप लगाया। वहीं भाजपा को झूठ बोलने वाली पार्टी करार दिया। भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त होने का आरोप लगाते हुए कहा कि हर दो घंटे एक महिला के उत्पीड़न की खबर सामने आ रही है। महंगाई चरम परे है। नौकरियां गायब हैं। युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा है।

उन्होंने लखीमपुर कांड का जिक्र करते हुए भाजपा पर आरोपों की तीखी बौछार की। कहा कि मिर्जापुर मंडल में भाजपा के लोगों का ध्यान खनिज संपदा को लूटने और ज्यादा से ज्यादा पैसा कमाने पर लगा हुआ है। भाजपा सरकार में ब्राह्मणों-दलितों का उत्पीड़न होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार में बिरादरी देखकर अधिकारियों पर कार्रवाई हो रही है।

बिरादरी विशेष के अपराधियों-माफियाओं को संरक्षण दिया जा रहा है। कहा कि सपा और भाजपा दोनों सरकारों में संपदा लूटने और कमीशनखोरी की होड़ सी मची हुई है। अगर विश्व स्तर पर झूठ बोलने की प्रतियोगिता करा दी जाए तो उसमें भाजपा पहले स्थान पर नजर आएगी। कहा कि एक तरफ ब्राह्मण नेताओं के अस्तित्व को कुचलने का काम किया गया, वहीं एक बिरादरी विशेष के अपराधियों-माफियाओं को खूब संरक्षण दिया गया। कहा कि मायावती सरकार एक ऐसी सरकार रही है, जिसमें सभी समाज के हितों का ख्याल रखा गया है।

बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा की तस्वीर 
बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा की तस्वीर 

किसी भी जाति-बिरादरी का अपराधी हो, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। विकास कार्यों में कोई भेदभाव नहीं किया गया है। कहा कि रोजगार के नाम पर यह सरकार सिर्फ लोगों को झूठे सपने दिखाकर ठगने का काम कर रही है। पीडब्ल्यूडी हो, नगरपालिका हो या कोई अन्य विभाग हो, सभी जगह भ्रष्टाचार चरम पर है। कहा कि सोनभद्र का पैसा सोनभद्र में खर्च हो, इसका मायावती सरकार ने सदैव ध्यान रखा लेकिन बाद की सरकारों ने इससे सिर्फ अपना खजाना भरने का काम किया। पैसा कमाने, पैसा उगाने, भ्रष्टाचार पर ही ध्यान बना हुआ है। कोराना काल के दौरान सामने आई घटनाओं को लेकर भी निशाना साधा।