2027 के लिए योगी का मास्टर प्लान! हर बूथ पर 50 नए वोटर जोड़ेगी BJP; कल से अभियान

2027 में सत्ता बचाने के लिए बीजेपी ने चुनाव से पहले ही वोटर लिस्ट पर ताकत झोंक दी है। हर बूथ पर 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य और 86.86 लाख नए वोटरों की तैयारी के साथ यह अभियान प्रदेश में कल से शुरू हो रहा है।

Alakha Singh
Published on: 13 Nov 2026 5:01 PM IST (Updated on: 13 Nov 2026 5:04 PM IST)
2027 के लिए योगी का मास्टर प्लान! हर बूथ पर 50 नए वोटर जोड़ेगी BJP; कल से अभियान
X

UP Chunav 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात अभी से बिछने लगी है। बीजेपी ने चुनावी मुकाबले से पहले ही मतदाता सूची को लेकर बड़ा संगठनात्मक अभियान छेड़ने की तैयारी कर ली है। पार्टी की नजर सिर्फ वोटर लिस्ट से गायब नामों को जुड़वाने पर नहीं, बल्कि नए मतदाताओं को अपने चुनावी नेटवर्क से जोड़ने पर भी है। इसके लिए बीजेपी ने 86 लाख से ज्यादा नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा है। SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण को पार्टी ने 2027 की चुनावी तैयारी के बड़े मौके के रूप में लिया है। शुक्रवार को लखनऊ में हुई प्रदेश स्तरीय कार्यशाला के बाद अब शनिवार से संगठन जमीन पर उतरने की तैयारी में है।

SIR के बहाने BJP का बूथ स्तर पर बड़ा सियासी अभियान

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने 'मतदाता जोड़ो अभियान-2026' का खाका तैयार कर लिया है। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के जरिए पार्टी हर बूथ पर नए मतदाताओं को जोड़ने और मतदाता सूची से छूटे लोगों के नाम दर्ज कराने की मुहिम चलाएगी।

शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अभियान की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में सभी जिलाध्यक्षों और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को साफ निर्देश दिया गया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण को गंभीरता से लेते हुए अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाया जाए।

योगी के 1.27 करोड़ मतदाताओं वाले दावे ने बढ़ाई बीजेपी की सक्रियता

बीजेपी की इस रणनीति के पीछे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से उठाया गया मतदाता सूची का मुद्दा भी अहम है। सीएम योगी ने पंचायत और विधानसभा मतदाता सूचियों के बीच अंतर का हवाला देते हुए दावा किया था कि करीब 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम पंचायत की वोटर लिस्ट में हैं, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं।

इसके अलावा पार्टी की नजर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों पर भी है। बीजेपी पंचायत मतदाता सूची, राशन कार्ड धारकों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सूची के जरिए ऐसे लोगों की पहचान करेगी, जिनका नाम विधानसभा की वोटर लिस्ट में नहीं है।

राजनीतिक रूप से इस अभियान का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है, क्योंकि बीजेपी मतदाता सूची के पुनरीक्षण को केवल प्रशासनिक प्रक्रिया तक सीमित नहीं रखना चाहती। पार्टी इसे अपने संगठन को घर-घर तक सक्रिय करने और नए मतदाताओं तक पहुंच बनाने के अभियान के रूप में भी इस्तेमाल कर रही है।

हर बूथ पर 50 नए वोटर जोड़ने का टारगेट

बीजेपी ने प्रदेश के सभी 1 लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों पर कम से कम 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य तय किया है। इस हिसाब से पार्टी का लक्ष्य करीब 86 लाख 86 हजार 500 नए मतदाताओं को जोड़ने का है। पार्टी की ओर से साझा आंकड़े में यह लक्ष्य 86 लाख 86 हजार 600 बताया गया है।

यानी बीजेपी की नजर सीधे तौर पर करीब 86.86 लाख नए मतदाताओं पर है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए जिलाध्यक्षों से लेकर बूथ अध्यक्षों और बीएलए तक को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।

17 नवंबर से शुरू होगी वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने की प्रक्रिया

भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक उत्तर प्रदेश की विधानसभा क्षेत्रों की ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया चलेगी।

बीजेपी इसी अवधि को अपने एक महीने के मतदाता जोड़ो अभियान के रूप में इस्तेमाल करेगी। पार्टी ने अभियान को कई चरणों में बांटा है।

1. 13 नवंबर: प्रदेश स्तरीय कार्यशाला

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यशाला में बीएलए-1, क्षेत्र और जिला मतदाता सूची प्रमुख, आईटी संयोजक, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, क्षेत्र अध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष शामिल हुए। इन्हें अभियान की रणनीति और जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।

2. 16 से 18 नवंबर: जिला स्तर पर बैठकें

हर जिले में संगठनात्मक बैठकें होंगी। इनमें जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, बीएलए-1, विधानसभा प्रभारी, विस्तारक, आईटी प्रमुख और मोर्चों के जिलाध्यक्ष शामिल होंगे। इन बैठकों में विधानसभा और बूथ स्तर पर अभियान का खाका तैयार किया जाएगा।

3. 19 से 21 नवंबर: विधानसभा स्तर पर रणनीति

विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें आयोजित कर शक्ति केंद्रों और बूथों के हिसाब से जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। इसमें सांसद, विधायक, एमएलसी, जिला पंचायत अध्यक्ष, मेयर, ब्लॉक प्रमुख, नगर निकायों के जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष और युवा व महिला मोर्चे के पदाधिकारी शामिल होंगे।

कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के साथ फॉर्म-6 और फॉर्म-8 भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्हें आवेदन भरने की प्रक्रिया समझाई जाएगी।

4. 22 से 24 नवंबर: घर-घर पहुंचेगी BJP

ये तीन दिन अभियान के लिहाज से बेहद अहम होंगे। पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ स्तर पर उतरकर घर-घर संपर्क करेंगे। शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, बूथ अध्यक्ष और बीएलए-2 मिलकर मतदाता सूची में छूटे नामों की पहचान करेंगे।

22 नवंबर को पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी किसी न किसी बूथ पर जाकर अभियान में हिस्सा लेगा। जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी पदाधिकारियों को बूथ और विधानसभा की जिम्मेदारी सौंपेंगे।

इन 8 श्रेणियों के मतदाताओं पर BJP की खास नजर

बीजेपी ने मतदाता जोड़ो अभियान के लिए आठ श्रेणियों पर विशेष फोकस तय किया है।

नए युवा मतदाता: वे युवा जो 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे।

शादी के बाद दूसरी जगह आई महिलाएं: ऐसी महिलाएं जो शादी के बाद ससुराल में रह रही हैं, लेकिन उनका नाम वहां की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।

पंचायत मतदाता: जिनका नाम ग्राम पंचायत की वोटर लिस्ट में है, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं है।

सरकारी योजनाओं के लाभार्थी: जिनका नाम सरकारी योजनाओं की लाभार्थी सूची में है, लेकिन वोटर लिस्ट में नहीं है।

राशन कार्ड धारक: ऐसे लोग जिन्हें राशन मिल रहा है, लेकिन मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज नहीं है।

अस्थायी रूप से बाहर रहने वाले लोग: काम या अन्य कारणों से कुछ समय के लिए दूसरे स्थान पर रहने वाले ऐसे लोग, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया।

पंचायत सहायकों की मदद: पंचायत सहायकों से जानकारी लेकर छूटे हुए मतदाताओं की पहचान की जाएगी।

कमल साथी ऐप: पंचायत और अन्य उपलब्ध सूचियों को बूथ व विधानसभा के हिसाब से डाउनलोड कर अभियान में इस्तेमाल किया जाएगा।

महिला वोटरों को जोड़ने के लिए 28 से 30 नवंबर तक विशेष अभियान

बीजेपी ने महिला मतदाताओं को जोड़ने के लिए 28, 29 और 30 नवंबर को विशेष अभियान चलाने का फैसला किया है। इसका संयोजन महिला मोर्चा करेगा, लेकिन इसमें पार्टी के सभी महिला पदाधिकारी और महिला जनप्रतिनिधि शामिल होंगी।

इस अभियान में खासतौर पर शादी के बाद ससुराल पहुंचीं उन महिलाओं पर फोकस होगा, जिनका नाम नई जगह की मतदाता सूची में नहीं जुड़ा है। सामूहिक विवाह योजना की लाभार्थी महिलाओं को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं, आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूहों और बीसी सखियों से संपर्क कर सहयोग लिया जाएगा। महिला कार्यकर्ता घर-घर जाकर पात्र महिलाओं का मतदाता पंजीकरण कराने की कोशिश करेंगी।

युवाओं को साधने के लिए 1 से 3 दिसंबर तक अभियान

युवा मतदाताओं को जोड़ने की जिम्मेदारी बीजेपी युवा मोर्चा को दी गई है। 1, 2 और 3 दिसंबर को विशेष युवा मतदाता अभियान चलाया जाएगा।

इसमें 18 से 25 वर्ष के युवाओं पर विशेष ध्यान रहेगा। खास तौर पर उन युवाओं को मतदाता बनाने पर जोर होगा, जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं।

बीजेपी की नजर छात्रवृत्ति, टैबलेट, स्कूटी और दूसरी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले उन युवाओं पर भी है, जिन्होंने अभी तक मतदाता के रूप में पंजीकरण नहीं कराया है। इसके लिए कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और दूसरे शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम और कैंप आयोजित किए जाएंगे।

फॉर्म-6, 7 और 8 से होगा मतदाता सूची में बदलाव

बीजेपी कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया समझाने की तैयारी कर रही है।

फॉर्म-6: नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए।

फॉर्म-7: मतदाता सूची में नाम हटाने या शामिल नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए।

फॉर्म-8: मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन, पते में बदलाव या अन्य निर्धारित सुधार के लिए।

2027 की चुनावी तैयारी में BJP का बड़ा दांव

उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव बीजेपी के लिए सत्ता बचाने की बड़ी चुनौती होगा। ऐसे में पार्टी ने चुनाव से पहले ही बूथ प्रबंधन और मतदाता सूची पर अपनी ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। 86 लाख से अधिक नए मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य बताता है कि बीजेपी इस बार चुनावी तैयारी को केवल रैलियों और जनसभाओं तक सीमित नहीं रखना चाहती।

SIR के दौरान बूथ-बूथ पर सक्रियता, महिला और युवा मतदाताओं पर फोकस और घर-घर संपर्क के जरिए पार्टी अपने संगठन को भी परखना चाहती है। अब बड़ा सवाल यही है कि क्या बीजेपी का यह एक महीने का अभियान 2027 के चुनाव से पहले उसके लिए नया सियासी आधार तैयार कर पाएगा?

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story