UP में तीसरी बार सत्ता पाने के लिए BJP का बड़ा दांव, 54 दिग्गजों के हाथ में चुनावी कमान

UP Election 2027: मथुरा में BJP की दो दिवसीय बैठक में मिशन 2027 का रोडमैप तैयार। योगी आदित्यनाथ, नितिन नबीन समेत 54 नेताओं की टीम, बूथ-यूथ और PDA की काट पर महामंथन।

Alakha Singh
Published on: 17 Nov 2026 5:37 PM IST (Updated on: 17 Nov 2026 5:40 PM IST)
UP में तीसरी बार सत्ता पाने के लिए BJP का बड़ा दांव, 54 दिग्गजों के हाथ में चुनावी कमान
X

BJP Mathura Meeting: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी सियासी और संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। मथुरा में चल रहे दो दिवसीय चिंतन एवं योजना शिविर के दूसरे दिन पार्टी की रणनीति को अंतिम रूप देने की कवायद है। बीजेपी इस बार चुनाव को केवल सरकार की उपलब्धियों के प्रचार तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि संगठन के हर स्तर पर नेताओं और कार्यकर्ताओं की जवाबदेही तय करने की तैयारी में है। इसके लिए 54 पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपने का प्रस्ताव है।

मथुरा के परखम स्थित गौ अनुसंधान केंद्र परिसर में चल रही इस बैठक में संगठन, सरकार और चुनावी प्रबंधन के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया जा रहा है। पार्टी की रणनीति है कि प्रदेश के हर जिले, विधानसभा क्षेत्र, वार्ड और गांव तक संगठन की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। बैठक में तैयार प्रस्तावों पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मौजूदगी में अंतिम निर्णय होना है।

दूसरे दिन नितिन नवीन पहुंचे, योगी ने किया गोपूजन

मंगलवार को बैठक के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोपाष्टमी के अवसर पर परखम गो ग्राम में गोपूजन किया। इसके बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी बैठक में शामिल होने पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने उनका स्वागत किया। पहले दिन की बैठक में हुई चर्चाओं और तैयार प्रस्तावों की रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखी गई।

बूथ, यूथ और श्रीकृष्ण के इर्द-गिर्द चुनावी रणनीति

बैठक में बीजेपी की रणनीति के तीन प्रमुख केंद्र सामने आए हैं- बूथ प्रबंधन, युवा मतदाताओं से संवाद और श्रीकृष्ण से जुड़ा धार्मिक-सांस्कृतिक मुद्दा। पार्टी जेन-जी यानी युवा मतदाताओं के बीच संवाद और भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी विचार कर रही है।

इसके अलावा बूथों को मजबूत करने, पन्ना प्रमुखों की भूमिका की समीक्षा, शक्ति केंद्रों को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया। पार्टी सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने के साथ विपक्ष के PDA नैरेटिव का जवाब तैयार करने की रणनीति भी बना रही है।

बैठक से पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को 2027 के चुनाव का प्रमुख मुद्दा बताया था। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए मथुरा आने की चुनौती भी दी। इससे संकेत मिल रहे हैं कि बीजेपी विकास और संगठन के साथ धार्मिक मुद्दों को भी अपने चुनावी विमर्श का हिस्सा बनाने की तैयारी में है।

बैठक में शामिल प्रमुख 54 नेताओं के नाम

इस चुनावी मंथन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश सह प्रभारी मेघा कुलकर्णी, जगदीश पटेल और अनंत ओझा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह शामिल हैं।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी, सूर्य प्रताप शाही, महेंद्र नाथ पांडेय, स्वतंत्र देव सिंह, लक्ष्मीकांत वाजपेयी और भूपेंद्र चौधरी भी बैठक का हिस्सा हैं। राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमरपाल मौर्य और रेखा वर्मा के नाम भी प्रमुख हैं।

सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, धर्मपाल सिंह लोधी, बेबी रानी मौर्य, स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री असीम अरुण, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा और धर्मवीर प्रजापति शामिल हैं।

संगठन के अन्य प्रमुख चेहरों में रंजना उपाध्याय, दर्शना, प्रकाश पाल, राम प्रताप चौहान, संजय राय, गीता शाक्य, राजेश चौधरी, दिलीप पटेल, शंकर लाल लोधी, अभिजीत मिश्रा और उपेंद्र रावत शामिल हैं।

इसके अलावा पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री महेश शर्मा और राम शंकर कठेरिया, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, रामेश्वर सिंह, विजय बहादुर पाठक, अनूप गुप्ता, गोविंद नारायण शुक्ला, पंकज सिंह, पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, त्रिवेणीग त्रिपाठी, पुष्कर मिश्रा, सुरेश राणा, महेंद्र सिंह, अभय गिरी, रमेश सिंह, एमएलसी संतोष सिंह और प्रदीप वर्मा भी बैठक से जुड़े प्रमुख नाम हैं।

दो दिवसीय बैठक में तैयार हुआ मिशन-2027 का रोडमैप

मंगलवार को बीजेपी की दो दिवसीय योजना बैठक संपन्न हो गई। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री और संगठन के वरिष्ठ नेताओं समेत करीब 55 प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में सामने आए सुझावों और प्रस्तावों के आधार पर आगामी चुनाव की कार्ययोजना तैयार की गई है। अब पार्टी नेतृत्व इन रणनीतियों को संगठनात्मक और चुनावी गतिविधियों में लागू करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

मथुरा की बैठक से साफ है कि बीजेपी 2027 में सत्ता की हैट्रिक के लिए संगठन की ताकत, युवा वोटरों, बूथ प्रबंधन और धार्मिक-सांस्कृतिक मुद्दों को एक साथ साधने की रणनीति पर काम कर रही है।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story