यूपी में किस जाति का कितना दबदबा? यादव, कुर्मी, जाट से लेकर दलित-मुस्लिम वोटों का पूरा गणित

UP Caste Equation 2027: यूपी में OBC की आबादी करीब 40-41 फीसदी, दलित 20-21 फीसदी और मुस्लिम लगभग 19 फीसदी हैं। जानिए यादव, कुर्मी, मौर्य, जाट, राजभर समेत प्रमुख जातियों की हिस्सेदारी और 2027 चुनाव का वोट गणित।

Shalni Kumari
Published on: 18 Nov 2026 4:48 PM IST
Uttar Pradesh Caste Census
X

UP Caste Population

UP Caste Equation 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सियासत जातीय समीकरणों के इर्द-गिर्द घूमती रही है। प्रदेश में ओबीसी, दलित और मुस्लिम मतदाताओं की बड़ी संख्या चुनावी मुकाबले का रुख बदलने की ताकत रखती है। यही वजह है कि राजनीतिक दल टिकट वितरण से लेकर चुनावी रणनीति तक जातियों की आबादी, उनके प्रभाव और वोटिंग ट्रेंड को ध्यान में रखते हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर यूपी का जातिगत गणित चर्चा में है। ऐसे में जानते हैं कि प्रदेश में किस समुदाय की कितनी आबादी मानी जाती है और पिछले चुनावों में इन जातियों का वोट किस ओर गया।

यूपी में OBC की आबादी करीब 40-41 फीसदी

उत्तर प्रदेश में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की आबादी करीब 40 से 41 फीसदी मानी जाती है। इस वर्ग में कई जातियां शामिल हैं, जिनका अलग-अलग क्षेत्रों में राजनीतिक प्रभाव है। यादव समुदाय की आबादी करीब 10 से 11 फीसदी मानी जाती है, जबकि कुर्मी लगभग 5 फीसदी हैं।

इसके अलावा मौर्य और जाट समुदाय की हिस्सेदारी करीब 4-4 फीसदी बताई जाती है। राजभर तथा निषाद, केवट और मल्लाह समुदायों की आबादी भी लगभग 4-4 फीसदी के आसपास मानी जाती है। लोधी समुदाय करीब 3 फीसदी और गुर्जर लगभग 2 फीसदी हैं। अन्य ओबीसी जातियों की हिस्सेदारी करीब 3 फीसदी बताई जाती है।

ओबीसी वर्ग के भीतर अलग-अलग जातियों का क्षेत्रीय प्रभाव भी चुनावी राजनीति में महत्वपूर्ण माना जाता है। यही वजह है कि बीजेपी और समाजवादी पार्टी सहित तमाम राजनीतिक दल इन समुदायों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश करते हैं।

मुस्लिम और दलित मतदाताओं की कितनी हिस्सेदारी?

उत्तर प्रदेश में मुस्लिम आबादी करीब 19 फीसदी मानी जाती है। वहीं दलित समुदाय की आबादी लगभग 20 से 21 फीसदी के बीच बताई जाती है। दलित मतदाताओं में भी कई जातियां हैं, जिनका राजनीतिक रुझान अलग-अलग चुनावों में बदलता रहा है।

जाटव समुदाय की आबादी करीब 11 फीसदी मानी जाती है। पासी समुदाय लगभग 3.5 फीसदी, खटिक, धनगर, वाल्मीकि और अन्य दलित समुदाय करीब 4.5 फीसदी, कोइरी लगभग 1 फीसदी और धोबी समुदाय की आबादी करीब 1 फीसदी बताई जाती है।

दलित और मुस्लिम वोटों की बड़ी हिस्सेदारी के कारण इन समुदायों को चुनावी राजनीति में निर्णायक माना जाता है। विभिन्न राजनीतिक दल इन मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए अलग-अलग रणनीतियां अपनाते हैं।

बीजेपी और सपा की जातीय वोटों पर नजर

पिछले चुनावों में अलग-अलग जातियों के बीच भारतीय जनता पार्टी को सबसे अधिक वोट प्रतिशत मिलने का दावा किया गया है। बीजेपी एक बार फिर इन समुदायों के बीच अपना समर्थन मजबूत बनाए रखने की कोशिश में है। वहीं समाजवादी पार्टी अपने PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण के जरिए इन वर्गों को एकजुट करने की रणनीति पर काम कर रही है।

लोकसभा चुनाव 2019 और 2024 में भी जातिगत समीकरणों का असर देखने को मिला। इन चुनावों में NDA और INDIA गठबंधन के बीच विभिन्न जातियों के समर्थन में अलग-अलग रुझान सामने आए।

2024 में यादव-मुस्लिम वोट INDIA गठबंधन के साथ

2024 के लोकसभा चुनाव में यादव और मुस्लिम मतदाताओं का बड़ा हिस्सा INDIA गठबंधन के पक्ष में गया। वहीं ऊंची जातियों, कुर्मी-कोइरी और गैर-यादव ओबीसी मतदाताओं में NDA को अधिक समर्थन मिला।

दलित मतदाताओं के बीच भी अलग-अलग रुझान देखने को मिले। जाटव समुदाय में बहुजन समाज पार्टी (BSP) को सबसे अधिक 44 फीसदी वोट मिले, जबकि गैर-जाटव दलितों में INDIA गठबंधन को 56 फीसदी समर्थन मिला।

2019 के लोकसभा चुनाव की तुलना में 2024 में यादव और मुस्लिम मतदाताओं का रुझान सपा-बसपा गठबंधन से INDIA गठबंधन की ओर बदला। दूसरी ओर, जाटव समुदाय के बीच बसपा का समर्थन कम हुआ।

2027 में फिर जातीय समीकरणों पर टिकी नजर

उत्तर प्रदेश की राजनीति में जातिगत समीकरण लंबे समय से चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा रहे हैं। ओबीसी, दलित और मुस्लिम मतदाताओं की बड़ी आबादी के साथ-साथ अलग-अलग जातियों का क्षेत्रीय प्रभाव भी चुनावी नतीजों को प्रभावित करता है।

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी जहां अपने पुराने जातीय समर्थन आधार को मजबूत रखने की कोशिश करेगी, वहीं समाजवादी पार्टी PDA के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक मतदाताओं को एक साथ लाने की रणनीति पर जोर दे सकती है। ऐसे में आगामी चुनाव में जातिगत समीकरण किस पार्टी के पक्ष में बैठते हैं, यह चुनावी मुकाबले का अहम पहलू होगा।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story