181 सीटें मांगकर कांग्रेस ने बढ़ाई अखिलेश की टेंशन! दिल्ली में राहुल-खरगे की बैठक, अब सपा की बारी

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों को लेकर घमासान तेज। कांग्रेस ने 181 सीटों की मांग रखी, दिल्ली में राहुल गांधी-खरगे की बैठक के बाद अब अखिलेश यादव के फैसले पर नजरें।

Alakha Singh
Published on: 16 Nov 2026 5:37 PM IST
181 सीटें मांगकर कांग्रेस ने बढ़ाई अखिलेश की टेंशन! दिल्ली में राहुल-खरगे की बैठक, अब सपा की बारी
X

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 की सत्ता की लड़ाई से पहले INDIA गठबंधन के भीतर ही सियासी शतरंज बिछने लगी है। बीजेपी को चुनौती देने के लिए अखिलेश यादव और राहुल गांधी साथ आने की तैयारी में हैं, लेकिन गठबंधन की एकजुटता पर सीटों का गणित भारी पड़ता दिख रहा है। कांग्रेस ने यूपी की 403 सीटों में से 181 पर दावा ठोककर अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा जाहिर कर दी है। यह मांग सिर्फ सीटों की संख्या नहीं, बल्कि गठबंधन में अपनी हैसियत और हिस्सेदारी तय करने की कोशिश के तौर पर भी देखी जा रही है। दूसरी तरफ, 2022 और 2017 के चुनावी नतीजे सपा को कांग्रेस की दावेदारी पर सवाल उठाने का आधार दे रहे हैं। दिल्ली में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे की बैठक के बाद अब निगाहें अखिलेश यादव पर हैं। सवाल है कि सपा कितनी सीटों की कुर्बानी देने को तैयार होगी और कांग्रेस अपनी 181 सीटों की मांग पर कितना पीछे हटेगी?

अखिलेश यादव ने खुद HT समिट के मंच से कांग्रेस की 181 सीटों की मांग का खुलासा कर सियासी हलचल बढ़ा दी थी। इसके बाद अब कांग्रेस ने भी अपने पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर यूपी के नेताओं की अहम बैठक हुई। इसमें राहुल गांधी भी शामिल हुए। बैठक का मकसद साफ था- यूपी में सीटों के बंटवारे पर बातचीत से पहले कांग्रेस की रणनीति और दावेदारी को अंतिम रूप देना।

अब 17 नवंबर से लखनऊ में सपा और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के बीच सीट शेयरिंग को लेकर औपचारिक बातचीत शुरू होने जा रही है। इस बैठक में तय होगा कि दोनों दल बीजेपी के खिलाफ किस चुनावी फॉर्मूले के साथ मैदान में उतरेंगे। लेकिन जिस तरह कांग्रेस 181 सीटों पर दावा कर रही है और सपा उसे सीमित सीटें देने के मूड में दिख रही है, उससे गठबंधन की राह आसान नजर नहीं आती।

181 सीटों की लिस्ट लेकर मैदान में कांग्रेस, दिल्ली में बनी रणनीति

लखनऊ में बातचीत शुरू होने से पहले कांग्रेस ने अपनी तरफ से दबाव बनाने की तैयारी कर ली है। दिल्ली में खरगे के आवास पर हुई बैठक में राहुल गांधी और यूपी कांग्रेस के नेताओं ने चुनावी रणनीति पर मंथन किया। राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को उन 181 विधानसभा सीटों की सूची भी सौंप दी है, जहां से वह चुनाव लड़ना चाहती है।

कांग्रेस नेतृत्व का तर्क है कि सीटों का बंटवारा केवल संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की स्थिति और जीतने की संभावना को ध्यान में रखकर होना चाहिए। पार्टी बीजेपी को हराने के साझा लक्ष्य का हवाला देकर अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटी है।

यूपी कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस अपनी सीटों की सूची पहले ही सपा को सौंप चुकी है। अब सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू होगी। उन्होंने कहा कि दोनों दलों का लक्ष्य बीजेपी को हराना और जनता को मौजूदा सरकार से मुक्ति दिलाना है।

वहीं, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने 181 सीटों के आंकड़े की आधिकारिक पुष्टि करने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर इस संबंध में बातचीत हुई होगी और राज्य के नेताओं से भी सुझाव मांगे गए थे। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में INDIA गठबंधन के प्रदर्शन का हवाला देते हुए दावा किया कि 2027 में गठबंधन का प्रदर्शन इससे भी बेहतर हो सकता है।

अखिलेश की सपा का दो टूक संदेश, 181 तो दूर 50 सीटें भी मुश्किल!

कांग्रेस की 181 सीटों की मांग पर समाजवादी पार्टी के भीतर असहजता साफ दिखाई दे रही है। सपा नेताओं का मानना है कि यूपी में पार्टी का संगठन और जनाधार कांग्रेस से कहीं ज्यादा मजबूत है। ऐसे में कांग्रेस को उसकी चुनावी ताकत से कहीं अधिक सीटें देना राजनीतिक रूप से नुकसानदेह हो सकता है।

सपा खेमे से संकेत मिल रहे हैं कि कांग्रेस को 60 से ज्यादा सीटें देने पर सहमति बनना मुश्किल है। कुछ नेता तो 50 सीटों को भी कांग्रेस के लिए बड़ी रियायत बता रहे हैं।

सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल ने कांग्रेस की दावेदारी पर तीखा हमला करते हुए कहा, "उनको 50 सीट देना भी बहुत बड़ी बात होगी। उनको देखना चाहिए। दो तुम्हारे विधायक हैं। पिछली बार तुमने लड़के देख लिया, क्या इससे तुम्हें सबक नहीं मिलता है।"

शिवपाल का यह बयान बताता है कि सीटों के बंटवारे को लेकर सपा के भीतर कांग्रेस की मांग को लेकर कितनी नाराजगी है। हालांकि, अंतिम फैसला अखिलेश यादव और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के बीच बातचीत से ही होगा।

2017 का गठबंधन अखिलेश को याद, कांग्रेस की दावेदारी पर क्यों उठ रहे सवाल?

कांग्रेस की 181 सीटों की मांग के सामने सपा पुराने चुनावी नतीजों को सबसे बड़ा हथियार बना सकती है। 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अकेले चुनाव लड़ा था और उसे महज दो सीटों पर जीत मिली थी। पार्टी केवल चार सीटों पर दूसरे स्थान पर रही थी। यही आंकड़े सपा नेताओं को कांग्रेस की बड़ी दावेदारी पर सवाल उठाने का मौका दे रहे हैं।

इससे पहले 2017 के विधानसभा चुनाव में भी सपा और कांग्रेस ने गठबंधन किया था। उस चुनाव में कांग्रेस को 100 से ज्यादा सीटें दी गई थीं, लेकिन पार्टी केवल सात सीटें जीत पाई थी। सपा खेमे के लिए यह अनुभव आज भी सीटों के बंटवारे में सतर्क रहने की बड़ी वजह है।

दूसरी तरफ, कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव में गठबंधन के प्रदर्शन को अपनी ताकत के रूप में पेश कर रही है। पार्टी का मानना है कि बीजेपी के खिलाफ विपक्षी वोटों का एकजुट होना जरूरी है और कांग्रेस को पर्याप्त सीटें मिलनी चाहिए।

अब अखिलेश के हाथ में फैसला, गठबंधन बचेगा या बढ़ेगी तकरार?

यूपी की राजनीति में 2027 का मुकाबला सिर्फ बीजेपी और विपक्ष के बीच नहीं, बल्कि विपक्षी गठबंधन की एकजुटता की भी परीक्षा बनने जा रहा है। कांग्रेस 181 सीटों की मांग के जरिए अपनी राजनीतिक हैसियत बढ़ाना चाहती है, जबकि अखिलेश यादव के सामने अपने मजबूत संगठन और चुनावी जनाधार को नजरअंदाज न करने की चुनौती है।

अखिलेश के लिए मुश्किल यह है कि कांग्रेस को बहुत कम सीटें देने पर गठबंधन में दरार पड़ सकती है और ज्यादा सीटें देने पर सपा के अपने नेताओं और दावेदारों की नाराजगी बढ़ सकती है।

ऐसे में 17 नवंबर से लखनऊ में होने वाली बातचीत बेहद अहम होगी। कांग्रेस की 181 सीटों की मांग आखिर कितनी नीचे आती है और अखिलेश यादव कितनी सीटों पर समझौता करते हैं, इसी से यूपी में INDIA गठबंधन की चुनावी तस्वीर तय होगी। फिलहाल कांग्रेस ने अपनी महत्वाकांक्षा जाहिर कर दी है, अब गेंद अखिलेश यादव के पाले में है।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story