यूपी में SP-कांग्रेस गठबंधन पर दो दौर की बैठकें बेनतीजा, अब आगे क्या?

यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों को लेकर पेच फंस गया है। अखिलेश यादव ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस 120 सीटें मांग रही है। जानिए गठबंधन की पूरी रणनीति।

Alakha Singh
Published on: 24 Nov 2026 6:51 PM IST (Updated on: 24 Nov 2026 6:55 PM IST)
यूपी में SP-कांग्रेस गठबंधन पर दो दौर की बैठकें बेनतीजा, अब आगे क्या?
X

SP Congress Alliance: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की कवायद तेज हो गई है, लेकिन सीटों के बंटवारे पर दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बन पाई है। मंगलवार को दूसरे दौर की बातचीत भी खत्म हो गई, मगर सबसे बड़ा सवाल अब भी बरकरार है कि कांग्रेस को कितनी सीटें मिलेंगी। एक तरफ कांग्रेस करीब 120 सीटों पर दावा ठोक रही है, तो दूसरी तरफ अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ने फिलहाल केवल 26 सीटों का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, दोनों दलों के नेता बातचीत को सकारात्मक बता रहे हैं और अगले दो दौर की बैठकों में सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय होने की उम्मीद जता रहे हैं।

26 सीटों के प्रस्ताव पर अड़ी सपा, कांग्रेस ने घटाई अपनी मांग

सीट बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच आंकड़ों का अंतर गठबंधन की राह में सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। कांग्रेस ने शुरुआत में 181 सीटों की मांग रखी थी। बाद में उसने अपनी मांग घटाकर 130 सीटों की सूची सपा को सौंपी। मंगलवार को सामने आए ताजा घटनाक्रम के मुताबिक, कांग्रेस ने अब अपनी मांग 120 सीटों तक सीमित कर दी है।

इसके जवाब में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के सामने 26 सीटों का प्रस्ताव रखा है। सपा नेता राम गोपाल यादव ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पार्टी ने कांग्रेस को अपना प्रस्ताव दे दिया है और अब सीटों पर बातचीत जारी है।

सपा के 26 सीटों के प्रस्ताव में दो ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके अलावा चार सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी। बाकी 20 सीटों पर सपा का तर्क है कि पिछले चुनाव में उसे 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को इन सीटों पर करीब 2 हजार वोट ही हासिल हुए थे।

अमेठी-रायबरेली में भी कांग्रेस को झटका?

सीट बंटवारे की बातचीत में सबसे दिलचस्प पेच अमेठी और रायबरेली को लेकर सामने आया है। ये दोनों जिले गांधी परिवार के राजनीतिक गढ़ माने जाते हैं और कांग्रेस यहां की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छुक है।

हालांकि, सपा के 26 सीटों वाले प्रस्ताव में इन दोनों जिलों को लेकर कांग्रेस की उम्मीदों के अनुरूप गुंजाइश नहीं दिख रही है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, सपा ने अमेठी और रायबरेली में कांग्रेस को केवल एक सीट देने का प्रस्ताव रखा है। इससे दोनों दलों के बीच बातचीत और पेचीदा हो सकती है।

अखिलेश यादव ने बताया गठबंधन का फॉर्मूला

सीटों को लेकर जारी खींचतान के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने साफ कर दिया है कि गठबंधन का आधार केवल सीटों की संख्या नहीं, बल्कि चुनाव जीतने की क्षमता होगी।

उन्होंने कहा कि दोनों दलों के वरिष्ठ नेता बातचीत कर रहे हैं। किन सीटों पर सहमति बन रही है और दूसरा दल कहां जीतने की स्थिति में है, इन सभी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है।

अखिलेश ने कहा, "गठबंधन केवल जीतने के उद्देश्य से किए जाते हैं। गठबंधन का मकसद विजय हासिल करना है।"

उनके इस बयान को कांग्रेस के लिए साफ राजनीतिक संदेश माना जा रहा है कि सपा सीटों का बंटवारा किसी दबाव या पुराने चुनावी समीकरण के आधार पर नहीं, बल्कि उम्मीदवारों की जीत की संभावना को ध्यान में रखकर करना चाहती है।

अगले दो दौर की बैठकों में तय होगा गठबंधन?

मंगलवार को दूसरे दौर की बातचीत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई। बैठक में कांग्रेस की तरफ से यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा-मोना, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी शामिल हुए।

वहीं, सपा की ओर से राम गोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद राजीव राय, अवधेश प्रसाद और सांसद इकरा हसन ने बातचीत में हिस्सा लिया।

बैठक के बाद राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से आधे से अधिक सीटों पर चर्चा हो चुकी है। अगले दो दौर की बैठकों में सीट बंटवारे को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा-मोना ने भी अगले दो से चार दिनों में फैसला होने की संभावना जताई है।

उधर, राम गोपाल यादव ने कहा कि सपा अपना प्रस्ताव कांग्रेस को दे चुकी है और अब सभी सीटों पर एक-एक करके चर्चा की जा रही है। फिलहाल किसी अंतिम फैसले पर पहुंचने का दावा नहीं किया जा सकता।

2027 में BJP को रोकने के लिए साथ आएंगे अखिलेश-राहुल?

उत्तर प्रदेश में बीजेपी लगातार दो विधानसभा चुनाव जीतकर सत्ता में है। 2017 और 2022 में सरकार बनाने के बाद पार्टी की नजर अब 2027 में भी सत्ता बरकरार रखने पर है। दूसरी तरफ अखिलेश यादव और राहुल गांधी की कोशिश है कि विपक्षी वोटों का बिखराव रोककर बीजेपी को चुनौती दी जाए।

2022 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस अलग-अलग मैदान में उतरी थीं। उस चुनाव में सपा ने 111 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस को केवल दो सीटों पर सफलता मिली थी।

हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दल INDIA गठबंधन के तहत साथ आए और यूपी में विपक्षी राजनीति को नई ताकत मिली। सपा ने 37 और कांग्रेस ने 6 लोकसभा सीटें जीतीं। इसी प्रदर्शन ने दोनों दलों को 2027 के विधानसभा चुनाव में भी साथ उतरने का भरोसा दिया है।

लेकिन लोकसभा चुनाव का प्रदर्शन विधानसभा सीटों के बंटवारे की गारंटी नहीं बन पाया है। अब असली चुनौती यह है कि अखिलेश यादव कांग्रेस को सम्मानजनक सीटें देने के लिए कितना समझौता करते हैं और कांग्रेस कितनी सीटों पर अपनी दावेदारी छोड़ने को तैयार होती है। फिलहाल गठबंधन की राह खुली है, लेकिन 26 और 120 सीटों के बीच का फासला दोनों दलों की राजनीतिक परीक्षा लेने वाला है।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story