TRENDING TAGS :
सपा के घोषणा पत्र पर डिंपल यादव का बड़ा खुलासा, महिलाओं के लिए आएंगे दो अलग मेनिफेस्टो
समाजवादी पार्टी के मेनिफेस्टो पर डिंपल यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए अलग से भी दो घोषणापत्र जारी किए जाएंगे।
Dimple Yadav
SP Women Manifesto 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र को लेकर पार्टी सांसद डिंपल यादव का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि समाजवादी पार्टी के मेनिफेस्टो के अलावा महिलाओं के लिए अलग से भी दो घोषणापत्र जारी किए जाएंगे। उनके इस बयान के बाद सपा के महिला-केंद्रित चुनावी एजेंडे को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
लखनऊ में समाजवादी पार्टी का घोषणा पत्र जारी होने के बाद सांसद डिंपल यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यूपी में बीजेपी के 10 साल के शासनकाल से समाज का हर एक वर्ग दुखी और पीड़ित हैं। डिंपल ने बताया कि सपा का पहला घोषणा पत्र जारी हो चुका है, जबकि महिलाओं के लिए अलग से दो और घोषणा पत्र जारी किए जाएंगे।
महिलाओं पर रहेगा सपा का खास फोकस
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए महिलाओं का समर्थन राजनीतिक दलों के लिए अहम माना जा रहा है। ऐसे में सपा की ओर से महिलाओं के लिए अलग घोषणापत्र लाने की बात को चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, इन दोनों घोषणापत्रों में किन मुद्दों और योजनाओं को शामिल किया जाएगा, इस बारे में अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
सपा के मेनिफेस्टो में क्या-क्या बड़े वादे?
अखिलेश यादव की ओर से जारी किए गए पहले घोषणापत्र में युवाओं, किसानों, महिलाओं, कर्मचारियों, शिक्षा और स्वास्थ्य को प्रमुखता दी गई है। पार्टी ने सरकार बनने पर अगले पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया है। इसके अलावा बेरोजगार युवाओं को नौकरी या रोजगार मिलने तक हर महीने 5 हजार रुपये का भत्ता देने की बात कही गई है।
पार्टी ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने, नियमित भर्ती कैलेंडर जारी करने और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त व्यवस्था करने का वादा भी किया है। इसके साथ ही कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर जोर दिया गया है।
महिलाओं के लिए 40 हजार रुपये सालाना सहायता का वादा
महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सपा ने सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया है। इसके अलावा छात्राओं के लिए साइकिल और सोलर लैंप जैसी सुविधाओं की बात कही गई है। महिला सुरक्षा के लिए विशेष महिला पुलिस ढांचा तैयार करने और पुलिस की नई भर्तियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने का प्रस्ताव भी घोषणापत्र में शामिल है।
2027 के चुनाव को लेकर सपा की तैयारी
समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव भी चुनावी मुद्दों और जनता से जुड़े सवालों को लेकर सक्रिय हैं। अब डिंपल यादव के इस बयान ने पार्टी के चुनावी घोषणापत्र को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। महिलाओं के लिए अलग से दो घोषणापत्र के ऐलान बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सपा अपने मुख्य घोषणापत्र के साथ महिला मतदाताओं के लिए क्या खास वादे और योजनाएं पेश करती है।


