यूपी में 2027 चुनाव से पहले कांटे की टक्कर! सर्वे में BJP और सपा के बीच सिर्फ 2.8% का अंतर, जानिए किसे मिलेंगे कितने वोट?

UP Election 2027 Survey: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले वोट वाइब के सर्वे में बीजेपी गठबंधन को 41.9% और सपा गठबंधन को 39.1% लोगों का समर्थन मिला है। जानिए ग्रामीण और शहरी इलाकों में किसे मिल रही है बढ़त।

Aditya Kumar Verma
Published on: 14 Nov 2026 10:29 PM IST
UP Election 2027 Survey
X

UP Election 2027 Survey 

UP Election 2027 Survey: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी मुकाबले की तस्वीर सामने आने लगी है। चुनाव से पहले वोट वाइब (Vote Vibe) का एक सर्वे सामने आया है, जिसमें सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) और विपक्षी समाजवादी पार्टी (SP) के बीच कड़ी टक्कर दिखाई गई है। सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा गठबंधन को 41.9 फीसदी लोगों ने अपनी पसंद बताया है, जबकि सपा गठबंधन के पक्ष में 39.1 फीसदी लोगों ने वोट देने की बात कही है। यानी दोनों गठबंधनों के बीच अंतर सिर्फ 2.8 फीसदी का है।

सर्वे के ये आंकड़े ऐसे समय में सामने आए हैं, जब यूपी में अगले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां और सियासी गतिविधियां लगातार चर्चा में हैं। हालांकि, सर्वे के नतीजे मतदाताओं की मौजूदा पसंद का संकेत हैं, इन्हें चुनाव का अंतिम परिणाम नहीं माना जा सकता।

BJP और सपा के बीच कितना है अंतर?

वोट वाइब के सर्वे में लोगों से सवाल पूछा गया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में वे किस गठबंधन या पार्टी को वोट देना पसंद करेंगे? इसके जवाब में 41.9 फीसदी लोगों ने भाजपा गठबंधन पर भरोसा जताया। वहीं, 39.1 फीसदी लोगों ने सपा गठबंधन को अपनी पसंद बताया।

इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी (BSP) को 6.4 फीसदी लोगों ने वोट देने की बात कही। अन्य विकल्पों के पक्ष में 4.9 फीसदी लोगों ने अपनी राय रखी, जबकि 7.8 फीसदी लोगों ने अभी कुछ कहने में असमर्थता जताई।

इन आंकड़ों में भाजपा और सपा गठबंधन के बीच बहुत कम अंतर दिखाई दे रहा है। वहीं, बसपा और अन्य विकल्पों के समर्थन का आंकड़ा दोनों प्रमुख गठबंधनों से काफी पीछे है।

गांवों में BJP-सपा की कड़ी टक्कर, शहरों में बीजेपी को बढ़त

वोट वाइब के सर्वे में उत्तर प्रदेश के ग्रामीण और शहरी इलाकों को लेकर भी तस्वीर सामने रखी गई है। सर्वे के मुताबिक, ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा और सपा गठबंधन के बीच कड़ी टक्कर हो सकती है। दोनों ही गठबंधनों का गांवों में अपना-अपना मजबूत वोट आधार है।

वहीं, शहरी इलाकों में भाजपा को साफ बढ़त दिखाई गई है। सर्वे के मुताबिक, शहरों में रहने वाले मतदाताओं ने भाजपा गठबंधन को अपनी पहली पसंद बताया है। इस तरह सर्वे में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के मतदाताओं की पसंद में अंतर नजर आ रहा है।

2022 में BJP ने हासिल किया था प्रचंड बहुमत

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 (UP Assembly Election 2022) में भाजपा ने लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी की थी। 403 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा ने 255 सीटों पर जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया था। उसकी सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) को 12 और निषाद पार्टी को 6 सीटें मिली थीं। इस तरह भाजपा गठबंधन ने कुल 273 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

वहीं, समाजवादी पार्टी 111 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर रही थी। सपा की सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल (RLD) को 8 और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) को 6 सीटें मिली थीं।

कांग्रेस के खाते में 2 सीटें आई थीं, जबकि बहुजन समाज पार्टी सिर्फ 1 सीट जीत सकी थी। इसके अलावा जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने भी 2 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

2027 से पहले सर्वे ने बढ़ाई सियासी हलचल

2022 के चुनाव में भाजपा गठबंधन ने 273 सीटों के साथ सत्ता हासिल की थी, जबकि सपा गठबंधन दूसरे स्थान पर रहा था। अब वोट वाइब के सर्वे में दोनों गठबंधनों के बीच वोट पसंद का अंतर 2.8 फीसदी बताया गया है।

सर्वे के मुताबिक, ग्रामीण इलाकों में दोनों गठबंधनों के बीच मुकाबला कड़ा हो सकता है, जबकि शहरी क्षेत्रों में भाजपा को बढ़त दिखाई गई है। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ये आंकड़े उत्तर प्रदेश की सियासत में चर्चा का विषय बन सकते हैं। हालांकि, चुनाव तक मतदाताओं की पसंद में क्या बदलाव आता है, यह आने वाले समय में ही साफ होगा।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story