बसपा के साथ गठबंधन करेगी कांग्रेस! अखिलेश से छिटके मायावती को दिया न्योता, क्या यूपी में बनेगा नया सियासी समीकरण?

यूपी चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर विवाद बढ़ गया है। सपा की पांच उम्मीदवारों की सूची में सहारनपुर की दो सीटें शामिल होने पर इमरान मसूद नाराज हैं।

Sachin Singh
Published on: 25 Nov 2026 6:29 PM IST (Updated on: 25 Nov 2026 6:29 PM IST)
बसपा के साथ गठबंधन करेगी कांग्रेस! अखिलेश से छिटके मायावती को दिया न्योता, क्या यूपी में बनेगा नया सियासी समीकरण?
X

UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से सियासी हलचल तेज हो गई है। विपक्षी गठबंधन में शामिल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। मामला तब और गरमा गया, जब सपा ने बीती रात पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची में सहारनपुर की दो सीटें भी शामिल हैं, जिन्हें लेकर यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद नाराज हो गए। सपा-कांग्रेस के बीच बढ़ती तल्खी के बीच अब मसूद ने बसपा प्रमुख मायावती को कांग्रेस के साथ आने का न्योता दे दिया है।

'बहनजी बहुत बड़ी नेता हैं, मैं चाहता हूं वह हमारे साथ आएं'

आजतक से बातचीत में जब इमरान मसूद से मायावती को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ''बहन जी बहुत बड़ी नेता हैं, मैं तो चाहता हूं कि वह हमारे साथ आएं। मैंने कब मना किया।'' हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि कांग्रेस के साथ गठबंधन करना है या नहीं, इसका फैसला मायावती को ही करना है।

सपा की उम्मीदवार सूची से क्यों नाराज हैं इमरान मसूद?

दरअसल, समाजवादी पार्टी ने पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। इनमें सहारनपुर की दो सीटें भी हैं। इमरान मसूद को सपा का यह कदम पसंद नहीं आया। उनका कहना है कि जब एक तरफ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है और दूसरी तरफ उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जा रहे हैं, तो इससे लगता है कि सपा बातचीत को लेकर गंभीर नहीं है।

इससे पहले भी मसूद ने सपा की ओर से कम सीटें दिए जाने पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने साफ कहा था कि कांग्रेस कोई भीख नहीं मांग रही है। वहीं, सपा का जोर इस बात पर है कि सीटों का बंटवारा जीतने की संभावना के आधार पर होना चाहिए, न कि केवल सीटों की संख्या देखकर।

गठबंधन पर आगे क्या करेगी कांग्रेस?

इमरान मसूद ने कहा है कि वह इस पूरे मामले पर कांग्रेस नेतृत्व से चर्चा करेंगे। पार्टी में यह बात रखी जाएगी कि समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत आगे जारी रखनी चाहिए या नहीं।

फिलहाल, सपा की पहली सूची आने के बाद कांग्रेस की नाराजगी खुलकर सामने आ गई है। ऐसे में यूपी चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन की एकजुटता और सीटों का बंटवारा बड़ा सियासी मुद्दा बनता दिख रहा है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story