होली से पहले यूपी कर्मचारियों को मिली तनख्वाह...खाते में पहुंच गयी सैलरी, चेक कर लें अकाउंट

UP Government Employees Salary Credited: प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए राहत भरी खबर है। फरवरी माह का वेतन और पेंशन आखिरकार दो मार्च की सुबह खातों में जमा कर दी गई।

Newstrack Network
Published on: 2 March 2026 3:36 PM IST (Updated on: 2 March 2026 3:39 PM IST)
UP Government Employees Salary Credited
X

UP Government Employees Salary Credited

UP Government Employees Salary Credited: प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए राहत भरी खबर है। फरवरी माह का वेतन और पेंशन आखिरकार दो मार्च की सुबह खातों में जमा कर दी गई। तय कार्यक्रम के अनुसार भुगतान 28 फरवरी को होना था, लेकिन बैंक सर्वर डाउन होने के कारण राशि समय पर ट्रांसफर नहीं हो सकी। इससे कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों में नाराजगी बढ़ गई थी, खासकर इसलिए क्योंकि होली से पहले भुगतान का आश्वासन दिया गया था।

उप्र राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष कमल अग्रवाल ने कहा था कि सरकार की घोषणा के बावजूद माह के अंतिम दिन तक वेतन न मिलना चिंताजनक है। वहीं, सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अमरनाथ यादव ने बताया कि कई जिलों से पेंशन न मिलने की शिकायतें मिली थीं। सर्वर समस्या का हवाला दिया गया, लेकिन त्योहार से ठीक पहले भुगतान में देरी ने कर्मचारियों को असमंजस में डाल दिया था। अब वेतन और पेंशन जारी होने के बाद स्थिति सामान्य हो गई है।

इधर, यूपी बोर्ड परीक्षा ड्यूटी में लगे शिक्षक और प्रधानाध्यापक होली के दौरान घर जाने को लेकर असमंजस में हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव द्वारा जारी सख्त आदेश में कहा गया है कि परीक्षा कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी संबंधित मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक की लिखित अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। संयुक्त और अपर शिक्षा निदेशक भी बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। आदेश का उल्लंघन करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

निर्देश में अवकाश अवधि के दौरान भी स्ट्रांग रूम की सतत निगरानी, आकस्मिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीयता और सीसीटीवी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है। हालांकि, राजकीय शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने तर्क दिया है कि 1 से 8 मार्च तक परीक्षा नहीं है, इसलिए शिक्षकों को होली अवकाश में अपने गृह जनपद जाने की अनुमति दी जानी चाहिए।

त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार सतर्क है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि होली, रमजान और ईद जैसे पर्वों पर शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता हो। उन्होंने कहा कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाए और ऐसी कार्रवाई हो जो नजीर बने। सीएम ने ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कानफोड़ू लाउडस्पीकर हटाने, सोशल मीडिया की सतर्क निगरानी करने और लोकल इंटेलिजेंस को मजबूत करने के निर्देश भी दिए। साथ ही त्योहारों और बोर्ड परीक्षाओं के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story