UP News: यूपी-जापान के बीच महिला और बाल कल्याण पर नई साझेदारी, पोषण से आंगनबाड़ी तक सहयोग पर मंथन

UP News: मंत्री बेबी रानी मौर्य ने यामानाशी के जापानी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। महिला स्वास्थ्य, बाल पोषण, आंगनबाड़ी और सशक्तीकरण पर सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

Newstrack Network
Published on: 21 Aug 2026 9:39 PM IST
UP News
X

UP News (Image Credit-Social Media)

लखनऊ, 21 अगस्त। उत्तर प्रदेश और जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के बीच सहयोग को नई दिशा देने के उद्देश्य से महिला कल्याण, बाल विकास एवं पोषण के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण चर्चा हुई। प्रदेश की महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य ने अपने आवास पर यामानाशी के जापानी प्रतिनिधिमंडल और छात्रों के साथ शिष्टाचार भेंट की। बैठक में महिलाओं के कल्याण, महिला स्वास्थ्य, बाल विकास, पोषण, आंगनबाड़ी सेवाओं और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

मंत्री बेबी रानी मौर्य ने जापानी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने महिला स्वास्थ्य और सशक्तीकरण के साथ बच्चों के समग्र विकास और पोषण को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

बैठक में बाल विकास एवं पुष्टाहार कार्यक्रमों पर विशेष चर्चा हुई। जापानी प्रतिनिधिमंडल को बच्चों के पोषण, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं विकास से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और विकास में आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। आंगनबाड़ी सेवाओं के माध्यम से बच्चों को पूरक पोषण उपलब्ध कराने, प्रारंभिक देखभाल और विकास संबंधी गतिविधियों को संचालित करने के तौर-तरीकों पर चर्चा की गई।

महिला स्वास्थ्य और सशक्तीकरण पर भी चर्चा

बैठक में महिलाओं के स्वास्थ्य, कल्याण और सशक्तीकरण से संबंधित पहलों पर भी विचार साझा किए गए। मंत्री ने जापानी प्रतिनिधिमंडल को उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास, पोषण और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। दोनों पक्षों ने अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए इन क्षेत्रों में बेहतर कार्यप्रणालियों और संभावित सहयोग के अवसरों पर चर्चा की। मंत्री ने विभागीय अधिकारियों के साथ भी बातचीत की और महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख प्राथमिकताओं, संचालित कार्यक्रमों तथा भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। बैठक में उत्तर प्रदेश और यामानाशी के बीच पीपुल टू पीपुल कॉन्टैक्ट और इंस्टीट्यूशनल कोऑपरेशन को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

यामानाशी के प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहीं ये सदस्य

जापानी प्रतिनिधिमंडल में यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर की पत्नी चिकाको नागासाकी, प्रतिनिधि मंडल की सदस्य हारुयो शिमिजु, यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर के सलाहकार की पत्नी प्रियंका उपाध्याय, वाइस गवर्नर की पत्नी अकीको इशिदेरा, यामानाशी की हाइड्रोजन अफेयर्स की डायरेक्टर जनरल यूमी साइतो, गवर्नर सचिवालय की हेड असिस्टेंट डायरेक्टर आया फुजिमाकी तथा इंटरनेशनल एंड हाइड्रोजन अफेयर्स डिवीजन की स्टाफ अयाको याजाकी शामिल रहीं।

चाय-कॉफी और जापानी पंखे बने सांस्कृतिक मेल के प्रतीक

मुलाकात के दौरान जापानी प्रतिनिधिमंडल ने मित्रता के प्रतीक के रूप में मंत्री को यामानाशी की चाय और कॉफी भेंट की और उन्हें इसका आनंद लेने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने कार्यक्रम में मौजूद प्रतिभागियों को पारंपरिक जापानी पंखे भी उपहार स्वरूप प्रदान किए। इस अवसर पर दोनों पक्षों के बीच सांस्कृतिक संवाद और आपसी आत्मीयता का भी प्रदर्शन हुआ।

बैठक के माध्यम से उत्तर प्रदेश और यामानाशी प्रीफेक्चर के बीच महिला कल्याण, बाल विकास, पोषण और सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में अनुभव साझा करने तथा भविष्य में सहयोग की संभावनाओं को मजबूत आधार मिला। इससे दोनों क्षेत्रों के बीच सामाजिक और संस्थागत संबंधों को और गति मिलने की उम्मीद है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story