UP News: गर्मी के बीच निर्बाध बिजली आपूर्ति, योगी सरकार की बड़ी उपलब्धि

UP News: उत्तर प्रदेश ने भीषण गर्मी के बीच 16 जून को 30,760 मेगावाट बिजली आपूर्ति कर नया रिकॉर्ड बनाया। 14 और 15 जून को भी यूपी देश में सर्वाधिक डिमांड बिजली सप्लाई करने वाला राज्य रहा। योगी सरकार और यूपीपीसीएल की टीम निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में जुटी है।

Newstrack Network
Published on: 17 Jun 2026 9:38 PM IST
UP Power Supply
X

UP Power Supply (Image Credit-Social Media)

लखनऊ 17 जून: उत्तर प्रदेश में इस समय भीषण गर्मी अपने चरम पर है। तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। ऐसी परिस्थितियों में बिजली की मांग भी तेजी से बढ़ी है, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उप्र. पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) आम जनता को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने में सफल साबित हो रहा है। बिजली की रिकॉर्ड मांग के बावजूद प्रदेश में आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी हुई है, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिल रही है।

16 जून को 30,760 मेगावाट बिजली आपूर्ति की गई

यूपी लगातार देश में सर्वाधिक डिमांड बिजली आपूर्ति करने वाले राज्यों में शामिल है। 14 और 15 जून को प्रदेश डिमांड बिजली आपूर्ति करने के मामले में देश में पहले स्थान पर रहा। वहीं 16 जून को प्रदेश में 30,760 मेगावाट की रिकॉर्ड डिमांड पूरी की गई है। यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इतनी अधिक मांग के बावजूद कहीं भी व्यापक स्तर पर बिजली संकट की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई है। डिमांड बिजली आपूर्ति के मामले में उत्तर प्रदेश ने तमिलनाडु, पंजाब, कर्नाटक समेत कई बड़े राज्यों को पीछे छोड़ दिया है।

14 और 15 जून को यूपी में रिकॉर्ड बिजली आपूर्ति

15 जून को प्रदेश में 29,579 मेगावाट और 14 जून को 29,571 मेगावाट बिजली की आपूर्ति की गई थी। लगातार रिकॉर्ड स्तर की बिजली आपूर्ति यह दर्शाती है कि योगी सरकार ने ऊर्जा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए जो प्रयास किए हैं, उनके सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहे हैं। योगी सरकार ने जिम्मेदार अधिकारियों को प्रदेशवासियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली उपलब्ध कराए जाने को लेकर जरूरी निर्देश दिए हैं। यही कारण है कि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति की स्थिति पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई है।

गर्मी, आंधी और बारिश में दिन-रात फील्ड पर डटे कर्मचारी

प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में लोगों को पर्याप्त समय तक बिजली मिल रही है, जिससे घरेलू, व्यावसायिक और कृषि गतिविधियों को भी गति मिली है। बिजली कर्मचारी भीषण गर्मी, तेज आंधी और बारिश जैसी प्राकृतिक चुनौतियों के बीच दिन-रात कार्य कर रहे हैं। कहीं लाइन में खराबी आने पर तत्काल मरम्मत की जा रही है तो कहीं ट्रांसफार्मरों और विद्युत उपकरणों की निगरानी की जा रही है। ऊर्जा विभाग की टीमें रात के समय भी फील्ड में सक्रिय रहकर अनुरक्षण कार्यों को अंजाम दे रही हैं ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बिजली लाइन से सटी पेड़ों की डालियों की हो रही छंटाई

प्रदेश सरकार द्वारा बिजली व्यवस्था को और अधिक आधुनिक तथा विश्वसनीय बनाने के लिए बिजनेस प्लान वर्ष 2025-26 के अंतर्गत विभिन्न जनपदों में व्यापक कार्य कराए जा रहे हैं।

ट्रिपिंग और फॉल्ट की घटनाओं को कम करने के लिए भी विभाग ने विशेष अभियान चला रखा है। बिजली लाइनों से सटकर बढ़ी हुई पेड़ों की डालियों की नियमित छंटाई कराई जा रही है। इसके अलावा लाइनों और उपकेंद्रों के आसपास साफ-सफाई का कार्य भी निरंतर किया जा रहा है। इससे बरसात और तेज हवाओं के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने की संभावना कम हो रही है।

शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर दिया जा रहा जोर

अधिकारियों को लगातार फील्ड निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारी उपकेंद्रों और बिजलीघरों का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जा रहे हैं कि उपभोक्ताओं को हर परिस्थिति में सुरक्षित, निरंतर और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। यूपीपीसीएल के निदेशक वितरण ज्ञानेंद्र धर द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश में लगातार डिमांड बिजली आपूर्ति की जा रही है। यूपीपीसीएल की पूरी टीम दिन-रात मेहनत कर रही है ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story