TRENDING TAGS :
UP MLC Election Result: मोदी की काशी में सपा का डंका! BJP की बड़ी हार; मेरठ में कमल का दबदबा
UP MLC Election Result 2026: वाराणसी शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने BJP के प्रमोद मिश्रा को हराया। मेरठ में भाजपा की जीत और अन्य सीटों के ताजा रुझान जानें।
UP MLC Election Results 2026: उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव की मतगणना में सियासी मुकाबला दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में समाजवादी पार्टी ने शिक्षक सीट पर जीत दर्ज कर भाजपा को बड़ा झटका दिया है। सपा के लाल बिहारी यादव ने भाजपा प्रत्याशी प्रमोद कुमार मिश्रा को बड़े अंतर से शिकस्त दी। दूसरी ओर, मेरठ में भाजपा ने शिक्षक और स्नातक, दोनों सीटों पर जीत हासिल कर अपना दबदबा कायम रखा है। इसे साथ ही भाजपा की बरेली में जीत की खबर है।
27 अक्टूबर को जारी मतगणना के रुझानों के मुताबिक, आठ सीटों पर हो रही गिनती में भाजपा दो सीटें जीत चुकी थी और चार पर आगे चल रही थी, जबकि सपा दो सीटों पर बढ़त बनाए हुए थी। वाराणसी में सपा की जीत ने भाजपा के लिए राजनीतिक चुनौती बढ़ा दी है। हालांकि, अन्य सीटों के अंतिम परिणामों और आधिकारिक घोषणाओं की पुष्टि जरूरी है।
मोदी के गढ़ काशी में सपा की बड़ी जीत, लाल बिहारी यादव ने पलटा मुकाबला
वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा को करारी शिकस्त दी। लाल बिहारी यादव को 10,958 वोट मिले, जबकि भाजपा के प्रमोद कुमार मिश्रा 6,060 वोट ही हासिल कर सके। इस तरह लाल बिहारी यादव ने 4,898 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सपा की यह जीत भाजपा के लिए अहम सियासी झटका मानी जा रही है। शिक्षक सीट पर मिली हार ने चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
UP MLC Result 12:20AM Update: लखनऊ स्नातक सीट पर सपा प्रत्याशी आगे
लखनऊ खण्ड स्नातक सीट पर भी देर रात करीब 12 बजे रुझान आने शुरू हो गए। यहां सपा की कांति सिंह 1400 वोटों से आगे चल रहीं हैं। शुरुआती रुझानों में भाजपा के अवनीश सिंह काफी पीछे हैं। प्रतापगढ़ के बैलेट बाक्स खुले हैं अभी। उम्मीद है कि यहां रातभर गिनती चलेगी।
UP MLC Result Update 12:10 AM : झांसी-इलाहाबाद सीट पर अब सपा आगे
समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मानसिंह यादव झांसी-इलाहाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में दूसरे चरण में 50 वोट से आगे हो गए हैं। दूसरे राउंड के बाद भाजपा के अशोक कुमार राठौर को 5516 वोट और सपा के मानसिंह यादव 5566 वोट मिले। अभी बाकी राउन्ड की मतगणना जारी है।
11:50 PM अपडेट: बरेली में भी बीजेपी की जीत
बरेली एमएलसी शिक्षक चुनाव में 17676 वोटों से बीजेपी डॉक्टर हरि सिंह ढिल्लों जीते। चौथे राउन्ड पर करीब 16 हजार की बढ़त के बाद उन्हें यहां से जीत हासिल हुई।
बरेली-मुरादाबाद में भाजपा की मजबूत बढ़त
बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने तीसरे राउंड की मतगणना के बाद बड़ी बढ़त बना ली। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, ढिल्लों को 14,990 वोट मिले, जबकि सपा के हाजी दानिश अख्तर को 2,742 वोट हासिल हुए। इस आधार पर भाजपा प्रत्याशी 12,248 वोटों से आगे थे।
मेरठ में भाजपा का डबल धमाका
मेरठ में भाजपा ने शिक्षक और स्नातक, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में जीत दर्ज की।
शिक्षक सीट: भाजपा के श्रीचंद अग्रवाल ने जीत हासिल की। सपा के नितिन कुमार तोमर को हार का सामना करना पड़ा।
स्नातक सीट: भाजपा के दिनेश गोयल ने सपा के प्रमेंद्र भाटी को हराकर जीत दर्ज की।
मेरठ में दोनों सीटों पर भाजपा की जीत ने पार्टी को मतगणना के दौरान बड़ी राहत दी है।
UP MLC Election Results 2026: किस सीट पर कौन आगे?
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
लखनऊ: भाजपा के उमेश द्विवेदी आगे, सपा के प्रतीक कुमार पीछे।
वाराणसी: सपा के लाल बिहारी यादव विजयी, भाजपा के प्रमोद कुमार मिश्रा पराजित।
आगरा: सपा के आकाश अग्रवाल आगे, भाजपा के हरिकिशोर पीछे।
मेरठ: भाजपा के श्रीचंद अग्रवाल विजयी।
गोरखपुर: भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी आगे, सपा के संजय त्रिपाठी पीछे।
बरेली-मुरादाबाद: भाजपा के डॉ. हरि सिंह ढिल्लों आगे।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
वाराणसी: सपा जीती
लखनऊ: रुझान उपलब्ध नहीं।
आगरा: सपा आगे।
मेरठ: भाजपा के दिनेश गोयल विजयी।
झांसी: भाजपा के अशोक राठौर आगे, सपा के मान सिंह पीछे।
आठ सीटों की मतगणना पर टिकी नजरें
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव में आठ सीटों पर मतगणना जारी होने के दौरान भाजपा ने दो सीटें जीतने के साथ चार सीटों पर बढ़त बनाई थी। वहीं, सपा दो सीटों पर आगे थी। वाराणसी शिक्षक सीट पर लाल बिहारी यादव की जीत ने मुकाबले को राजनीतिक रूप से अहम बना दिया है।
अब बाकी सीटों के अंतिम नतीजों और आधिकारिक घोषणाओं पर नजरें टिकी हैं। मतगणना पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि विधान परिषद चुनाव में भाजपा अपनी बढ़त को जीत में कितना बदल पाती है और सपा वाराणसी की जीत के बाद अन्य सीटों पर कितना प्रभाव छोड़ती है।


