Death Threat to CM Yogi: सीएम योगी को जान से मारने और राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी, UP 112 के WhatsApp पर मैसेज से मचा हड़कंप

Death Threat to CM Yogi: यूपी 112 के व्हाट्सऐप पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने और अयोध्या राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मामला दर्ज कर एटीएस और साइबर सेल आरोपी की तलाश में जुट गई हैं।

Shivam
Published on: 11 May 2026 8:21 PM IST (Updated on: 11 May 2026 8:21 PM IST)
CM Yogi Adityanath News
X

Death Threat to CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अयोध्या के भव्य राम मंदिर को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यूपी 112 मुख्यालय के सोशल मीडिया डेस्क पर एक अज्ञात मोबाइल नंबर से मैसेज भेजकर मुख्यमंत्री को 24 घंटे के भीतर जान से मारने और राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस घटना के बाद से प्रदेश का पुलिस महकमा और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं।

धमकी भरा यह मैसेज शनिवार शाम को यूपी 112 के व्हाट्सऐप डेस्क पर प्राप्त हुआ था। संवाद अधिकारी शारदा यादव ने जैसे ही इस मैसेज को देखा, उन्होंने तुरंत अपने उच्चाधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद यूपी 112 मुख्यालय के इंस्पेक्टर सहेंद्र कुमार यादव की तहरीर पर लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में संबंधित व्हाट्सऐप नंबर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने धमकी भरे मैसेज के स्क्रीनशॉट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जांच के लिए एसटीएफ और एटीएस सक्रिय

मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी कानून-व्यवस्था सहित एटीएस और सुरक्षा मुख्यालय को भी इसकी जानकारी दी गई है। आरोपी की धरपकड़ के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF), साइबर क्राइम टीम और स्थानीय पुलिस को तैनात किया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह मैसेज किस आईपी एड्रेस और लोकेशन से भेजा गया था।

हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) रल्लापल्ली बसंथ कुमार के अनुसार, साइबर सेल इस नंबर की डिटेल खंगाल रही है ताकि आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो सके। अयोध्या और मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सावधानी बरती जा रही है। सुरक्षा मुख्यालय ने एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए। फिलहाल पुलिस की कई टीमें अलग-अलग इनपुट पर काम कर रही हैं।

Shivam

Shivam

Shivam is a multimedia journalist.

Next Story