UP Power Cut: यूपी में 24 घंटे बिजली का दावा फेल, देखें टॉर्च में इलाज की हकीकत

UP Power Cut: बलिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बिजली काटने के बाद इलाज का एक वीडियो सामने आया, जिसने सबके होश उड़ा दिए हैं...

Praveen Singh
Published on: 27 May 2026 2:34 PM IST
UP Power Cut Crisis Ballia Hospital Patient Treatment by Torch Video Viral
X

UP Power Cut Crisis Ballia Hospital Patient Treatment by Torch Video Viral

UP Power Cut: इन दिनों उत्तर प्रदेश में गर्मी ने जहाँ हाहाकार मचा रखा है, वहीं कई जिलों में बिजली कटौती ने लोगों की नींद उड़ा रखी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कड़े निर्देश के बावजूद बिजली कटौती रुकने का नाम नहीं ले रही है, लेकिन इसी दौरान बलिया के अस्पताल में बिजली काटने के बाद इलाज का एक वीडियो सामने आया, जिसने सबके होश उड़ा दिए हैं।

देखें क्या था वीडियो में

बता दें कि बलिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का यह वायरल वीडियो सभी मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चल रहा है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि अँधेरा दिखाई दे रहा है। लेकिन आपको बता दें, यह वीडियो उत्तर प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल भी खोल रहा है। बलिया के इस वायरल वीडियो में साफ़ दिखाई दे रहा है कि अस्पताल में बिजली कटने के बाद मरीज का इलाज किस तरह से किया जा रहा है। आप देख सकते हैं कि मरीज लेटा हुआ है और डॉक्टर व उनके सहायक उसका इलाज टॉर्च जलाकर कर रहे हैं। अब इसे सिस्टम की नाकामी कहें या क्या कहेंगे।

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के तमाम जिलों से बिजली कटौती को लेकर हर दिन विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन के वीडियो और ख़बरें आ रही हैं। विकास की तरफ़ बढ़ते प्रदेश में जब बिजली समस्या की ऐसी ख़बरें सामने आती हैं, तो सरकार के कामकाज पर सवाल उठता ही है।

जरा सुनिए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का दावा भी

आपको बता दें कि अभी हाल में 25 मई 2026 को उत्तर प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने एक्स पर पोस्ट डालकर दावा किया था कि — “बिजली की महाआपूर्ति में यूपी नंबर 1… 31,824 MW की पीक सप्लाई थी कल रात। उत्तर प्रदेश ही नहीं, देश में किसी राज्य ने नहीं किया इतनी आपूर्ति। यह प्रदेश और देश में अब तक की सर्वाधिक है। साथ ही प्रस्थापित रोस्टर को भूलकर सर्वत्र 24 घंटे दी गई बिजली। ग्रामीण इलाकों में भी 22-साढ़े 22 घंटे दी गई बिजली। तकनीकी/प्राकृतिक या मानवजनित कारणों से आ रहे स्थानिक व्यवधानों को हल करने के लिए हमारे विद्युतकर्मी दिन-रात निष्ठापूर्वक लगे हुए हैं।”

अब ऊर्जा मंत्री का दावा कितना सच है, ये तो आप यूपी के बलिया जिले के वायरल वीडियो को देखकर समझ सकते हैं। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद CMO ने भी सफाई दी - 'जनरेटर में तेल था पर तकनीकी खराबी आ गई, जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई' और साथ ही जांच कमेटी बना दी गई है।

Admin 2

Admin 2

Next Story