Tree Planting Campaign: यूपी में चला प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महायज्ञ, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान रहा सफल

Tree Planting Campaign: उत्तर प्रदेश में प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महायज्ञ के तहत 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों ने बढ़-चढ़कर पौधारोपण किया।

Newstrack Network
Published on: 12 July 2026 8:04 PM IST (Updated on: 12 July 2026 10:44 PM IST)
Statewide tree planting Maha Yagna, Ek Tree Maa Ke Naam campaign successful in UP
X

यूपी में प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महायज्ञ, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान सफल (Photo- Social Media)

Tree Planting Campaign: उत्तर प्रदेश में प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महायज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर पौधरोपण किया गया। अभियान के तहत 'एक पेड़ मां के नाम' पहल को भी आगे बढ़ाया गया, जिसमें लोगों ने अपनी मां के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे लगाए।

'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को मिला जनसहयोग

प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महायज्ञ के दौरान 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत बड़ी संख्या में पौधरोपण किया गया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देना रहा। लोगों ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पौधे लगाए और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प भी लिया।

पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

प्रदेशभर में आयोजित इस वृक्षारोपण महायज्ञ के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। अभियान के दौरान लगाए गए पौधों के जरिए हरियाली बढ़ाने और प्रकृति को सुरक्षित रखने का आह्वान किया गया। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के माध्यम से लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम से जुड़ सकें।

प्रदेशव्यापी अभियान में लगाए गए पौधे

प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महायज्ञ के तहत विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए गए। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के माध्यम से हुए इस पौधरोपण कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पौधे लगाकर प्रकृति के संरक्षण की दिशा में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

----------------------------------

Sonbhadra News: हरियाली की नई इबारत लिखेगा सोनभद्र, एक करोड़ 67 लाख पौधों से छह बंजर पहाड़ियां बनेंगी हरे-भरे जंगल

Sonbhadra News: पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सोनभद्र ने रविवार को एक ऐतिहासिक कदम बढ़ाया। प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत जिले में एक करोड़ 67 लाख से अधिक पौधे रोपने के लक्ष्य के साथ व्यापक अभियान चलाया गया। इस बार अभियान की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि वर्षों से बंजर पड़ी जिले की छह पहाड़ियों को हरियाली से आच्छादित करने की महत्वाकांक्षी योजना पर काम शुरू कर दिया गया। आने वाले वर्षों में ये पहाड़ियां घने वृक्षों से आच्छादित होकर सोनभद्र की नई पहचान बनेंगी।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर प्रदेशभर में 35 करोड़ पौधे लगाने के महाअभियान के तहत सोनभद्र को सर्वाधिक पौधरोपण का लक्ष्य मिला। इसी क्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की पहल पर जिले की छह बंजर पहाड़ियों को अभियान में शामिल कर उन्हें हरित आवरण देने की योजना तैयार की गई। प्रशासन का मानना है कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जिले की जैव विविधता और प्राकृतिक सुंदरता को भी नया विस्तार मिलेगा।

छह बंजर पहाड़ियों पर शुरू हुई हरियाली की मुहिम

जिलाधिकारी ने बताया कि जुगैल स्थित अंबेडकर पहाड़ी, चोपन के पनारी क्षेत्र की जुड़वानी पहाड़ी, घटिहटा की गड़ई पहाड़ी, म्योरपुर के रासपहरी स्थित रासपहाड़, गंभीरपुर की सरहद पहाड़ी और दुद्धी के नगवा क्षेत्र की भवरहवा पहाड़ी पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में विकसित होने वाला हरित आवरण भविष्य में पर्यावरण संरक्षण का मजबूत आधार बनेगा।

अंबेडकर पहाड़ी से दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश

चोपन ब्लॉक के जुगैल गांव स्थित अंबेडकर पहाड़ी पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने 10 बीघा भूमि पर पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए।

राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि बढ़ती आबादी और घटते जंगल मानव जीवन के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। पेड़-पौधे ही जीवनदायिनी ऑक्सीजन का सबसे बड़ा स्रोत हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ उनकी सुरक्षा का भी संकल्प लेना चाहिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लोगों से अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधे हमें ऑक्सीजन, फल, फूल, औषधियां और इमारती लकड़ी जैसी बहुमूल्य सौगात देते हैं, इसलिए प्रकृति की रक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

पेड़ों की बारात बनी आकर्षण का केंद्र

पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम के दौरान पौधों की बारात निकाली गई, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही आम और अन्य फलदार पौधों का वितरण भी किया गया ताकि लोग अपने घरों और खेतों के आसपास पौधे लगाकर उनकी देखभाल कर सकें। जिले के सभी विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराया गया तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।


जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़ाया अभियान का उत्साह

मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने म्योरपुर के आश्रम मोड़ क्षेत्र में पौधरोपण किया। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष नंद लाल गुप्ता मौजूद रहे। सदर विधायक भूपेश चौबे ने चुर्क और रामगढ़ क्षेत्र में पौधे लगाए, जबकि घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य ने घोरावल रेंज के बेरदिया स्थित ग्राम वन वाटिका में एक हजार चिरौंजी के पौधों का रोपण किया।

कार्यक्रम में हेमंत कुमार सिंह, रविंद्र वीर सिंह, नमिता शरण, विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वृक्षारोपण महायज्ञ के इस अभियान ने यह संदेश दिया कि यदि प्रशासन और समाज मिलकर प्रयास करें तो बंजर धरती भी हरियाली की नई पहचान बन सकती है।

रिपोर्ट- मिथिलेश पाण्डेय , सोनभद्र

------------------------------------------

Gonda News: एसडीएम और ग्राम प्रधान ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण पर जोर,

Gonda News: पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ रविवार 12 जुलाई को कर्नलगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत प्रतापपुर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम नेहा मिश्रा और ग्राम प्रधान कौशलेन्द्र सिंह ने संयुक्त रूप से पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की।

हर घर में लगाएं एक पौधा, वृक्ष ही जीवन: एसडीएम नेहा मिश्रा

इस दौरान ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। एसडीएम नेहा मिश्रा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष ही जीवन हैं और आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ वातावरण देने के लिए हम सभी को आगे आना होगा।


ग्राम प्रधान कौशलेन्द्र सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे लगाए गए पौधों की देखभाल करें। इस अवसर पर पंचायत के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

रिपोर्ट- राधेश्याम मिश्र, गोंडा

---------------------------------

Mathura News: गोवर्धन पर्वत की तलहटी में न्यायमूर्ति राजीव सिंह ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Mathura News: पर्यावरण संरक्षण और ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ के तहत शनिवार को गोवर्धन पर्वत की तलहटी स्थित दानघाटी क्षेत्र में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राजीव सिंह ने विभिन्न न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

वृक्षारोपण अभियान में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नितिन कुमार, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट वरुण कौशिक, मुंसिफ मथुरा प्रत्युष आनंद मिश्रा, अपर सिविल जज महिमा जैन तथा अपर नगर मजिस्ट्रेट वृंदावन राजकुमार चौधरी भी शामिल रहे। सभी अधिकारियों ने गोवर्धन पर्वत की तलहटी में बरगद, पीपल, नीम, पाकड़, अर्जुन और जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।


इस अवसर पर न्यायमूर्ति राजीव सिंह ने कहा कि गोवर्धन पर्वत केवल एक प्राकृतिक धरोहर ही नहीं, बल्कि ब्रजवासियों की आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र है। इसकी हरियाली और प्राकृतिक स्वरूप को सुरक्षित रखना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और स्वच्छ पर्यावरण के बिना स्वस्थ भविष्य की कल्पना संभव नहीं है।

उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी उतना ही आवश्यक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधे का संरक्षण करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और आमजन से वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे प्रकृति संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

रिपोर्टर- अमित शर्मा, मथुरा

------------------------------------

Meerut News: दो विश्वविद्यालयों ने मिलकर चलाया वृहद वृक्षारोपण अभियान, 'एक पेड़ माँ के नाम' के तहत लगाया हरित संदेश

Meerut News: उत्तर प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण महाअभियान और 'एक पेड़ माँ के नाम' जन-अभियान के तहत रविवार को सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय तथा मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय ने संयुक्त रूप से बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम में दोनों विश्वविद्यालयों के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का आयोजन कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त तथा मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) दीप अहलावत के मार्गदर्शन में हुआ। राज्यपाल सचिवालय और उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस अभियान में स्थानीय जलवायु के अनुकूल पौधों का रोपण किया गया। प्रतिभागियों ने पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।


डॉ. त्रिवेणी दत्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उनके अनुसार वृक्षारोपण केवल प्रकृति की रक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान मातृभूमि, प्रकृति और मातृत्व के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) दीप अहलावत ने कहा कि वृक्षारोपण एक औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का भी आह्वान किया। उनका कहना था कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।


कार्यक्रम में दोनों विश्वविद्यालयों के कुलसचिव, वित्त अधिकारी, विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समापन पर सभी प्रतिभागियों ने अधिकाधिक वृक्षारोपण और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प दोहराया।

रिपोर्ट- सुशील कुमार, मेरठ

---------------------------------

Chandauli News: पौधारोपण महाअभियान का शुभारंभ,कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने किया आह्वान

Chandauli News: चंदौली जनाद के नौगढ़ स्थित चंद्रप्रभा वाइल्डलाइफ सेंचुरी में रविवार को प्रदेशव्यापी पौधारोपण महाअभियान का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने पीपल, पाकड़ और बरगद के पौधे लगाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए प्रत्येक नागरिक से अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की।

कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार गंभीर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दस वर्षों में प्रदेश में 250 करोड़ से अधिक पौधे लगाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी का आंदोलन है, जिसमें हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

मंत्री ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना बेहद जरूरी है। पेड़-पौधे ही हमें स्वच्छ हवा, पर्याप्त ऑक्सीजन और संतुलित पर्यावरण प्रदान करते हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

उन्होंने जानकारी दी कि चंदौली जिले में इस वर्ष 76 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें से 47 लाख पौधे लगाने की जिम्मेदारी वन विभाग को सौंपी गई है, जबकि शेष पौधारोपण विभिन्न सरकारी विभागों, संस्थाओं और जनसहभागिता के माध्यम से किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों और आमजन से सक्रिय सहयोग की अपील की।

रिपोर्टर- अश्विनी मिश्र, चंदौली

-------------------------------------

Azamgarh News: वृक्षारोपण महायज्ञ- कंट्रोल रूम से ली अभियान की प्रगति, डीएम ने दिया पर्यावरण का संदेश

Azamgarh News: आजमगढ़ जनपद मे प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी "वृक्षारोपण महायज्ञ-2026" एवं "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं जनसहभागिता से जनपद आजमगढ़ में 65 लाख पौधों का सफलतापूर्वक रोपण किया गया।

पूरे जनपद में शासन के निर्देशानुसार व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान संचालित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, छात्र-छात्राओं तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कोटवा स्थित राजकीय उद्यान एवं एसकेपी मैदान स्थित "गंभीर वन" में पौधरोपण किया तथा उपस्थित लोगों को अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन का आधार ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य की सबसे बड़ी धरोहर हैं। प्रत्येक नागरिक को पौधा लगाने के साथ-साथ उसकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।


कोटवा उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह एवं मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा ने भी पौधरोपण कर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। पौधरोपण के उपरांत जिलाधिकारी ने कोटवा स्थित राजकीय उद्यान का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने आम्रपाली आम, अमरूद सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधों एवं नर्सरी का अवलोकन किया। उन्होंने पौध उत्पादन की गुणवत्ता बनाए रखने तथा अधिकाधिक उपयोगी एवं उन्नत प्रजातियों के पौध तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उद्यान में संचालित मधुमक्खी पालन कार्य का भी निरीक्षण किया तथा इसे आयवर्धन एवं कृषि आधारित आजीविका का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए इसके विस्तार पर बल दिया।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने वन विभाग कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण कर जनपद में संचालित 65 लाख वृक्षारोपण अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अभियान की घंटेवार प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की तथा विभिन्न विभागों एवं विकासखंडों में चल रहे पौधरोपण कार्यों की सतत निगरानी की। कंट्रोल रूम में जनपद के विभिन्न स्थलों से पौधरोपण के फोटो एवं प्रगति विवरण निरंतर प्राप्त हो रहे थे, जिनका जिलाधिकारी ने अवलोकन किया ।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक रोपित पौधे की जियो-टैगिंग समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि पौधरोपण की पारदर्शी मॉनिटरिंग एवं भविष्य में पौधों के संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

पूरे जनपद में विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, सरकारी कार्यालयों, सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, वन क्षेत्रों तथा अन्य निर्धारित स्थलों पर व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया। जनसामान्य ने उत्साहपूर्वक अभियान में भाग लेते हुए "एक पेड़ मां के नाम" के संदेश को आत्मसात किया और प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लिया।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि "प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए।" उन्होंने अभियान को सफल बनाने में सभी विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आम नागरिकों के सहयोग की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

रिपोर्ट- श्रवण कुमार, आजमगढ़

--------------------------------------

Firozabad News: वृहद वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत, एक पेड़ मां के नाम अभियान में पर्यटन मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों ने किया पौधारोपण

Firozabad News: उत्तर प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत रविवार को फिरोजाबाद जनपद में एक पेड़ मां के नाम अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठा. जयवीर सिंह ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा, सदर विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर और टूंडला विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर ने भी पौधे लगाकर अभियान में सहभागिता निभाई। सभी अतिथियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।


पर्यटन मंत्री ठा. जयवीर सिंह ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम केवल पौधारोपण का अभियान नहीं, बल्कि अपनी मां और प्रकृति के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का एक भावनात्मक प्रयास है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।

जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार फिरोजाबाद जनपद में इस वर्ष सभी विभागों के सहयोग से 44 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य की प्राप्ति के लिए वन विभाग, ग्राम पंचायत, नगर निकाय, शिक्षा, कृषि, सिंचाई, लोक निर्माण, स्वास्थ्य तथा अन्य विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों का संरक्षण और नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बन सकें।

सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि हर नागरिक को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसका पालन-पोषण करे तो जनपद को हरित और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है। महापौर कामिनी राठौर ने नगर क्षेत्र में भी व्यापक स्तर पर पौधारोपण कराने की बात कही और नगरवासियों से अपने घरों, पार्कों, विद्यालयों तथा सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाने की अपील की।

टूंडला विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। वृक्ष न केवल शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण और जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रिपोर्ट- बृजेश राठौर, फ़िरोज़ाबाद

--------------------------------------

Shravasti News: वृक्षारोपण महा अभियान के माध्यम से हरित भविष्य की ओर सार्थक पहल

Shravasti News: 'एक पेड़ मां के नाम अभियान 3.0" के अंतर्गत आज जनपदीय पुलिस द्वारा वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन और हरित भविष्य के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।


अपर पुलिस अधीक्षक ने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए सभी पुलिसकर्मियों एवं आमजन से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हरियाली ही जीवन का आधार है।


इसी क्रम में जनपद के समस्त थानों, चौकियों एवं रिजर्व पुलिस लाइन में भी "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण किया गया। जनपद श्रावस्ती पुलिस ने इस अभियान को एक पर्यावरणीय संकल्प के रूप में लिया है।


वृक्षारोपण के माध्यम से हरियाली बढ़ाने, जलवायु संतुलन बनाए रखने तथा भावी पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने की दिशा में यह सार्थक पहल की गई है।

रिपोर्ट- राधेश्याम मिश्र, श्रावस्ती

----------------------------------------

Lakhimpur Kheri News: खीरी ने रचा इतिहास: एक दिन में लगाए 92.08 लाख से ज्यादा पौधे, गूंजा 'एक पेड़ मां के नाम' का संकल्प

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी: जिले में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 ('एक पेड़ मां के नाम' अभियान) का आगाज हुआ। इस दौरान राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा की अगुवाई, नोडल अधिकारी मिनिस्ती एस की देखरेख, डीएम अंजनी कुमार सिंह के कुशल निर्देशन में वन एवं वन्यजीव विभाग और अन्य राजकीय कार्यदायी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी ने तय लक्ष्य के सापेक्ष पौधों का रोपण शुरू किया।

जिले में एक दिन में लक्ष्य 92 लाख 8 हजार 800 पौधे के सापेक्ष 92 लाख 8 हजार 800 पौधे रोपकर एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक चले इस अभियान में सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों व जागरूक नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पौधों की सुरक्षा व देखभाल का संकल्प लिया।


रविवार को तहसील सदर, ब्लॉक नकहा अंतर्गत क्रमशः रवही पुल से चौका साइफन तक बायी पटरी और बेड़नापुर गो आश्रय स्थल के निकट साइट पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष राजेश वर्मा ने शुभारंभ किया। इस दौरान आयोग अध्यक्ष ने विधायक सदर योगेश वर्मा, डीएम अंजनी कुमार सिंह, डीएफओ तापस मिहिर, ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता संग फलदार, छायादार, औषधीय पौध का रोपण किया। आचार्य अनूप मिश्रा ने वैदिक मंत्र पढ़कर पूरे विधि विधान से पौधों को विधिवत् पूजा अर्चना कर मंत्रोचारित किया। वेद मन्त्रों की गूंज रही ध्वनि के बीच आयोग अध्यक्ष ने पौध का रोपण किया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अफसरो संग ग्रामवासियों को पौधा प्रदान किए।

प्रकृति संरक्षण के लिए हर नागरिक निभाए अपनी जिम्मेदारी : राजेश वर्मा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष राजेश वर्मा ने कहा कि लखीमपुर खीरी की पावन धरती और इसकी श्रेष्ठ वायु गुणवत्ता हम सबके लिए गर्व की बात है। प्रकृति और पर्यावरण संतुलन बनाने के लिए अपने दायित्व का निवर्हन करने को हर नागरिक को ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम को समर्पित पौधरोपण महाभियान से जुड़ना होगा। हर व्यक्ति को पौधा लगाने के साथ ही उसकी सुरक्षा का संकल्प भी लेना होगा। व्यापक पैमाने पर पौधरोपण के जरिये हम प्रकृति के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर वर्तमान और भावी पीढ़ी के भविष्य को उज्ज्वल बना सकते हैं।

वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाकर पौधों का करें संरक्षण : डीएम अंजनी कुमार सिंह

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि धरती से भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ नारा हमारी संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण की भावना को दर्शाता है। उन्होंने सभी से अपील की कि सिर्फ पौधे लगाएं नहीं, बल्कि उन्हें जीवित और सुरक्षित भी रखें। उन्होंने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का अभियान प्रारंभ हुआ है, जिसमें खीरी जनपद 92.08 लाख पौधों के साथ बड़ी भूमिका निभा रहा है।


धरती माता के स्वास्थ्य की रक्षा का सशक्त अभियान है ‘एक पेड़ मां के नाम’: योगेश वर्मा

विधायक सदर योगेश वर्मा ने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान केवल पौधारोपण नहीं, बल्कि धरती माता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक महायज्ञ है। उन्होंने कहा कि धरती हमें अन्न, जल, फल और जीवन जीने के लिए अनुकूल वातावरण देती है। प्रधानमंत्री के आह्वान पर शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य धरती माता के स्वास्थ्य की रक्षा करना है, जिस पर पूरी मानव जाति आश्रित है।

इसके बाद आयोग अध्यक्ष राजेश वर्मा ने विधायक सदर योगेश वर्मा, डीएम अंजनी कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता के साथ नकहा ब्लॉक के बेड़नापुर गो आश्रय स्थल में उन्होंने फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया। गो आश्रय स्थल में उन्होंने गोवंशों का पूजन कर हरा चारा और गुड़ भी खिलाया।

नोडल ने भ्रमणशील रहकर किया अभियान का अनुश्रवण, किया पौधरोपण

अभियान की नोडल अधिकारी व गन्ना आयुक्त मिनिस्ती एस ने रविवार को सीडीओ अभिषेक कुमार, डीएफओ तापस मिहिर, एसडीएम (सदर) अश्विनी कुमार सिंह, डीसीओ जितेंद्र कुमार मिश्र संग ब्लॉक फूलबेहड़ के ग्राम खंभारखेड़ा, ग्राम मैनहा और ब्लॉक लखीमपुर के ग्राम खेतोसा में फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया।

इस दौरान उन्होंने अभियान के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। नोडल अधिकारी ने कहा कि जीवन बिना वन के संभव नहीं है। धरती का श्रृंगार वृक्ष हैं, जिन्हें संकल्पित होकर बचाना होगा। सभी नागरिकों को चाहिए कि वे हर खाली भूमि पर पौध लगाएं, ताकि आने वाली पीढ़ी को एक हरा-भरा और स्वच्छ वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि धरती, पर्यावरण और भविष्य को सुरक्षित करना है तो आज ही पौधरोपण का संकल्प लें।

वन रेंजों में भी दिखा पौधरोपण महायज्ञ का उत्साह, जनप्रतिनिधियों ने रोपे पौधे, हरियाली बढ़ाने का लिया संकल्प

वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत जिले की विभिन्न वन रेंजों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों एवं वन विभाग के कर्मचारियों ने पौधरोपण किया। मैगलगंज रेंज में विधायक सौरभ सिंह सोनू एवं पूर्व राज्यसभा सांसद जुगुल किशोर, मोहम्मदी रेंज में विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने पौधों का रोपण किया।

गोला रेंज में विधायक प्रतिनिधि मोंटी गिरी व ब्लॉक प्रमुख विमल वर्मा ने हरिशंकरी पौध लगाई। उत्तर निघासन रेंज के बथुआ वन ब्लॉक में ग्रामीणों, विद्यार्थियों व जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई। विधायक मंजू त्यागी ने खंभारखेड़ा और विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने सीएचसी धौरहरा में पौधरोपण किया। सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर विभिन्न स्थलों पर छायादार, फलदार और औषधीय पौधों का रोपण किया। वन विभाग की देखरेख में चले अभियान में लोगों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया

रिपोर्ट- शरद अवस्थी, लखीमपुर खीरी

---------------------------------------------

Mathura News: 'एक पेड़ मां के नाम' सुरीर पुलिस ने पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Mathura News: मथुरा जनपद में चल रहे "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत रविवार को थाना सुरीर परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना प्रभारी अरुण कुमार डागर के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस पहल के माध्यम से पुलिस ने कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के साथ प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता भी प्रदर्शित की।


कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी अरुण कुमार डागर, हेड मोहर्रिर राजेश कुमार शर्मा, कांस्टेबल राजेश कुमार चौधरी, महिला हेड कांस्टेबल विजेता, महिला कांस्टेबल आयुषी, सिंपल, संगीता तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने थाना परिसर में पौधे लगाए। सभी ने पौधों की नियमित देखभाल और उन्हें सुरक्षित रखने का भी संकल्प लिया, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण को लाभ पहुंचा सकें।


थाना प्रभारी अरुण कुमार डागर ने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृत्व, प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वृक्ष वातावरण को शुद्ध रखने, जल संरक्षण, जैव विविधता बढ़ाने और जलवायु संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य काफी हद तक पूरा किया जा सकता है।


उन्होंने आमजन से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें जीवित रखना भी उतना ही आवश्यक है।

पुलिसकर्मियों की इस पहल से थाना परिसर में हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस स्टाफ ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने और समाज में हरित संदेश फैलाने का संकल्प लिया। अभियान के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया गया।

रिपोर्टर- अमित शर्मा, मथुरा

--------------------------------

Banda News: 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत बांदा में हुआ वृहद वृक्षारोपण

Banda News: पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से जिले में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जनप्रतिनिधियों व स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

कृषि विश्व विद्यालय,बांदा परिसर में वृहद वृक्षारोपण किया गया,जिसमें सरकारी एवं निजी संस्थानों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्कूली बच्चों तथा आम नागरिकों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि प्रत्येक व्यक्ति ने अपने द्वारा लगाए गए पौधे पर अपने नाम की पट्टिका लगाई, ताकि भविष्य में उसकी देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी तय करना है।


इस अवसर पर सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, जिला अधिकारी अमित आसेरी,नगर पालिका अध्यक्ष मालती वासु, प्रभागीय वनाधिकारी पंकज कुमार शुक्ला सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे।


सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिले भर के गांवों और कस्बों में भी "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया गया। लोगों से पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

रिपोर्टर- अनवर राजा, बांदा

-----------------------------------

Lakhimpur Kheri News: "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत किया गया वृक्षारोपण

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर-खीरी। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के मार्गदर्शन में जनपद में मिशन शक्ति अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महिला थाना प्रभारी बबिता पटेल ने काउंसलरों के सहयोग से पारिवारिक विवादों के मामलों में सुलह कराने का अभियान चलाया।

20 पारिवारिक विवादों में सुलह का प्रयास, 11 पति-पत्नी फिर हुए साथ,

इस दौरान 20 परिवारों के विवादों में समझौते का प्रयास किया गया, जिसमें 11 पति-पत्नी को आपसी सहमति के बाद साथ विदा कराकर टूटते परिवारों को बचाने का सराहनीय प्रयास किया गया। इसके साथ ही "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत महिला थाना परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।


20 मामलों में हुई काउंसलिंग, 11 जोड़ों का हुआ समझौता

पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में महिला थाना प्रभारी निरीक्षक बबिता पटेल तथा काउंसलर नीति गुप्ता, कुसुम गुप्ता और कय्यूम ज़रवानी ने दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और साझा गृहस्थी में निवास को लेकर उत्पन्न होने वाले विवादों से जुड़े प्रार्थना पत्रों पर काउंसलिंग की। इस दौरान कुल 20 मामलों में सुलह-समझौते का प्रयास किया गया। इनमें 11 पति-पत्नी ने आपसी सहमति से अपने मतभेद खत्म किए, जिसके बाद उनकी विदाई कराई गई।

चार मामलों में सोचने का समय, पांच में नहीं बन सकी सहमति

काउंसलिंग के दौरान चार ऐसे मामले सामने आए जिनमें पति-पत्नी के बीच काफी अधिक मनमुटाव था। ऐसे मामलों में दोनों पक्षों को अपने रिश्ते पर विचार करने के लिए समय दिया गया। वहीं पांच मामलों में सुलह-समझौते का प्रयास सफल नहीं हो सका।



महिला पुलिसकर्मियों ने भी निभाई अहम भूमिका

सुलह-समझौते की पूरी प्रक्रिया के दौरान महिला आरक्षी सुमन लता, सारिका चौहान, रेखा गौड़ और बबली पवार ने महत्वपूर्ण सहयोग किया। काउंसलिंग के समय दोनों पक्षों के परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे, जिससे बातचीत सकारात्मक माहौल में आगे बढ़ सकी।

"एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत किया गया वृक्षारोपण

पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के क्रम में महिला थाना प्रभारी बबिता पटेल और काउंसलरों ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत महिला थाना परिसर में वृक्षारोपण किया। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया गया।

रिपोर्ट- शरद अवस्थी, लखीमपुर खीरी

---------------------------------------------------

Mainpuri News: मैनपुरी में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृहद वृक्षारोपण, 28 एकड़ में विकसित होगा हरित क्षेत्र

Mainpuri News: मैनपुरी जनपद के विकास खंड स्थित ग्राम बड़ेरी में रविवार को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 28 एकड़ भूमि पर आयोजित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, छात्र-छात्राओं, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स, शिक्षकों, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में लगाए गए पौधों को माताओं के नाम समर्पित करते हुए उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री एवं उत्तर प्रदेश महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल पौधरोपण अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाए, तो प्रदेश को फिर से हराभरा बनाया जा सकता है। उन्होंने बच्चों द्वारा अपनी माताओं के नाम से पौधों पर लगाए गए टैग को अभियान की सबसे भावनात्मक और प्रेरणादायक पहल बताया।

जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि वृक्षारोपण को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे जनभागीदारी का स्थायी अभियान बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 28 एकड़ क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से लाखों पौधे लगाए जाएंगे। यहां नगर वन, औषधि वाटिका, नक्षत्र वाटिका, हरिशंकरी, त्रिवेणी और पंचवटी जैसी थीम आधारित हरित संरचनाएं विकसित की जाएंगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि छह माह बाद दोबारा विशेष कार्यक्रम आयोजित कर विद्यालयों के छात्र अपने लगाए गए पौधों की स्थिति का निरीक्षण करेंगे। शिक्षकों को पौधों की नियमित निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ताकि पौधों के संरक्षण और विकास को सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही जनपद के प्रत्येक विकासखंड में दो-दो आदर्श वृक्षारोपण स्थल विकसित किए जाएंगे। वन विभाग प्रत्येक स्थल की डिजिटल डायरी तैयार करेगा, जिससे पौधों की सुरक्षा, वृद्धि और आवश्यकता पड़ने पर पुनः रोपण की प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा सके।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने कहा कि बढ़ती आबादी और तेज विकास के कारण पर्यावरण संतुलन प्रभावित हुआ है। ऐसे समय में वृक्षारोपण भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित वातावरण देने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अभियान को मातृत्व सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश बताते हुए सभी नागरिकों से इसमें सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

रिपोर्ट- अशरफ अंसारी, मैनपुरी

---------------------------------------

Kanpur Dehat News: न्याय की छाँव, हरियाली की बाँह: जनपद न्यायाधीश व न्यायिक परिवार ने किया भव्य वृक्षारोपण

Kanpur Dehat News: जहाँ से न्याय की परिभाषा लिखी जाती है, वहाँ से आज पर्यावरण-रक्षा का एक बड़ा संकल्प भी सामने आया है। उच्च न्यायालय इलाहाबाद के निर्देशों के अनुपालन में रविवार को जनपद न्यायाधीश श्री रविंद्र सिंह के नेतृत्व में पूरे न्यायिक परिवार ने कचहरी व जज कॉलोनी परिसर में सघन वृक्षारोपण अभियान चलाया।


​न्याय-मंदिर से हरियाली का संदेश

​जनपद न्यायाधीश रविंद्र सिंह ने स्वयं फावड़ा उठाकर पौधरोपण कर इस महाअभियान का शुभारंभ किया। उनकी इस सादगी और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता की कचहरी परिसर में

मुक्त कंठ से सराहना हुई। इस अवसर पर रविंद्र सिंह ने कहा — ​“जिस तरह न्याय सबको समान छाँव देता है, उसी तरह पेड़ भी बिना किसी भेदभाव के सबको प्राण-वायु देता है। आने वाली पीढ़ी के प्रति पर्यावरण की रक्षा करना भी एक प्रकार का सामाजिक न्याय ही है।”

​DLSA अध्यक्ष की सक्रिय भागीदारी बनी मिसाल

अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) कानपुर देहात के अध्यक्ष व जनपद न्यायाधीश की सक्रिय सहभागिता विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। उन्होंने केवल पौधे ही नहीं रोपे, बल्कि विधिक सेवा व न्याय विभाग के कर्मचारियों को प्रत्येक पौधे को ‘गोद लेने’ और उनकी देखभाल करने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि स्वच्छ पर्यावरण हर नागरिक का मौलिक अधिकार है, और इसकी रक्षा करना हम सबका नैतिक कर्तव्य है।


​इन वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

​इस वृहद वृक्षारोपण अभियान में जनपद के वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिनमें मुख्य रूप से शामिल रहे:

​शरद त्रिपाठी ( अपर जिला जज-13)

​पीयूष तिवारी ( अपर जिला जज-14)

​सुरेंद्र सिंह (अपर जिला जज कोर्ट संख्या-15)

​आनंद प्रिय गौतम ( न्यायिक अधिकारी)

इनके साथ ही जनपद के अन्य सम्मानित न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्ता समुदाय और न्याय विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर परिसर में विभिन्न प्रकार के छायादार, फलदार और औषधीय पौधों का रोपण किया।

'फैसले' से 'फर्ज' तक का सफर

​कचहरी परिसर, जहाँ अमूमन रोज़ाना कानूनी फैसले लिखे जाते हैं, वहाँ आज भविष्य की हरियाली की इबारत लिखी गई। अधिवक्ताओं और स्थानीय प्रबुद्ध वर्ग ने जिला जज व अन्य न्यायिक अधिकारियों की इस पहल की सराहना करते हुए इसे ‘न्यायपालिका के सामाजिक सरोकार’ का एक जीवंत उदाहरण बताया। इस अभियान ने संदेश दिया कि न्यायपालिका का दायरा केवल न्यायालय कक्ष तक सीमित नहीं है, बल्कि वह समाज और प्रकृति दोनों के प्रति उतनी ही उत्तरदायी है।

​संवाददाता संदेश: ‘एक पेड़ न्याय के नाम — ताकि कल की सांस भी सुरक्षित रहे।’

रिपोर्ट- मनोज सिंह, कानपुर देहात

---------------------------------------------

Banda News: एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के तहत न्यायालय में जिला जज ने किया वृक्षारोपण

-एक पेड़ मां के नाम एक पेड़ पिता के नाम सहित सैकड़ों पेड़ लगाए गए।



-इस कार्यक्रम में मौजूद रहे जिला जज सहित जनपद के सभी जज।


-एक पेड़ मां के नाम वृक्ष लगाओ अभियान कार्यक्रम बांदा न्यायालय में प्रांगण में आयोजन हुआ।

रिपोर्ट- अनवर रजा, बांदा

----------------------------

Jhansi News: एक पेड़ मां के नाम" लगाकर बुन्देलखण्ड को बनाए हरा भरा: उप मुख्यमंत्री

Jhansi News: झांसी। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद झांसी में रानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज प्रांगण में हरित प्रदेश उत्तर प्रदेश "एक पेड़ मां के नाम" अभियान का समस्त जन प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों संग विधिवत पूजा अर्चना करते हुए शुभारंभ किया।

वृहत वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों सहित स्वयं सहायता समूह की 100 दीदियों सहित वृक्षारोपण किया और उन्होंने आवाहन करते हुए कहा कि जो पेड़ लगाया गया है वह जीवित रहे, इसे अवश्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनपद में आज 01 करोड़ 03 लाख पौधों का रोपण किए जाने पर शुभकामनाएँ दीं और सभी पौधों की सुरक्षा करने के भी निर्देश दिए।


वृक्षारोपण कार्यक्रम के पश्चात रानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ माँ के नाम' महाभियान से प्रेरित 'वृक्षारोपण महायज्ञ- 2026' के अन्तर्गत आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों, स्वयं सहायता समूह की दीदियों एवं उपस्थित जनमानस व अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के निर्देशन में आज प्रदेश में 35 करोड़ पौधों का रोपण कर एक इतिहास रचा जा रहा है, इसमें हम सभी भागीदार बने। उन्होंने बताया कि उक्त कार्यक्रम में दोपहर 12 बजे तक संपूर्ण प्रदेश में 17 करोड़ पौधों का रोपण किया जा चुका है।

विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को किया लाभान्वित, "एक पेड़ माँ के नाम" सहजन लगाने का किया अनुरोध

उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग की चर्चा अभी नगर विधायक रवि शर्मा द्वारा की गई, यह एक दुनिया के सामने बड़ा संकट है। भारत हर संकट का बहुत ही दृढ़ता के साथ सामना करते हुए बाहर निकलने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सम्पूर्ण भारतवासियों का आह्वान किया कि "एक पेड़ माँ के नाम" लगाने और उसको बचाने का आह्वान किया जो एक अच्छा प्रयास है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से 2026 अब तक जितने भी वृक्षों का रोपण किया गया है, उन्हें बचाने के प्रयासों में कोई कमी नहीं आई, इसे अवश्य सुनिश्चित किया जाए।

ग्लोबल वार्मिंग की एक वजह यह भी है कि हमारे लोगों ने समय पर ध्यान नहीं दिया और ऐसे वृक्षों की कटान का काम शुरू कर दिया जिन्हें हमें नहीं काटना चाहिए था, उन्होंने कहा लकड़ियों के सामान बनाने में इनकी जरूरत है, हमने फलदार वृक्षों को काट डाला। हमें जो नहीं काटना चाहिए था उनको ही काट डाला इसलिए इस प्रकार की समस्या आ रही है। उन्होंने कहा कि आज यह अभियान बहुत सही समय पर प्रारंभ हुआ है क्योंकि अभी अभी वर्षा हो गई है, जो वृक्ष लगाने हैं। आप उन्हें संतान की तरह उसकी परवरिश करें। उन्होंने कहा, यदि कोई माँ अपने बच्चे का सही लालन पालन न करें। उसकी सेवा न करें तो क्या वह सुरक्षित रह सकता है? बच्चे की जीवन यात्रा को आगे बढ़ा सकता है, नहीं। उन्होंने किसानों को पीएम सूर्य घर का योजना का लाभ लेने का आह्वान किया, जिसके माध्यम से नलकूप संचालित होंगे और बिजली का बिल भी नहीं आएगा।

इस दौरान 110 स्वयं सहायता समूहों को 01.50 लाख रुपए की धनराशि से कुल 01 करोड़ 65 लाख का चेक एवं 277 स्वयं सहायता समूहों को 30000 रूपए की धनराशि से कुल 83.10 लाख की धनराशि का रिवॉल्विंग फंड का चेक वितरित किया। इसके अतिरिक्त 05 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री आवास की चाबी सौंपी गई,09 सखियों को उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही तीन ग्राम प्रधान, जिन्होंने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया, उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस दौरान वृक्षारोपण महायज्ञ में उत्कृष्ट कार्य करने पर हेल्पिंग हैंड सेवा संस्थान के अध्यक्ष सत्येंद्र श्रीवास्तव, मानवता की ओर एक कदम एवं गौरैया बचाव अभियान अध्यक्ष जन जगमोहन बड़ौनिया, लार्ड महाकालेश्वर इंटर कॉलेज बाहर खण्डे बड़ा गेट झाँसी प्रबंधक विशाल गुप्ता सहित पेंटिंग प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों। निबंध प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों सहित तीन वन विभाग के अधिकारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। 'एक पेड़ माँ के नाम' पौधारोपण अभियान के अंतर्गत एक पौधा रोपित किया तथा इस पौधरोपण महायज्ञ के संदेश को झांसीवासियों तक पहुंचाने हेतु वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ लिमिटेड के सभापति (दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री) जमुना प्रसाद कुशवाहा, महापौर बिहारी लाल आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, विधान परिषद के सदस्यगण डॉ. बाबू लाल तिवारी, राम तीर्थ सिंघल, विधायकगण राजीव सिंह 'पारीछा', जवाहर लाल राजपूत, डॉ. रश्मि आर्य, जनप्रतिनिधिगण एवं अन्य प्रतिष्ठित जनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।


"एक पेड़ माँ के नाम" बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरांग राठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति, मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, मुख्य वन संरक्षक एच वी गिरीश, बुन्देलखण्ड जोन, वन संरक्षक महावीर कौलजगी, प्रभागीय वनाधिकारी विकास यादव, सीएमओ डॉ0 शिशिर पुरी, उप प्रभागीय वनाधिकारी संतोष कुमार, उप प्रभागीय वनाधिकारी ए के जैन, झांसी, राज नारायण यादव, क्षेत्रीय वन अधिकारी विमलेश कुमार, राजकुमार सहित वन विभाग के समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण, एनजीओ, स्थानीय वन्यजीव/पर्यावरण प्रेमीयों सहित सभ्रांत जनों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

रिपोर्ट- गौरव कुशवाहा, झांसी

-----------------------------------






Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story