TRENDING TAGS :
UP News: यूपी के सभी 75 जिलों की मतदाता सूची की होगी जांच, 48 घंटे में रिपोर्ट तलब
UP News: पीलीभीत की मतदाता सूची में EPIC नंबर से ऑनलाइन दूसरे मतदाता का विवरण सामने आने के मामले में जांच के निर्देश दिए गए हैं। यूपी के सभी 75 जिलों से 48 घंटे में रिपोर्ट मांगी गई है।
UP Voter List Irregularity (Image Credit-Ashutosh Tripathi)
लखनऊ, 21 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जांच के निर्देश दिए हैं। पीलीभीत जिले की विधानसभा सीट संख्या 127 की मतदाता सूची में कुछ मतदाताओं के EPIC नंबर ऑनलाइन सर्च करने पर दूसरे मतदाताओं का विवरण सामने आया। जिला निर्वाचन अधिकारी की जांच में इस गड़बड़ी की पुष्टि हुई है। इसके बाद अब पूरे पीलीभीत जिले की मतदाता सूची की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में भी मतदाता सूचियों की गहन जांच कर 48 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
कांग्रेस ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सार्वजनिक किए सबूत
कांग्रेस ने बुधवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी से जुड़े सबूत सार्वजनिक किए। मामला सामने आने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पीलीभीत के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और वीआरसी ऑपरेटर को मतदाता सूची से संबंधित कार्यों से तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं।
दोनों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 32 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई करने को भी कहा गया है।
सहायक निर्वाचन अधिकारियों की जवाबदेही भी होगी तय
मामले में केवल संबंधित अधिकारियों को हटाने तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी गई है। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के लिए भी रिपोर्ट मांगी गई है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची तैयार करने और उससे जुड़े कार्यों में हुई गड़बड़ी के लिए जिम्मेदारी निर्धारित करना है।
सभी 75 जिलों की मतदाता सूचियों की होगी जांच
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जांच का दायरा पीलीभीत से आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश के सभी जिलों की मतदाता सूचियों की गहन जांच कराने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलों को 48 घंटे के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी।
जांच के दौरान मतदाता सूची में EPIC नंबर और ऑनलाइन उपलब्ध विवरण के बीच किसी तरह की विसंगति की पड़ताल की जाएगी। पीलीभीत में सामने आए मामले के बाद प्रदेशभर में ऐसी गड़बड़ियों की जांच के निर्देश दिए गए हैं।


