UP Weather Alert: यूपी में 65 की रफ्तार से आएगा तूफान, इन जिलों में बदलेगा मौसम का मिजाज, जानें अपने जिले का हाल

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मौसम ने बदला रुख। कई जिलों में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट, वहीं पूर्वी यूपी में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी।

Aditya Kumar Verma
Published on: 17 May 2026 11:19 AM IST
UP Weather Alert
X

Image Source- Ai

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में 17 मई यानी आज से मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भीषण गर्मी, लू, तेज हवाएं और कहीं-कहीं बारिश का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी और मध्य यूपी में गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाएगी, जबकि पूर्वी जिलों में मौसम अचानक करवट ले सकता है। साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेह में तेज आंधी की भी आशंका जताई गई है।

लखनऊ से वाराणसी तक पड़ेगी तेज गर्मी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, लखनऊ, नोएडा, आगरा, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत कई शहरों में दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है, जिसकी वजह से लोगों को उमस और तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

वहीं दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक कई इलाकों में लू जैसे हालात बन सकते हैं। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। डॉक्टर भी लगातार लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीने और तेज धूप से बचने की सलाह दे रहे हैं।

तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट

रिपोर्ट्स के मुताबी, एक तरफ जहां दिन में तेज गर्मी लोगों को परेशान करेगी, वहीं दूसरी तरफ शाम के समय पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

बताया जा रहा है कि इस समय कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार काफी तेज हो सकती है। इसकी वजह से पेड़ गिरने और बिजली सप्लाई प्रभावित होने जैसी दिक्कतें भी सामने आ सकती हैं। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

रहेगा गर्मी और बारिश का मिला-जुला असर

वहीं इस बाबत मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश में गर्मी और बदले हुए मौसम का मिला-जुला असर बना रहेगा। दिन में तेज धूप और उमस लोगों को परेशान करेगी, जबकि शाम के समय कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी और हल्की बारिश राहत दे सकती है। हालांकि बारिश के बाद उमस बढ़ने की संभावना भी बनी हुई है, जिससे लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी आंधी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। आगरा, मथुरा, कानपुर, कुशीनगर, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, आजमगढ़, सोनभद्र, मऊ, बलिया, कौशाम्बी, फतेहपुर और बलरामपुर में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी दी गई है।

इन इलाकों में 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार 16 और 17 मई को कई जगहों पर मौसम अचानक खराब हो सकता है।

दी गई सावधानी बरतने की सलाह

वहीं इस परिस्थिति को देखेते हुए मौसम विभाग ने किसानों को भी सतर्क रहने को कहा है। तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए फसलों और खुले में रखे सामान को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

वहीं यात्रा करने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले अपने जिले का ताजा मौसम अपडेट जरूर देखने को कहा गया है, ताकि खराब मौसम की स्थिति में परेशानी से बचा जा सके।

बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के सिस्टम से बढ़ी हलचल

अब इस अलर्ट की जड़ पर नजर डालें तो, मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अभी प्री-मानसून आने में समय है, लेकिन बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बन रहे मौसम सिस्टम की वजह से वातावरण में हलचल बढ़ गई है। इसी कारण उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अचानक मौसम बदलने जैसी स्थिति बन रही है।

Aditya Kumar Verma

Aditya Kumar Verma

Mail ID - adityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा न्यूजट्रैक में कंटेंट राइटर हैं। ये लगभग आठ वर्ष से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story